नेहा सिंह राठौर वाले मामले में एबीपी की कार्रवाई, तीन कर्मचारियों पर गिरेजी गाज 

राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस मामले में चैनल से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है.

WrittenBy:आकांख्या राउत
Date:
Article image

लोक गायिका और व्यंग्यकार नेहा सिंह राठौर को लेकर एक आपत्तिजनक और फर्जी वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले ने तूल पकड़ा तो एबीपी न्यूज़ को दबाव में एक अहम कदम उठाना पड़ा है. हालांकि, ये जानकारी सूत्रों के जरिए आ रही है और आधिकारिक तौर पर समाचार समूह की ओर से इस बारे में कोई घोषणा नहीं की गई है. गौरतलब है कि आधिकारिक तौर पर चैनल की तरफ से अब तक केवल माफीनाम ही प्रसारित किया गया है. 

सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एबीपी ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का मन बनाया है. जिसमें वीडियो प्रोडक्शन हेड, वीडियो शिफ्ट इंचार्ज और यूट्यूब शॉर्ट्स इंचार्ज शामिल हैं. 

मालूम हो कि एबीपी न्यूज़ ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नेहा सिंह को लेकर एक वीडियो प्रसारित किया था. जिसमें दावा था कि जिस हॉस्टल में नेहा सिंह राठौर रहती थीं, वहां सेक्स रैकेट चल रहा है और पुलिस ने उस पर छापा मारा है. जानकारी के मुताबिक, पहले इस वीडियो को एक सोशल मीडिया यूज़र (हिंदुस्तान की आर्मी) ने इस दावे के साथ प्रसारित किया था. जिसे बाद में एबीपी वालों ने ज्यों का त्यों प्रसारित कर दिया. इस मामले में चैनल की तरफ से नेहा का पक्ष लेने की भी कोशिश नहीं की गई.  

इसके बाद जैसे ही नेहा ने यह वीडियो देखा उन्होंने तुरंत एबीपी न्यूज़ के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट रजनीश आहूजा को फोन किया. नेहा ने सवाल किया कि उनके चैनल ने ऐसा वीडियो किस आधार पर अपलोड किया. नेहा ने रजनीश से हुई बातचीत का वीडियो सार्वजनिक भी किया.  

चैनल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि न्यूज़रूम में लगातार 'व्यूज़' यानि ख़बरों को वायरल करने का प्रेशर बना रहता है. वहीं, इस मामले में महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए चैनल से 15 दिन में कार्रवाई की जानकारी मांगी है. 

माफीनाम काफी नहीं- नेहा

वहीं, नेहा का कहना है कि इस मामले में चैनल की ओर से दिया गया माफीनामा काफी नहीं है. वह चैनल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी.  

उन्होंने बताया कि वीडियो में इस्तेमाल किया गया वीडियो साल 2024 में एक स्पा सेंटर पर पड़े पुलिस छापे से संबंधित था. वहीं, वीडियो में इस्तेमाल की गई उनकी तस्वीर तीन साल पहले खुद एबीपी ने तब खींची थी, जब उन्हें इंटरव्यू के लिए चैनल पर बुलाया गया था. 

उन्होंने कहा, "यह तस्वीर उन्होंने तब ली थी जब मैं उनके चैनल पर इंटरव्यू देने गई थी. अब उसी तस्वीर का इस्तेमाल इस फर्जी वीडियो में कर लिया गया. इनकी हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी."

चैनल के माफीनामे पर प्रतिक्रिया देते हुए नेहा ने कहा, "इस माफ़ी का मैं क्या करूँ? मेरी गरिमा को ठेस पहुंची है. यह कोई साधारण गलती नहीं थी. यह किसी नाम की स्पेलिंग गलत लिख देने जैसा मामला नहीं है. उन्होंने मेरी तस्वीर इस्तेमाल की और वीडियो में ऐसा टेक्स्ट जोड़ा, जिसमें मेरा नाम भी था."

‘न्यूज़रूम पर व्यूज़ का दबाव’

चैनल से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि हर घंटे व्यूज़ का हिसाब मांगा जाता है. यूट्यूब पर व्यूज़ बढ़ाने का दबाव इतना ज़्यादा है कि कई प्रोड्यूसर्स को भी शॉर्ट वीडियो एडिट करने में लगाया जा रहा है. कुल पांच लोगों की टीम ये शॉर्ट वीडियो का काम करती है.

सूत्र ने दावा किया कि डाटा विंग द्वारा हर घंटे व्यूज़ और एंगेजमेंट के आंकड़े मांगे जाते हैं. इसने न्यूज़रूम में दबाव पैदा कर दिया है. जिसके चलते ख़बरों की विश्वनीयता प्रभावित हो रही है. 

न्यूज़लॉन्ड्री ने रजनीश आहूजा से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनसे बात नहीं हो सकी. ऐसे में उन्हें ईमेल के ज़रिए सवाल भेजे गए हैं. उनका जवाब मिलने पर इस रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा.

Also see
article imageएबीपी न्यूज़ ने हटाया भाजपा नेता आरके सिंह के इंटरव्यू का वीडियो, अडाणी को लेकर थे आरोप
article imageबारामासा पर हमला: विज्ञापन बंदरबांट स्टोरी का नतीजा, एबीपी न्यूज़ का कॉपीराइट स्ट्राइक और एआई वीडियो से चरित्र हनन

Comments

We take comments from subscribers only!  Subscribe now to post comments! 
Already a subscriber?  Login


You may also like