प्रसार भारती फिल्म ‘आखिरी सवाल’ की सह-निर्माता है. फिल्म ने सिनेमाघरों में मात्र 2.45 करोड़ रुपये ही कमाए.
14 मई, 2026 को दिल्ली में एक फिल्म का प्रीमियर हुआ. खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म की स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म देखी. अगले दिन 15 मई से यह जनता के लिए सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई. इससे पहले फिल्म का लंबा चौड़ा प्रमोशन हुआ. लेकिन इन सबके बावजूद फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिली.
हम बात कर रहे हैं. संजय दत्त स्टारर ‘आखिरी सवाल’ की. फिल्म का निर्माण निखिल नंदा और संजय दत्त ने निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स और नीम ट्री एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है. इसके निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग हैं, जिनकी पिछली फिल्म 'पिकासो' को 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘विशेष उल्लेख’ मिला था.
फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी के हैं, संगीत मोंटी शर्मा का है और गीत कुमार विश्वास ने लिखे हैं. संजय दत्त के अलावा फिल्म में नमाशी चक्रवर्ती, अमित साध, समीरा रेड्डी, नीतू चंद्रा, त्रिधा चौधरी, मृणाल कुलकर्णी, निखिल नंदा, अर्चना अय्यर और बिपिन नाडकर्णी हैं.
फिल्म की कहानी एक युवा शोधार्थी विक्की हेगड़े (नमाशी चक्रवर्ती) और उसके प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी (संजय दत्त) के बीच बहस की है. यह बहस आरएसएस से जुड़े पांच विवादित सवालों पर होती है, जिनमें गांधी की हत्या में उसकी कथित भूमिका, बाबरी मस्जिद विध्वंस और आपातकाल आदि शामिल हैं. फिल्म के प्रमोशन के दौरान पोस्टर्स पर भी यही पांच सवाल थे.
खबरों के मुताबिक फिल्म ने सिनेमाघरों में मात्र 2.45 करोड़ रुपये कमाए. बॉलीवुड हंगामा के बॉक्स-ऑफिस आंकड़े इसे ‘फ्लॉप फिल्म’ की श्रेणी में रखते हैं. बताया जाता है कि इसे बनाने में करीब 30 करोड़ रुपये लगे थे. सामान्य तौर पर यह ऐसा घाटा है जिसकी भरपाई मुश्किल है.
लेकिन प्रसार भारती ने शायद इसे इस नज़र से नहीं देखा.
दरअसल, सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के ‘कंटेंट सोर्सिंग डिवीज़न’ के दस्तावेज़ों पर गई हमारी नजर बताती है कि जून, 2026 तक प्रसार भारती इस फिल्म पर 4.28 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है, और मार्च, 2027 तक 4.65 करोड़ रुपये और खर्च करेगा. इस तरह इस फिल्म पर कुल खर्च 8.93 करोड़ रुपये प्रसार भारती खर्च कर रहा है. वहीं, फिल्म में प्रसार भारती का नाम सह-निर्माता के रूप में दिखता है.
लेकिन प्रसार भारती इस फिल्म से कब जुड़ा? ये पैसे उसने फिल्म निर्माण के लिए दिए हैं या फिर उसके प्रसारण के लिए?

Independent journalism is not possible until you pitch in. We have seen what happens in ad-funded models: Journalism takes a backseat and gets sacrificed at the altar of clicks and TRPs.
Stories like these cost perseverance, time, and resources. Subscribe now to power our journalism.
Annual auto-renew
Annual auto-renew
Already a subscriber? Login