मतगणना के शुरुआती रुझान अगर नतीजों में बदलते हैं तो यह काफी चौंकाने वाले राजनीतिक परिणाम होंगे.
देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है. रुझानों में बंगाल में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन टीएमसी भी बहुत पीछे नहीं है. वहीं, केरल में यूडीएफ गठबंधन बढ़त बनाता दिख रहा है. असम में भाजपा जीत की तरफ बढ़ रही है. इसके अलावा पुड्डुचेरी में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस फिलहाल आगे चल रही है.
पश्चिम बंगाल: भाजपा की बड़ी बढ़त
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के रुझानों में भाजपा 181 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ऊपर है. वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस लगभग 92 सीटों पर आगे है.
अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा. बंगाल लंबे समय से भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है. भवानीपुर सीट से खुद ममता बनर्जी कड़े मुकाबले में हैं. शुरुआती राउंड में पीछे रहने के बाद उन्होंने बढ़त बनाई है, लेकिन अंतर अभी भी बहुत कम है और स्थिति बदल सकती है.
पानीहाटी में आरजी कर अस्पताल रेप और मर्डर केस की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ, जो भाजपा उम्मीदवार हैं, शुरुआती राउंड में आगे चल रही हैं. वहीं झारग्राम (जंगलमहल क्षेत्र) में भाजपा के लक्ष्मी कांत सौ करीब 14,000 वोटों से आगे हैं, जो टीएमसी के पारंपरिक गढ़ में बदलाव का संकेत देता है.
तमिलनाडु: विजय की पार्टी का चौंकाने वाला प्रदर्शन
तमिलनाडु में रुझानों ने सभी पूर्वानुमानों को उलट दिया है. तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके), जो अपना पहला चुनाव लड़ रही है, 234 में से 104 सीटों पर आगे है.
दूसरे स्थान पर एआईएडीएमके गठबंधन 60 सीटों पर आगे है, जबकि सत्ताधारी डीएमके, कांग्रेस और डीएमडीके के साथ गठबंधन में होने के बावजूद तीसरे स्थान पर खिसक गई है. यह खासा चौंकाने वाला है, क्योंकि ज्यादातर एग्जिट पोल डीएमके को बढ़त दे रहे थे.
मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन कोलाथुर सीट से पीछे चल रहे हैं, जहां टीवीके के वीएस बाबू उनसे आगे हैं. वहीं उधयनिधि स्टालिन चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट से मामूली बढ़त बनाए हुए हैं.
विजय खुद भी दोनों सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. तिरुचिरापल्ली (पूर्व) में वे डीएमके के एस. इनिगो इरुदयाराज से आगे हैं, जबकि पेरम्बूर में भी वे शुरुआती राउंड में बढ़त बनाए हुए हैं.
अगर ये शुरुआती रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं, तो यह न सिर्फ पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का संकेत होगा, बल्कि तमिलनाडु में एक नई राजनीतिक ताकत के उभरने की कहानी भी लिख सकता है.

असम में भाजपा को पूर्ण बहुमत के रुझान
126 सीटों वाली असस विधानसभा में इस बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है. यहां फिलहाल 78 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी, 24 सीटों पर कांग्रेस, 10 पर बोडोलैंड पीपल फ्रंट, 9 पर असम गण परिषद के उम्मीदवार आगे हैं. इसके अलावा ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और राइजोर दल के उम्मीदवार 2-2 सीटों पर आगे हैं.
केरल में कांग्रेस गठबंधन की जीत
केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) बढ़त बनाए हुए हैं. 140 सीटों वाली इस विधानसभा में चुनाव आयोग के मुताबिक, फिलहाल कांग्रेस 63, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) 25, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 23, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया 9, केरला कांग्रेस 7, रेवोल्यूशनिस्ट सोशलिस्ट पार्टी 3, भारतीय जनता पार्टी 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल, रेवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, केरला कांग्रेस (जैकब), कम्यूनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी केरला स्टेट कमेटी 1-1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है. इसके अलावा 4 निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं.
पुड्डुचेरी में एआईएनआर कांग्रेस को बढ़त
पुड्डेचेरी में कांग्रेस और भाजपा क्षेत्रीय दल ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस से काफी पीछे चल रहे हैं. 30 सदस्यों वाली विधानसभा में 17 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं. जिनमें से 9 पर एआईएनआर कांग्रेस, तीन सीटों पर निर्दलीय और दो पर भाजपा बढ़त लिए हुए है. इसके अलावा कांग्रेस, एआईडीएमके और डीएमके 1-1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है.
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक, एक गहन चुनावी विश्लेषण के लिए जुड़िए और देखिए हमारा लाइव शो.
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल: टुडेज़ चाणक्य का भाजपा को स्पष्ट बहुमत, एक्सिस का आंकड़े जारी करने से इनकार
एग्जिट पोल्स: असम- बंगाल में भाजपा, तमिलनाडू में डीएमके और केरल में कांग्रेस गठबंधन की सरकार