Khabar Baazi
रोज़नामचा: भाजपा का घोषणा पत्र और ईरान का इजरायल पर हमला
आज सभी अख़बारों ने भाजपा के जारी किए गए घोषणा पत्र को अपनी प्रमुख ख़बर के रूप में चुना है. इसके अलावा पश्चिम एशिया में चल रहे तनावपूर्ण स्थिति के ताजा मामले में ईरान द्वारा इजरायल पर हमले की ख़बर को भी अखबारों ने जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने भाजपा के घोषणापत्र जारी किए जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, भाजपा ने घोषणा पत्र जारी करने के लिए अंबेडकर जयंती का दिन चुना. घोषणा पत्र में जन कल्याणकारी योजनाओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें बढ़ाने की बात की गई है. इनमें आयुष्मान भारत योजना में 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को शामिल करना, तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, स्तन और सर्वाइकल कैंसर के साथ आस्टिओपोरोसिस की रोकथाम, पारदर्शी और बिना लीक पेपर कराए जाने समेत अन्य योजनाओं का वादा किया है.
ईरान द्वारा इजरायल पर हमले की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, ईरान ने 300 से अधिक ड्रोन हमले किए. इजरायल ने बताया की लगभग 99 प्रतिशत मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. ये पहला मौका था जब ईरान ने इजरायल पर सीधा हमला किया. ईरान ने यह हमला सीरिया के दश्मिक में ईरानी दूतावास पर हुए इजरायली हमले के जवाब में किया. इजरायल ने भी जवाबी कारवाई करने की चेतावनी दी है.
इसके अलावा सरबजीत की जेल में पीटकर हत्या करने वाले सरफराज तांबा की हत्या और दिल्ली के उत्तर पूर्वी सीट पर कन्हैया कुमार को कांग्रेस से टिकट मिलने आदि ख़बर को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने भाजपा के घोषणापत्र जारी करने को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा पत्र जारी किया. मोदी की गारंटी शीर्षक वाले घोषणा पत्र में एनआरसी जैसे मुद्दे से बचने की कोशिश की गई. हालांकि पार्टी ने यूसीसी और एक राष्ट्र एक चुनाव को लागू करने की प्रतिबद्धता दिखाई. इसके अलावा आयुष्मान भारत में 70 वर्ष से ज्यादा के बुजुर्ग, खेलों की स्थिति सुधारने के लिए मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र और पूर्वोत्तर राज्यों में चरणबद्ध तरीके से अफस्पा हटाए जाने का वादा किया.
कांग्रेस के दिल्ली की सीटों पर टिकट जारी करने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. कांग्रेस ने दिल्ली उत्तर पूर्व सीट पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया कुमार को टिकट दिया है. वहीं चांदनी चौक से जयप्रकाश जायसवाल तथा उत्तर पश्चिम से उदितराज को टिकट दिया है. वहीं जालंधर से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को टिकट दिया.
इसके अलावा इजरायल पर ईरान के हमले, पंजाब के नांगल में विहिप नेता की गोली मारकर हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी के बाद बढ़ी सुरक्षा और पाकिस्तान जेल में बंद रहे सरबजीत सिंह पर हमला करके उनकी जान लेने वाले सरफराज की गोली मारकर हत्या आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने भाजपा के जारी किए गए घोषणा पत्र को प्रमुख सुर्खी बनाया है.घोषणा पत्र में 70 से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल करने, यूसीसी लागू करने, 5 साल तक फ्री राशन मिलते रहने, गरीबों के लिए 3 करोड़ घरों का निर्माण, बुलेट ट्रेन के विस्तार और मुद्रा लोन की राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख करने समेत कई वादे किए हैं.
इजरायल पर ईरान के हमले की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ईरान ने इजरायल पर 300 से अधिक ड्रोन, बैलेस्टिक और क्रूज मिसाइल दागे. इजरायल के प्रवक्ता के मुताबिक 99 प्रतिशत मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. इसके बाद दोनों देशों में युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है.
दिल्ली से कन्हैया और उदितराज को कांग्रेस से टिकट मिलने, सरबजीत सिंह के कातिल की पाकिस्तान में हत्या, अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू होने, अभिनेता सलमान खान के घर सुरक्षा बढ़ाए जाने की ख़बर को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.
अमर उजाला अख़बार ने भी भाजपा के घोषणा पत्र को ही पहली ख़बर के रूप में चुना है. भाजपा के घोषणा पत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), एक देश - एक चुनाव, 5 साल तक गरीबों को मुफ़्त राशन, देश की सभी दिशाओं में बुलेट ट्रेन, 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों और ट्रांसजेन्डरों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल करने जैसे वादे किये. साथ ही गरीबों के लिए तीन करोड़ पक्के घर बनाने, पाइपलाइन के जरिए घरों में सस्ती रसोई गैस पहुंचाने, पेपर लीक पर कड़े कानून बनाने फसलों की एमएसपी बढ़ाने जैसे कई वादे किए.
रविवार सुबह सुबह ईरान ने इजरायल पर 331 ड्रोन मिसाइलों से हमला कर दिया. इजरायल ने बताया कि लगभग 99 प्रतिशत मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बदले की कार्यवाई करने की चेतावनी दी है. इस ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से छापा है.
इसके अलावा अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा बढ़ाए जाने और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर कूटनीति से समाधान तलाशने के भारत कि सलाह आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अन्य अख़बारों की तरह ही पंजाब केसरी ने भी भाजपा के घोषणा पत्र को पहली ख़बर के रूप में चुना है. वहीं ईरान के इजरायल पर ड्रोन हमले की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
इसके अलावा सरबजीत सिंह की हत्या करने वाले की हत्या, दिल्ली में उत्तर पूर्व सीट से मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया कुमार को टिकट और अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी के बाद बढ़ी सुरक्षा को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage