Khabar Baazi
रोज़नामचा: आज से अयोध्या में अनुष्ठान और यात्री ने को-पायलट को पीटा
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहींं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदिवासी न्याय महाअभियान के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए दिए बयान तो किसी ने यात्री द्वारा को-पायलट को थप्पड़ मारने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए दिए बयान पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, इन लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत पहली किस्त जारी करने के बाद पीएम ने कहा कि त्रेता युग में राजा राम की कथा हो या कि राज कथा, यह गरीब, वंचित और जनजातीय लोगों के कल्याण के बिना संभव नहीं है. सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है. इसी का नतीजा है कि जिन्हें किसी ने नहीं पूछा उन्हें मोदी पूछता भी है और पूजता भी है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के 10 वर्ष गरीबों को समर्पित रहे.
अयोध्या में राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की श्यामल प्रतिमा के विराजने और आज से अनुष्ठान शुरू होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कर्नाटक के प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगिराज द्वारा बनाए गए इस विग्रह पर सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने मुहर लगा दी. वहीं, अनुष्ठान मंगलवार से शुरू हो जाएंगे जो 21 जनवरी तक चलेंगे. तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में रामलला की मूर्ति की पूजा अर्चना की जा रही है, उन्हें भी नए मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा और नई प्रतिमा के साथ-साथ उनकी भी पूजा अर्चना की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि 20-21 जनवरी को आम लोगों के लिए रामलला के दर्शन बंद रहेंगे.
इसके अलावा अधूरे केवाईसी वाले फास्टैग 31 जनवरी के बाद होंगे निष्क्रिय, सचिन तेंदुलकर गेमिंग एप पर हुए डीप फेक के शिकार, देरी पर उड़ान रद्द कर सकेंगी कंपनियां और अपने जन्मदिन के मौके पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की दी जानकारी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के एक लाख लाभार्थियों को संबोधित किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सोमवार को उन्होंने लाभार्थियों को योजना की पहली किस्त जारी करने के बाद संबोधन के दौरान अपनी सरकार में गरीब, वंचितों, वनवासियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का हवाला दिया. पीएम ने कहा कि राम की कथा माता शबरी के बिना संभव ही नहीं है. साथ ही कहा कि आज देश में वह सरकार है जो सबसे पहले गरीबों व सुदूर जंगलों में रहने वालों के बारे में सोचती है.
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उड़ान के विलंब से गुस्साए यात्री द्वारा को-पायलट को पीटे जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, गोवा जा रहे इंडिगो विमान में लगातार देरी होने से गुस्साए यात्री ने आप खो दिया और को-पायलट के मुंह पर मुक्का जड़ दिया. आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी साहिल कटियार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. विमान से उतारकर पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बाद में जामनत पर छोड़ दिया. साहिल दिल्ली का रहने वाला है. उसका अपना कारोबार है. कई दिनों से कोहरे के कारण विमान घंटों विलंब से उड़ान भर रहे हैं.
इसके अलावा मायावती ने कहा-बसपा के हित में नहीं करेंगे किसी से गठबंधन, 31 के बाद नहीं चलेंगे अधूरे केवाईसी वाले फास्टैग और नौ वर्षों में देश के 25 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने अयोध्या में आज से प्राण प्रतिष्ठा को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान मंगलवार से आरंभ हो जायेगा और 21 जारी तक जारी रहेगा. रामलला की प्रतिमा 18 जनवरी को गर्भगृह में निर्धारित आसन पर स्थापित कर दी जाएगी. पिछले 70 वर्षों से पूजित वर्तमान प्रतिमा को भी गर्भगृह में ही रखा जाएगा. जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने समारोह का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया.
नौ वर्षों में 24.82 करोड़ भारतियों के गरीबी से बाहर आने की नीति आयोग की रिपोर्ट को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, नीति आयोग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बीते नौ वर्षों में गरीबों की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. इनमें करीब छह करोड़ लोग यूपी के हैं. रिपोर्ट में गरीबी के विभिन्न पहलू शामिल हैं. नीति आयोग की सोमवार को जारी भारत में 2005-06 से बहुआयामी गरीबी रिपोर्ट में यह दावा किया गया है.
इसके अलावा दिल्ली में ठंड व कोहरे के कारण 400 उड़ानें प्रभावित और 100 ट्रेनें भी लेट, किसी से गठबंधन नहीं करेगी बसपा अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव और उड़ान में 11 घंटे की देरी से गुस्साए यात्री ने पायलट को मारा मुक्का आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने उत्तर भारत में तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड से निजात नहीं मिलने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में भीषण शीतलहर जारी है. सोमवार को दिल्ली में जहां इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा वहीं पंजाब व राजस्थान में पारा शून्य से भी नीचे चला गया. सर्दी को लेकर नारंगी चेतावनी जारी की गई है. भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी. विभाग ने कहा कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के इन मैदानी इलाकों में गंभीर शीतलहर जारी रहने और उसके बाद इसमें कमी होने की संभावना है.
भारत-रूस के रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने की सहमति बनने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतिन से बात की और इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए एक खाका विकसित करने पर सहमत हुए. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में यह जानकारी दी. बयान के अनुसार मोदी ने कहा कि पुतिन के साथ उनकी अच्छी बातचीत हुई और उन्होंने 2024 में ब्रिक्स की रूस की अध्यक्षता सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया.
इसके अलावा अयोध्या में प्राणप्रतिष्ठा व पूजन विधि अनुष्ठान आज से, राहुल गांधी ने कहा मणिपुर को फिर से शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण बनाना चाहता हूं, लोकसभा चुनाव में अकेले लड़ेगी बसपा, ईडी ने धनशोधन मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री धर्मसोत को गिरफ्तार किया और उड़ान में देरी से नाराज यात्री ने पायलट पर किया हमला आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने फ्लाइट के देरी से उड़ान भरने के चलते गुस्साए यात्री द्वारा को पायलट से मारपीट किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कोहरे की वजह से काफी सारी उड़ाने लेट हो रही हैं. उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में है. इस लेटलतीफी की वजह से कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भड़ास निकाली. वहीं, मारपीट का वीडियो वायरल होते ही केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हरकत में आए और आईजीआई अथॉरिटी को चौथा रनवे शुरू करने का आदेश दिया. उसके बाद डीजीसीए ने भी विमान कंपनियों के लिए भी नई एसओपी जारी कर दी. इसमें निर्देश दिए हैं कि यदि फ्लाइट में 3 घंटे से ज्यादा देरी हो तो उसे रद्द कर दें और देरी की जानकारी रियल टाइम में उपलब्ध कराएं.
आज से अनुष्ठान शुरू होने व कल रामलला के मंदिर में प्रवेश किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, रामलला की प्राणप्रतिष्ठा के अभूतपूर्व समारोह की रूपरेखा सामने आ गई है. 16 जनवरी से इसके अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे. 18 को रामलला की 150-200 किलो की श्यामवर्ण मूर्ति गर्भगृह में विराजित होगी. यह मूर्ति कर्नाटक के अरुण योगीराज ने बनाई है. 115 मिनट का प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा. इसमें 40 मिनट पूजा होगी फिर पीएम नरेंद्र मोदी, संघ प्रमुख मोहन भागवत व ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास विचार रखेंगे. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने यह जानकारी दी है.
इसके अलावा बसपा अकेले लड़ेगी लोकसभा का चुनाव, केवाईसी अधूरा तो 31 के बाद नहीं चलेगा फास्टटैग, आदि कैलाश की यात्रा इस बार 13 मई से होगी शुरू और सचिन तेंदुलकर भी बने डीप फेक के शिकार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra