Khabar Baazi
रोज़नामचा: भाजपा की 3 राज्यों में प्रचंड जीत और तेलंगाना में कांग्रेस ने मारी बाजी
हिंदी के सभी प्रमुख अख़बारों ने आज भाजपा को तीन राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कांग्रेस को तेलंगाना में मिली जीत की ख़बर को सुर्खी बनाया है. जीत के बाद पीएम मोदी के भाषण को भी अख़बारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिन्दुस्तान अख़बार ने इस जीत पर 'हिंदी पट्टी में प्रचंड मोदी लहर' शीर्षक के साथ ख़बर प्रकाशित की है. अख़बार ने लिखा कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में से चार के नतीजे रविवार को आ गए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रचंड लहर पर सवार भाजपा ने हिंदी पट्टी के तीन राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को मात देकर जबरदस्त जीत हासिल की. दूसरी और तेलंगाना में कांग्रेस ने भारत राष्ट्र समिति को हरा जादुई आंकड़ा हासिल किया. इसके अलावा अख़बार ने पीएम मोदी के भाषण को भी विस्तार से छापा है.
दैनिक जागरण अख़बार ने 'मोदी पर ही भरोसा' शीर्षक से खब़र को प्रकाशित किया है. अख़बार लिखता है भाजपा ने अगले लोकसभा चुनाव से पहले हिंदी पट्टी के तीन बड़े राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत के साथ 2024 के महासंग्राम के लिए अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है. वहीं उत्तर भारत के राज्यों में करारी शिकस्त से मायूस कांग्रेस को दक्षिणी राज्य तेलंगाना में जीत का सहारा मिला है.
इसके अलावा पीएम मोदी के भाषण को 'यह हैट्रिक 2024 की हैट्रिक की गारंटी: मोदी' शीर्षक से छापा है, जिसमें उन्होंने भाजपा की जीत को गरीबों, वंचितों, किसानों, महिलाओं और युवाओं की जीत बताया है. साथ ही विपक्षी दलों को भी चेतावनी दी है कि सुधर जाओ वरना जनता साफ कर देगी.
अमर उजाला अख़बार ने इसी ख़बर को 'मोदी मेलोडी' शीर्षक से प्रकाशित किया है. अख़बार ने पीएम मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा की साथ में तस्वीर छापी है. जिसमें तीनों नेता पीएम मोदी को माला पहनाते हुए नज़र आ रहे हैं.
अमर उजाला ने लिखा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने विपक्षियों के सपने चूर कर दिए. भाजपा ने चार राज्यों में से तीन में स्पष्ट बहुमत हासिल कर बता दिया कि जनता के मन में कौन है. नतीजों ने विपक्ष की रणनीति व एका को तार-तार कर दिया है, तो भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले नई ऊर्जा से भर दिया है.
वहीं दैनिक भास्कर अख़बार ने पीएम मोदी की तस्वीर को पहले पन्ने पर जगह देते हुए 'मोदी की गारंटी पर मुहर' शीर्षक से ख़बर प्रकाशित की है. चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 3 में प्रचंड बहुमत मिला है. चौथे में भी सीटें 8 गुना और वोट शेयर दोगुना बढ़ा. सबसे बड़ी वजह पीएम मोदी. क्योंकि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने सीएम चेहरा घोषित नहीं किया था, चुनाव मोदी के चेहरे पर ही लड़ा गया. ख़बर के नीचले हिस्से में राहुल गांधी के एक्स पर दिए बयान को भी जगह दी है.
इसके अलावा अख़बार ने विपक्षी दलों के 2024 के लिए बने गठबंधन को लेकर भी ख़बर प्रकाशित की है. जिसका शीर्षक है, मुश्किल में कांग्रेस, 'इंडिया' में बढ़ेगा क्षेत्रीय दलों का दबदबा'.
जनसत्ता अख़बार ने पीएम मोदी की बड़ी सी तस्वीर के साथ 'खिला कमल' शीर्षक से ख़बर प्रकाशित की है. वहीं साइड में तेलंगाना के काग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी की छोटी सी तस्वीर को भी जगह दी है. जिसका शीर्षक है, 'तेलंगाना में कांग्रेस को सांत्वना पुरस्कार, पार्टी की ऐतिहासिक जीत'
अख़बार ने पीएम मोदी के दिए भाषण को भी प्रमुखता से छापा है. लिखा है कि पीएम मोदी ने कहा, ये नतीजे लोकसभा चुनाव में भाजपा की 'जीत की तिकड़ी की गारंटी'.
Also Read
-
Health insurance reform should cut costs, not shift them on to patients
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
The curious case of protesters’ missing phones: Neither FIR for ‘snatching’, nor memo for ‘seizure’
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables