Report
मणिपुर: एक और महिला ने दी गैंगरेप की शिकायत, मामला दर्ज
मणिपुर में हिंसा के दौरान एक और महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है. एक मैती युवती ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कुछ ‘कुकी गुंडों’ ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया. वह 3 मई को चूड़ाचांदपुर जिले में हुई हिंसा के दौरान भीड़ से बचने की कोशिश कर रही थी. फिलहाल, पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है.
बिष्णुपुर के एसपी रॉनी मायेंगम ने बताया कि पुलिस ने जीरो ‘एफआईआर’ दर्ज करने के बाद मामला चूड़ाचांदपुर के महिला थाने को भेज दिया है, क्योंकि घटना उसी थाने के इलाके में हुई है. युवती की शिकायत पर 9 अगस्त, बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 354 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया.
न्यूज़लॉन्ड्री को मिली जानकारी के मुताबिक, हिंसक भीड़ ने युवती का घर जला दिया था और वह जान बचाकर भाग रही थी.
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने लिखा, "मैंने अपनी भतीजी को पीठ पर उठा रखा था और मेरे दोनों बेटे भी साथ ही थे. घर से कुछ आधा किलोमीटर चलने के बाद मैं ठोकर खाकर सड़क पर गिर गई. तभी भीड़ ने मुझे दबोच लिया. कुछ कुकी गुंडों ने भी उनका साथ दिया. इसके बाद मैं बेहोश हो गई और जब होश आया तो एक घर में थी."
वहीं, इस दौरान पीड़ित युवती की भाभी ने बच्चों को भीड़ से बचा लिया.
एफआईआर के मुताबिक, पीड़ित युवती अभी तक शिकायत इस मामले की शिकायत इसीलिए दर्ज नहीं करवा पाई क्योंकि वह खुद को और परिवार को समाजिक बहिष्कार से बचाना चाह रही थी.
शिकायत की मानें तो बलात्कार की घटना के बाद युवती एक सरकारी अस्पताल भी गई थी लेकिन डॉक्टर से मुलाकात नहीं की, क्योंकि वह तब खुद के साथ हुए इस हादसे को बताने की हालत में नहीं थी. जब उसकी तकलीफ बढ़ने लगी तो 8 अगस्त को युवती एक दूसरे अस्पताल पहुंची.
बिष्णुपुर के एसपी ने इस मामले पर कहा, "महिला मैती समुदाय से है और 3 मई को उसके साथ बलात्कार हुआ. गत बुधवार, 9 अगस्त को शाम के करीब साढ़े चार बजे इस मामले की शिकायत यहां के महिला थाने में दर्ज की गई. जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद मामला चूड़ाचांदपुर के महिला थाने को ट्रांसफर कर दिया क्योंकि घटना उसी थाने के इलाके में हुई है."
एसपी ने बताया कि महिला पर भीड़ ने तब हमला कर दिया जब वह हिंसाग्रस्त चूड़ाचांदपुर से निकलने का प्रयास कर रही थी.’
इस रिपोर्ट को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
Also Read
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage