Media
केजरीवाल-मान की प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यू इंडियन एक्सप्रेस और द प्रिंट के फोटोग्राफर को जाने से रोका
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की. यह कॉन्फ्रेंस दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर बुलाई गई थी.
इसे कवर करने के लिए सभी मीडिया संस्थानों के पत्रकार पहुंचे, लेकिन इसमें द न्यू इंडियन एक्सप्रेस और द प्रिंट के फोटोग्राफर्स को इस प्रेसवार्ता को कवर करने से रोक दिया गया. जबकि इससे पहले एक नवंबर को हुई मुख्यमंत्री की प्रेस वार्ता में इन्हें जाने दिया गया था.
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के फोटग्राफर शेखर ने बताया, “मैं हॉल में पहुंचा, जहां प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली थी. थोड़ी देर बाद आम आदमी पार्टी का एक कार्यकर्ता आया और बोला कि आप न्यू इंडियन एक्सप्रेस से हैं, आप बाहर आ जाइए.”
कारण पूछने पर फोटोग्राफर को बताया गया कि “पार्टी के तरफ से कहा गया है, आप को एंट्री नहीं है.” वहीं द प्रिंट के फोटोग्राफर सूरज बिष्ट को गेट से अंदर घुसने भी नहीं दिया गया.
वह कहते हैं, "जब मैं गेट पर गया तो सुरक्षाकर्मियों ने मेरा आईडी कार्ड मांगा. वह कार्ड लेकर अंदर पार्टी की मीडिया टीम के पास गए, वापस आए तो उन्होंने कहा कि आप नहीं जा सकते."
सूरज ने बताया कि सुरक्षाकर्मी द्वारा आईडी कार्ड को आम आदमी पार्टी की मीडिया टीम के सदस्य के पास लेकर जाने के बाद उन्हें रोक दिया गया. सूरज ने घनश्याम कौशिक और आप की मीडिया टीम के सदस्यों को फोन भी किया, लेकिन तब भी उन्हें अंदर नहीं आने दिया गया.
द प्रिंट के नेशनल फोटो एडिटर प्रवीण जैन कहते हैं, "पॉलिटिक्स से हमारा क्या मतलब? हमारा काम तो बस फोटो लेना है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में घुसने न देना, यह बहुत गलत है. जब आपने मीडिया को बुलाया है तो उन्हें आने दो."
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की ग्रुप एडिटर सांत्वना भट्टाचार्य ने फोटोग्राफर्स को प्रवेश नहीं देने को लेकर ट्वीट किया. उन्होंने कहा, “सेंसरशिप के रास्ते पर चली गई आप. हमारे फोटोग्राफर्स को प्रवेश क्यों नहीं दिया गया? क्या हमारी शराब घोटाले और हवाला कांड रिपोर्ट्स की वजह से ऐसा किया गया?”
बता दें कि न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने हाल ही में आप नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को लेकर एक खबर प्रकाशित की थी. इस रिपोर्ट के अनुसार तिहाड़ जेल में ठग सुकेश चंद्रशेखर ने मंत्री सत्येंद्र जैन को जेल में प्रोटेक्शन मनी के तौर पर 50 करोड़ रुपए दिए थे.
फोटोग्राफर्स को अंदर नहीं आने देने के सवाल पर जब न्यूज़लॉन्ड्री ने घनश्याम कौशिक से सवाल किया तो उन्होंने कहा, “मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता.” जबकि फोटोग्राफर सूरज बिष्ट ने बताया कि घनश्याम प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context