Khabar Baazi
दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन गिरफ्तार, लंबे समय से चल रही थी जांच
आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया. उनकी गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई है. फर्जी कंपनियों के जरिए लेन-देन के आरोप में गिरफ्तार जैन को पहले हिरासत में लिया गया था. ईडी ने उनसे पूछताछ की और फिर गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में उनसे काफी समय से पूछताछ चल रही थी.
बता दें कि सत्येंद्र जैन दिल्ली सरकार का एक बड़ा चेहरा हैं. सात कैबिनेट मंत्रियों में से एक जैन दिल्ली के स्वास्थ्य, बिजली, गृह, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), उद्योग, शहरी विकास, बाढ़, सिंचाई और जल मंत्री हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में ईडी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई करते हुए उनके परिवार से जुड़ी संपत्ति कुर्क की गई थी. ईडी ने एक बयान में कहा था कि उसने संपत्तियों की कुर्की के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक अस्थायी आदेश जारी किया है.
लगभग 4.81 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्तियां अकिंचन डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, इंडो मेटल इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड, पर्यास इंफोसोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, मंगलायतन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, जेजे आइडियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, और उनकी संबंधी पत्नी स्वाति जैन, सुशीला जैन और पत्नी इंदु जैन से संबंधित हैं.
हिंदुस्तान लाइव की खबर के मुताबिक अधिकारियों ने बताया था कि कुर्की आदेश में नामित व्यक्ति जैन के सहयोगी और परिवार के सदस्य हैं. आप नेता के खिलाफ धनशोधन का ईडी का मामला अगस्त 2017 में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से उनके और अन्य के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है.
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास ने एएनआई के एक ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है, "यह केस जब पहली बार आया था तो मैंने भरी PAC में सत्येंद्र जैन से जवाब मांगा था. बौने ने उसे सपत्नीक मेरे सामने रोने-धोने के लिए बिठाया. मैंने कहा निजी सम्बन्ध अपनी जगह पर इसका जवाब दो,तो आजकल पंजाब का वसूली-प्रमुख बना नया “चिंटू” कागज फैलाकर बोला “सर मैं CA हूं, कोई गड़बड़ नहीं है.”
वहीं दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस गिरफ्तारी का विरोध किया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ आठ साल से एक फर्जी केस चलाया जा रहा है. अभी तक कई बार ईडी बुला चुकी है. बीच में कई साल ईडी ने बुलाना भी बंद कर दिया था क्योंकि उन्हें कुछ मिला ही नहीं. अब फिर शुरू कर दिया क्योंकि सत्येंद्र जैन हिमाचल के इलेक्शन इंचार्ज हैं.
सिसोदिया ने आगे ट्ववीट कर कहा कि हिमाचल में बीजेपी बुरी तरह से हार रही है. इसीलिए सत्येंद्र जैन को आज गिरफ्तार किया गया है ताकि वो हिमाचल न जा सकें. जैन कुछ दिनों में छूट जाएंगे क्योंकि केस बिल्कुल फर्जी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ‘27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth
-
Why the location of a protest matters