Khabar Baazi
पत्रकार का दावा- हरियाणा में मीडिया को मैनेज करने के लिए 'आप' कर रही पत्रकारों से संपर्क
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद अब राजनीतिक पार्टियों ने अन्य राज्यों पर फोकस करना शुरू कर दिया है. ऐसे में आम आदमी पार्टी (आप) जिसने पंजाब में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, उसने अब हरियाणा में अपना प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है.
दावा किया जा रहा है कि आप ने हरियाणा में अपनी पैठ बढ़ाने के लिए कई मीडियाकर्मियों से संपर्क किया है ताकि चुनावों में इसका फायदा मिल सके.
हरियाणा के रहने वाले स्वतंत्र पत्रकार मनदीप पुनिया ने एक ट्वीट कर बताया कि आम आदमी पार्टी राज्य में बड़ा इन्वेस्टमेंट करने जा रही है और उन्हें भी चैनल खुलवाने का ऑफर दिया जा रहा है.
वह लिखते हैं, “आम आदमी पार्टी वाले हरियाणा मीडिया में बड़ा इन्वेस्टमेंट करने जा रहे हैं. तीन बार मुझे खुद फोन आ गया है. उधर से आवाज आती है, भाईसाब से मिलवा देते हैं, आ जाओ. वो आपका चैनल चलवाना चाहते हैं, जो खर्च होगा वो देख लेंगे.”
मनदीप ने आगे लिखा, “पंजाब के कई चैनल जिन्होंने पंजाब चुनाव में इनका साथ दिया था, अब हरियाणा में भी अपने चैनल लॉन्च करने जा रहे हैं.”
ट्वीट कर जानकारी साझा करने वाले पत्रकार मनदीप न्यूज़लॉन्ड्री से बातचीत में कहते हैं, ”दो-तीन बार फोन आ चुका है. मुझसे ऑनलाइन चैनल खुलवाने के लिए कहा गया. साथ में खर्चा भी दिया जाएगा. फिर जैसे-जैसे चैनल आगे बढ़ेगा और मदद दी जाएगी.”
क्या यह बात पार्टी के किसी नेता द्वारा की गई, इस सवाल पर वह कहते हैं, “पार्टी के नेता इस तरह फोन लगाकर ऑफर नहीं देते हैं. यह सब उनके साथ काम करने वाले लोग करते हैं. मुझे यह फोन मीडिया में काम रहे दूसरे साथियों ने किया है.”
मनदीप का दावा है कि, “आप ने पंजाब में करीब 150 करोड़ रुपए मीडिया को मैनेज करने के लिए खर्च किए हैं. मीडिया के मेरे कुछ जानने वाले साथी जिन्होंने पंजाब चुनावों के दौरान अपना काम शुरू किया था, अब वह लोग हरियाणा में भी आ रहे है.”
बता दें कि पंजाब में जीत के बाद से ही आम आदमी पार्टी ने हरियाणा पर फोकस करना शुरू कर दिया है. पार्टी ने प्रदेश की सभी इकाईयों को भंग कर दिया है साथ ही राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता को प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज को चुनाव प्रभारी बनाया है.
इससे पहले भी आम आदमी पार्टी पर मीडिया को मैनेज करने के आरोप लगते रहे हैं. पंजाब चुनावों में भी ऐसे आरोप लगे थे. न्यूज़लॉन्ड्री ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज को पत्रकार द्वारा लगाए गए आरोपों पर जवाब के लिए संपर्क किया लेकिन उनकी तरफ से कोई उत्तर नहीं आया.
बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में अभी टाइम है. वहा चुनाव 2024 में होंगे. लेकिन आम आदमी पार्टी ने राज्य में अभी से चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
Also Read
-
‘Was just trying to pass water’: Jamia detentions and campus shutdown deepen standoff over union
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
Will Gen Z vote out the BJP in ‘27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth