Report
सिंघु बॉर्डर: किसान आंदोलन में निहंगों ने युवक की हत्या कर शव को बैरिकेड से लटकाया
तीन कृषि कानूनों के विरोध में सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन से आज हैरान कर देने वाली खबर आई है. सिंघु बॉर्डर पर निहंगों ने एक युवक की बेरहमी के साथ हत्या कर दी है. यही नहीं निहंगों ने हत्या के बाद युवक का शव किसान आंदोलन के मंच के सामने लटका दिया. इस घटना से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं. जिसमें युवक का हाथ काट दिया गया है, जो उसके शरीर के पास ही पड़ा है. साथ ही पैर और गर्दन पर भी वार किए गए. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इस दौरान सिख समुदाय के काफी लोग यह होते हुए देख रहे हैं. जबकि कई इस घटना की वीडियो बना रहे हैं.
वीडियो में हाथ में डंडा उठाए एक व्यक्ति दावा कर रहा है कि बृहस्पतिवार रात 3:30 बजे घोड़ों की सेवा कर रहे निहंगों ने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करते युवक को पकड़ा. इसके बाद निहंगों ने युवक का एक हाथ और एक टांग काट दी. वीडियो में आगे कहा गया है कि यदि आज बेअदबी हो जाती तो लोग कहते कि खुद तंबुओं में बैठे हैं और इन्हें गुरु महाराज की कोई परवाह नहीं है. वह पुलिस को भी धमकाते हुए नजर आजे हैं कि पुलिस आएगी जो अपनी कार्रवाई करनी है कर ले, हमें किसी का डर नहीं. बेअदबी करने पर इसका एक हाथ और एक टांग काट दी है, आज इसे यहीं मार डालेंगे.
मृतक की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के चीमा के लखबीर सिंह के रूप में हुई है. 35 वर्षीय युवक पर गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक निहंगों के एक समूह ने दावा किया है कि उन्होंने एक वीडियो बनाया है जिसमें मृतक व्यक्ति ने यह स्वीकार किया है कि उसे 30 हजार रुपए देने के बदले गुरु ग्रंथ साहिब को अपवित्र करके माहौल को बिगाड़ने के लिए किसानों के धरनास्थल पर भेजा गया था.
रिपोर्ट के मुताबिक सोनीपत के डीएसपी हंसराज ने कहा, शुक्रवार सुबह 5 बजे थाना कुंडली में सूचना मिली थी कि सिंघु बॉर्डर किसान आंदोलन में स्टेज के पास एक व्यक्ति के हाथ-पैर काटकर उसके शव को लटकाया हुआ है. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की. मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Also Read
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage