Report
मुस्लिम महिलाओं का नंबर और पता सार्वजनिक करने वाला कुनाल कहां है?
हाल ही में मुस्लिम महिलाओं की इंटरनेट पर बोली लगाई जा रही थी. चार जुलाई को गिटहब का उपयोग करके 'सुल्ली डील्स' नामक एक एप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड की गईं और उनकी बोली लगाई गई. इन महिलाओं में मुस्लिम छात्राएं, कार्यकर्ता, पत्रकार, आदि शामिल थीं. इस एप का एकमात्र उद्देश्य मुस्लिम महिलाओं की नीलामी करना था. मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की थी. वहीं एक अन्य मामले में इंटरनेट पर मुस्लिम महिलाओं को परेशान किया जा रहा है. उनकी तस्वीरें और फोन नंबर सार्वजनिक किये गए हैं.
मामला 11 जुलाई का है. सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट के मुताबिक कुनाल शर्मा नाम के युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट की. जिसमें लिखा था, 'मुस्लिम लड़कियों से शादी करो. उसे सरकारी प्रॉपर्टी समझकर यूज़ करो. खुद भी मज़ा लो. दूसरों को भी दिलवाओ. सबका साथ सबका विकास तभी होगा." ऐसा करने के लिए कुनाल शर्मा ने बकायदा ऑनलाइन एक लिस्ट भी जारी की.
'मुस्लिम लड़की पटाओ अभियान' इस लिस्ट का शीर्षक है. इस लिस्ट में मुस्लिम महिलाओं के नाम, फ़ोन नंबर और पता लिखा है. लिस्ट के अंत में लिखा है, ‘डेडिकेटिड टू ऑल हिन्दू बॉयज' यह लिस्ट अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
कुनाल शर्मा के परिचय में लिखा है, “हिन्दू होना भाग्य है, पर कट्टर हिन्दू होना सौभाग्य है, मुसलमान विरोधी, मुझे मुल्लों से दिक्कत है. उनकी लड़कियों से प्यार है.”
कुनाल शर्मा की प्रोफाइल पर उनकी तस्वीर लगी है. इस तस्वीर में वो श्रृंगी यादव के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं. बता दें कि यति नरसिंहानंद सरवस्वती का शिष्य श्रृंगी यादव कुछ महीने पहले मीडिया की नज़र में आया था. श्रृंगी यादव ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के डासना में शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में एक प्यासे मुस्लिम बच्चे के साथ मंदिर में पानी पीने को लेकर मारपीट की थी. जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई लेकिन अब जमानत पर बाहर है. कुनाल शर्मा की श्रृंगी यादव के साथ तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर पर यूज़र्स ने गाज़ियाबाद पुलिस को टैग करना शुरू कर दिया.
इसके बाद गाज़ियाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक बयान जारी किया और कहा कि यह मामला दिल्ली पुलिस का है. बयान में लिखा गया, "सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा की गई आपत्तिजनक पोस्ट का संबंध जनपद गाज़ियाबाद से बताते हुए वायरल किया जा रहा है. आपत्तिजनक पोस्ट का तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रकरण के संबंध में जांच की गई तो यह तथ्य प्रकाश में आया कि आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक दिल्ली का रहने वाला है. आवश्यक कार्रवाई हेतु दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया है."
मामले में अब तक क्या हुआ यह जानने के लिए न्यूज़लॉन्ड्री ने गाज़ियाबाद एडिशनल एसपी इराज राजा से बात की. उन्होंने बताया, "गाज़ियाबाद से इस मामले का कोई संबंध नहीं है. हमने दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी है. लड़का शाहदरा का रहने वाला है." दिल्ली पुलिस के किस विभाग या थाने को मामला सौंपा गया है? इस सवाल पर इराज राजा कहते हैं, "हमने दिल्ली पुलिस को केस ट्रांसफर कर दिया है. दिल्ली का अपना सिस्टम है जो गाज़ियाबाद से अलग है. मैं पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता मामला किसको ट्रांसफर किया गया है."
जब हमने डीसीपी शाहदरा से बात की तो उन्होंने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके पास नहीं आया है.
न्यूज़लॉन्ड्री ने दिल्ली पुलिस साइबर सेल से बात की. यहां मौजूद राजीव कहते हैं, "हमें इस मामले का नहीं पता. 'सुल्ली डील्स' वाला मामला ज़रूर आया था. लेकिन कुनाल शर्मा के मामले के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है."
न्यूज़लॉन्ड्री ने सूची में लिखे नाम सादिया और सारा से बात की है. बरेली की रहने वाली 24 वर्षीय सारा (बदला नाम) दिल्ली में अपने रिश्तेदारों के साथ रहती हैं. कुछ दिन पहले उन्हें एक संदिग्ध कॉल आया था. सारा कहती हैं, "करीब दो हफ्ते पहले मुझे के व्यक्ति का यूहीं कॉल आया था. उसने मुझे बताया था कि मेरा फोन नंबर सोशल मीडिया पर है. इससे ज़्यादा उसने मुझे कोई जानकारी नहीं दी. मैं किसी कुनाल शर्मा को नहीं जानती."
36 वर्षीय सादिया (बदला नाम) शादीशुदा हैं. उनका मोबाइल फोन ज़्यादातर उनके पति के पास ही रहता है. सादिया को इसकी बिलकुल जानकारी नहीं है कि उनका नंबर सार्वजनिक किया गया है. "मुझे इसकी भनक नहीं है कि मेरा मोबाइल नंबर इस तरह सोशल मीडिया पर घूम रहा है. मेरा मोबाइल फोन मेरे पति के पास रहता है. कभी- कभार मैं ले लेती हूं. अगर ऐसा वैसा कोई कॉल आया भी होगा तो मुझे नहीं पता. मैं शाहदरा की रहने वाली हूं लेकिन किसी कुनाल शर्मा को नहीं जानती." सादिया ने कहा.
अदब ए हिन्दुस्तान के ट्विटर हैंडल से भी यह सूची जारी की गई थी. जारी करने वाले अदब न्यूजलॉन्ड्री से बातचीत में कहते हैं, "करीब डेढ़ महीने पहले मुझे उसके (कुनाल शर्मा) बारे में पता चला था. कुछ दोस्तों ने मुझे बताया कि वह कुछ लोगों से मुस्लिम लड़कियों का नंबर मांग रहा है और बदले में कुछ नंबर भी दे रहा है. तब से हम उस पर नजर रख रहे थे."
मामला 12 जुलाई को यह कहकर गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा ट्रांसफर किया गया था कि इस पर दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. लेकिन मामला किस विभाग और थाने को दिया गया इसकी जानकारी किसी को भी नहीं है. मुस्लिम महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी और उनकी पहचान सार्वजनिक करने का आरोपी कुनाल शर्मा कहां है इसका किसी को पता नहीं है.
Also Read
-
‘Was just trying to pass water’: Jamia detentions and campus shutdown deepen standoff over union
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
Will Gen Z vote out the BJP in ‘27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth