Khabar Baazi
असम-बंगाल में भाजपा सरकार, तमिलनाडू और केरल में उलटफेर, पुड्डुचेरी में एनडीए
देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है. असम में भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है. वहीं, बंगाल में भी वह निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है. वहीं, केरल में यूडीएफ गठबंधन को जीत मिली है. इसके अलावा पुड्डुचेरी में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के साथ एनडीए को जीत मिली है.
पश्चिम बंगाल: भाजपा बड़ी जीत की तरफ
ख़बर लिखे जाने तक पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है. यहां भाजपा ने 156 सीटें जीत ली हैं और 52 पर आगे है. वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने 55 सीटें जीत ली हैं और 24 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, कांग्रेस ने 2 और वामपंथी पार्टी सीपीआई (एम) को एक सीट पर जीत मिली है.
16वें राउंड की गिनती के बाद भवानीपुर से ममता बनर्जी 500 से ज्यादा वोट से पीछे चल रही हैं. कुल 20 राउंट की गिनती होनी है.
गौरतलब है कि बंगाल के यह नतीजे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत हैं. बंगाल लंबे समय से भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है.
पानीहाट में आरजी कर अस्पताल रेप और मर्डर केस की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ, जो भाजपा उम्मीदवार हैं, फिलहाल काफी आगे चल रही हैं. वहीं झारग्राम (जंगलमहल क्षेत्र) में भाजपा के लक्ष्मी कांत साऊ ने जीत दर्ज की है. झारग्राम को टीएमसी का पारंपरिक गढ़ माना जाता रहा है. हालांकि, इस बार भाजपा यहां सेंध लगाने में कामयाब हुई है.
तमिलनाडु: विजय की पार्टी का चौंकाने वाला प्रदर्शन
तमिलनाडु के परिणामों ने सभी पूर्वानुमानों को उलट दिया है. अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में 106 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है. हालांकि, 234 की विधानसभा में यह आंकड़ा बहुमत से कम है लेकिन सत्ताधारी डीएमके 60 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गया है.
यह परिणाम खासा चौंकाने वाला है क्योंकि ज्यादातर एग्जिट पोल डीएमके को बढ़त दे रहे थे.
मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन कोलाथुर सीट से हार गए हैं. यहां टीवीके के वीएस बाबू ने उन्हें 8 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है. वहीं, उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन ने चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट से 7 हजार के मामूली अंतर से जीत हासिल की है.
अभिनेता विजय खुद भी दोनों सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. तिरुचिरापल्ली (पूर्व) में वे डीएमके के एस. इनिगो इरुदयाराज से आगे हैं, जबकि पेरम्बूर में भी उन्होंने निर्णायक बढ़त ली हुई है.
यह नतीजे न सिर्फ पश्चिम बंगाल में बल्कि तमिलनाडु में भी एक नई राजनीतिक ताकत के उभरने की कहानी कह रहे हैं.
असम में भाजपा को पूर्ण बहुमत के रुझान
126 सीटों वाली असस विधानसभा में इस बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है. भाजपा ने यहां 82 सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, कांग्रेस को मात्र 19 सीटों पर ही जीत मिली है. इसके अलावा बोडोलैंड पीपल फ्रंट और असम गण परिषद को 10-10 सीटों पर जीत मिली है. वहीं, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और राइजोर दल के भी 2-2 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है. इसके अलावा एक सीट तृणमूल कांग्रेस के खाते में गई है.
केरल में कांग्रेस गठबंधन की जीत
केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को निर्णायक जीत मिली है. 140 सीटों वाली इस विधानसभा में कांग्रेस ने 63, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) 26, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 22, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया 8, केरला कांग्रेस 7, रेवोल्यूशनिस्ट सोशलिस्ट पार्टी और भारतीय जनता पार्टी को 3-3 सीटों पर जीत मिली है. इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल, रेवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, केरला कांग्रेस (जैकब), कम्यूनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी केरला स्टेट कमेटी को 1-1 सीट पर जीत मिली है. साथ ही 4 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है.
पुड्डुचेरी में एआईएनआर कांग्रेस को बढ़त
पुड्डेचेरी में एनडीए को जीत मिली है. यहां गठबंधन का हिस्सा क्षेत्रीय दल ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत मिली है. 30 सदस्यों वाली विधानसभा में 5 पर डीएमके, 4 पर भाजपा, 2 पर टीवीके को जीत मिली है. वहीं, कांग्रेस के खाते में एक सीट आई है. इसके अलावा बाकी दलों को 6 सीटों पर जीत मिली है.
इन नतीजों के सटीक और स्पष्ट चुनावी विश्लेषण के लिए देखिए हमारा लाइव शो.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context