Khabar Baazi
एग्जिट पोल्स: असम- बंगाल में भाजपा, तमिलनाडू में डीएमके और केरल में कांग्रेस गठबंधन की सरकार
पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के परिणाम अब ईवीएम में सील हो चुके हैं. चुनावों के असल नतीजे 4 मई को आएंगे लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल्स आ गए हैं.
अगर ज्यादातर पोलस्टर्स की मानें, तो असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा, पुडुचेरी में एनडीए, तमिलनाडु में डीएमके और केरल में कांग्रेस-नेतृत्व वाला यूडीएफ जीतता दिख रहा है.
हालांकि, दो प्रमुख पोलस्टर्स एक्सिस माई इंडिया और टुडेज़ चाणक्य ने आज पश्चिम बंगाल जैसे बेहद कांटे के मुकाबले वाले राज्य के लिए एग्जिट पोल जारी नहीं करने का फैसला किया है. एक्सिस ने आज असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के आंकड़े जारी कर दिए हैं, जबकि चाणक्य सभी राज्यों के लिए अपने पूरे एग्जिट पोल कल जारी करेगा.
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का अनुमान
पश्चिम बंगाल से ही शुरुआत करें तो जो एग्जिट पोल्स आज सामने आए है, उनमें से ज्यादातर ने बंगाल में भाजपा के लिए एकतरफा जीत का अनुमान जताया है. पांच में से तीन ने अनुमान लगाया है कि भाजपा पहली बार राज्य में सत्ता में आ सकती है.
गौरतलब है कि 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 सीटें है. पी-मार्क ने भाजपा के यहां 150-175 सीटें जीतने की भविष्यवाणी की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 118-138 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है. मैट्रिज ने भी भाजपा को 146-161 सीटों के साथ बढ़त दी है. प्रजा पोल के आंकड़े और भी बड़ा बदलाव दिखाते हैं, जिसमें भाजपा को 178-208 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि टीएमसी के लिए 85-110 सीटों तक सिमटने का अनुमान है.
दूसरी ओर पीपल्स पल्स ने तृणमूल कांग्रेस के लिए 177-187 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत की भविष्यवाणी की है. जनमत पोल्स ने भी टीएमसी के लगातार तीसरी बार भारी बहुमत से जीत दर्ज करने का अनुमान लगाया है.
तमिलनाडु में शानदार डेब्यू की भविष्यवाणी
तमिलनाडु की बात करें तो यहां एक्सिस माई इंडिया ने अभिनेता विजय की नई पार्टी टीवीके के लिए चौंकाने वाला अनुमान लगाया है. पोल के मुताबिक, विजय को 35% वोट मिलने और 98-120 सीटें जीतने का अनुमान है. अगर ये नतीजे सही साबित होते हैं, तो यह टीवीके एक मजबूत ताकत के रूप में प्रदेश में उभरने वाली है. इसके साथ ही वह सत्तारूढ़ डीएमके और उसके सहयोगियों को पीछे छोड़ सकती है, जिन्हें 92-110 सीटें और लगभग 35 फीसदी वोट शेयर मिलने की उम्मीद जताई गई है. न्यूनतम अनुमान यानी 98 सीटें भी टीवीके के लिए एक असाधारण उपलब्धि कही जाएगी, जो राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत कर सकती है.
234 सदस्यों वाली इस विधानसभा के लिए अन्य अनुमानों में काफी अंतर है.
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी के लिए पीपल्स पल्स ने 125-145 सीटें, पीपल्स इनसानट ने 120-140 सीटें और प्रजा पोल ने 148-168 सीटें जीतने का अनुमान लगाया है. वहीं जेवीसी ने 128-147 सीटों के साथ एआईएडीएमके और उसके सहयोगियों की बढ़त की संभावना जताई है. कामाख्या एनालिटिक्स ने टीवीके को 67-81 सीटों के साथ संभावित किंगमेकर बताया है, जबकि पी मार्क ने इसके 16-26 सीटें जीतने की भविष्यवाणी की है.
केरल में कांग्रेस गठबंधन तो असम में भाजपा की वापसी
केरल की बात करें तो यहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के सत्ता में वापसी की उम्मीद जताई गई है. एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार, यूडीएफ 78-90 सीटों के साथ वापसी कर सकता है और पिनराई विजयन के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) को हरा सकता है, जिसे 49-62 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. 140 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है.
पी-मार्क ने भी यूडीएफ की जीत का अनुमान लगाया है. हालांकि उसने सीटों का अंतर कम आंका है. जिसमें यूडीएफ को 71-79 सीटें और एलडीएफ को 60- 69 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है.
वहीं, असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भारी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखने की संभावना है. एक्सिस माई इंडिया पोल के अनुसार, भाजपा-एजीपी-बीपीएफ गठबंधन को 88-100 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन 24-36 सीटों तक सिमट सकता है.
अन्य आंकड़े भी इसी रुझान को दर्शाते हैं. जैसे कि जेवीसी ने एनडीए के लिए 88-101 सीटें और कांग्रेस के लिए 23-33 सीटों का अनुमान लगाया है, जबकि पोल डायरी ने एनडीए को 86-101 सीटों पर रखा है.
इसके अलावा पुडुचेरी में एक्सिस माई इंडिया ने एनडीए को 16 से 25 सीटों के साथ लगातार दूसरी बार सत्ता में आने का अनुमान लगाया है. कांग्रेस-नेतृत्व वाले गठबंधन को 6 से 12 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra