Khabar Baazi
उत्तर प्रदेश: हाथरस में नाले से बरामद हुआ पत्रकार का शव, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा उर्फ सोनू शर्मा की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है. उनका शव सहपऊ थाना क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक नाले से बरामद हुआ. मृतक लाइट ऑफ इंडिया के डिजिटल चैनल एचबीएन न्यूज़ के स्थानीय रिपोर्टर थे. एचबीएन न्यूज़ के एंकर दीक्षा और एडिटर-इन-चीफ जयदीप चौधरी ने पुष्टि की कि वेद प्रकाश शर्मा हाथरस में स्थानीय रिपोर्टर के रूप में कार्यरत थे. हालांकि उनके प्रेस आई-कार्ड की वैधता 30 मार्च को समाप्त हो चुकी थी.
मृतक की बहन नीतू शर्मा ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब दो साल पहले हरीश कुमार शर्मा उर्फ कुल्लो पहलवान के पुत्र कमल शर्मा और गौरव शर्मा ने संपत्ति हड़पने की नीयत से उनके भाई के साथ मारपीट की थी. 15 दिन से वे मकान लेने के लिए दबाव बना रहे थे. जब वेद प्रकाश शर्मा ने मकान बेचने से इनकार कर दिया, तो 6 अप्रैल की रात उनकी हत्या कर दी गई. शिकायत में दोनों आरोपियों पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है. वहीं, पुलिस ने बीएनएस की धारा 101(1) के तहत कमल शर्मा और गौरव शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
मृतक के बहनोई मुकेश शर्मा ने बताया, “6 अप्रैल सोमवार रात 9 बजे खाना खाकर वेद घर से निकले और लापता हो गए. कई लोगों ने बताया कि कुछ अज्ञात लोग उन्हें जबरन पकड़कर ले जा रहे थे. अगले दिन सुबह साढ़े 8 बजे हमें शव मिलने की सूचना मिली.”
मुकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि कमल और गौरव लंबे समय से सोनू का मकान हड़पने की कोशिश कर रहे थे. सोनू ने इसकी कई बार पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. मुकेश ने पुलिस पर भी सुलह होने की गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है.
मृतक के चाचा ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनके भतीजे पत्रकार थे और पड़ोस के ही कमल और गौरव शर्मा से उनका विवाद चल रहा था. ये दोनों लोग लंबे वक्त से सोनू का मकान हड़पना चाहते थे.
सोनू ने अपनी जान का खतरा बताते हुए पिछले साल 12 जून तथा इस साल 28 और 30 मार्च को पुलिस को लिखित शिकायतें दी थीं. इनमें उन्होंने कमल शर्मा, गौरव शर्मा और दो-तीन अन्य अज्ञात लोगों पर मारपीट व झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया था.
सहपऊ थाना प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. साथ ही उन्होंने कहा कि मृत्यु का कारण भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा. उन्होंने पूर्व की शिकायतों से अनजान होने का दावा किया.
डीएसपी अमित पाठक ने न्यूज़लॉन्ड्री को बताया कि फोटो सर्कुलेशन के जरिए शव की शिनाख्त की गई. पत्रकार वेद प्रकाश शर्मा की हत्या ने हाथरस में डर का माहौल पैदा कर दिया है.
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव घोषित हो चुके हैं. इस बार की चुनावी कवरेज एक बड़ा और दो-तीन टीमों का साझा प्रयास है: श्रीनिवासन जैन विशेष इंटरव्यूज़ और ज़मीनी रिपोर्ट लेकर आ रहे हैं; 'द न्यूज़ मिनट' दक्षिण भारत से आपको हर सियासी अपडेट देगा और 'अनदर इलेक्शन शो' के साथ-साथ हमारे रिपोर्टर, बंगाल और असम की गहराई से पड़ताल करेंगे. इन कहानियों को आप तक लाने में हमारे चुनावी सेना प्रोजेक्ट को सहयोग करें.
Also Read
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage