Khabar Baazi
फर्स्टपोस्ट की मैनेजिंग एडिटर का पद छोड़ेंगी पलकी शर्मा, खुद का नया वेंचर लाने की तैयारी
फर्स्टपोस्ट की मैनेजिंग एडिटर पलकी शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है. वह जल्द ही अपना कुछ वेंचर शुरू करने जा रही हैं. यह जानकारी गुरुवार शाम फर्स्टपोस्ट कर्मचारियों के लिए आयोजित एक टाउन हॉल मीटिंग में साझा की गई.
सूत्रों के अनुसार, नेटवर्क18 के चीफ कंटेंट ऑफिसर संतोष मेनन ने कर्मचारियों को बताया कि पलकी शर्मा अपने पद से हटेंगी, लेकिन मार्च तक कंपनी के साथ जुड़ी रहेंगी. साथ ही यह भी घोषणा की गई कि हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल के पूर्व चीफ कंटेंट ऑफिसर बिनॉय प्रभाकर फर्स्टपोस्ट के नए चीफ कंटेंट ऑफिसर के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, फर्स्टपोस्ट के एग्जीक्यूटिव एडिटर राकेश राय को प्रमोट कर न्यूज़ 18 का मैनेजिंग एडिटर बनाया गया है.
मेनन के अनुरोध पर पलकी शर्मा ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया. उन्होंने फर्स्टपोस्ट के साथ बिताए अपने तीन वर्षों के अनुभवों को साझा किया और अपने नए वेंचर के बारे में भी बात की.
बाद में मेनन ने समूह के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स को भेजे एक ईमेल में लिखा, “भारी मन से मैं फर्स्टपोस्ट में नेतृत्व से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अपडेट साझा कर रहा हूं. मैनेजिंग एडिटर के रूप में शानदार कार्यकाल के बाद पलकी शर्मा ने पद छोड़ने का निर्णय लिया है.”
ईमेल में उन्होंने आगे कहा कि पलकी ने फर्स्टपोस्ट के प्राइम टाइम शो ‘वांटेज’ की शुरुआत में अहम भूमिका निभाई और इसकी संपादकीय दिशा तय करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. मेल में उन्होंने आगे लिखा, “पलकी ने शो को स्पष्टता, विश्लेषण और भारतीय नजरिए से वैश्विक खबरों को प्रस्तुत करने की प्रतिबद्धता के साथ एंकर किया, जिससे उन्हें व्यापक सराहना मिली. ऑन-एयर भूमिका से परे, उन्होंने एक मजबूत एडिटोरियल टीम खड़ी करने और पत्रकारिता की उत्कृष्ट संस्कृति विकसित करने में भी योगदान दिया.”
बिनॉय प्रभाकर की नियुक्ति पर मेनन ने उन्हें एक अनुभवी संपादक बताते हुए कहा कि उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स, द इकोनॉमिक टाइम्स, द इंडियन एक्सप्रेस, मनीकंट्रोल और सीएनबीसी-टीवी18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संगठनों में काम किया है. वे अब फर्स्टपोस्ट के अगले चरण में ब्रांड की संपादकीय दिशा को मजबूत करने का काम करेंगे.
नेटवर्क18 से पहले पलकी शर्मा जी मीडिया के अंग्रेजी चैनल विऑन में लोकप्रिय एंकर थीं. 2 सितंबर 2022 को उन्होंने साढ़े पांच साल के कार्यकाल के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (तत्कालीन ट्विटर) पर अपने इस्तीफे की घोषणा की थी. हालांकि, कंपनी ने 90 दिन की नोटिस अवधि पूरी न करने के आरोप में उनके खिलाफ अदालत का रुख किया था. बाद में नवंबर, 2022 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें नेटवर्क18 जॉइन करने या वहां काम जारी रखने से रोकने से इनकार कर दिया था.
भ्रामक और गलत सूचनाओं के इस दौर में आपको ऐसी खबरों की ज़रूरत है जो तथ्यपरक और भरोसेमंद हों. न्यूज़लॉन्ड्री को सब्सक्राइब करें और हमारी भरोसेमंद पत्रकारिता का आनंद लें.
Also Read
-
Health insurance reform should cut costs, not shift them on to patients
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
The curious case of protesters’ missing phones: Neither FIR for ‘snatching’, nor memo for ‘seizure’
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables