Khabar Baazi
राहुल का ‘हाइड्रोजन बम’: हरियाणा में 5 तरीकों से हुई वोट चोरी, 25 लाख फर्जी वोटर का दावा
बुधवार, 5 नवंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के इंदिरा भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसे पार्टी ने ‘हाइड्रोजन बम’ नाम दिया. इस दौरान राहुल गांधी ने एक बार फिर भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया. गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में बेईमानी से सरकार बनाई है. उन्होंने दावा किया कि राज्य की वोटिंग लिस्ट में 25 लाख से अधिक फर्जी वोटर शामिल किए गए हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह मॉडल हरियाणा के 10 बूथों पर वोटर लिस्ट में 22 जगह मौजूद है. यह मामला राई विधानसभा क्षेत्र का बताया गया. उन्होंने सवाल उठाया, “यह मॉडल कौन है और इसकी तस्वीर हरियाणा की वोटिंग लिस्ट में कैसे आई?” मॉडल का नाम मैथ्यूज फेरारो बताया जा रहा है.
उन्होंने एक अन्य महिला की तस्वीर भी दिखाते हुए कहा कि यह एक ही फोटो हरियाणा की 100 जगहों पर अलग-अलग नामों से दर्ज है. यह कैसे संभव है? राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में 12.5 फीसदी वोटर फर्जी हैं. और इसी वजह से कांग्रेस को राज्य में हार का सामना करना पड़ा.
उन्होंने इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक वीडियो भी दिखाया, जिसमें सैनी कहते दिखाई दे रहे हैं, “मैंने शुरू से कहा है कि भारतीय जनता पार्टी एकतरफा सरकार बना रही है. हमारे पास सारी व्यवस्थाएं हैं. आप चिंता मत कीजिए.”
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब सभी एग्जिट पोल कांग्रेस की जीत की ओर इशारा कर रहे थे, तो फिर यह ‘व्यवस्था’ क्या थी? उन्होंने इसे “एक सेंट्रलाइज्ड ऑपरेशन” बताया.
गांधी ने कहा कि हरियाणा में पांच तरीकों से वोट चोरी की गई. जिनमें शामिल हैं डुप्लीकेट वोटर्स 5,21,619, इनवैलिड एड्रेस 93,174, बल्क वोटर्स 19,26,351, और फॉर्म 6-7 में अनियमितताएं करीब 10 लाख वोट. हालांकि उन्होंने कहा कि फार्म 6 और 7 का डेटा हमारे पास नहीं है. हरियाणा में कुल दो करोड़ वोटर हैं, जिनमें से 25 लाख वोट चोरी किए गए, यानी हर आठ में से एक वोटर फर्जी है. इसके बावजूद, कांग्रेस पार्टी सिर्फ 22,779 वोटों से हारी.
राहुल गांधी ने एक और तस्वीर दिखाते हुए कहा कि एक ही चेहरा दो बूथों पर 223 बार दिखाई दिया, जबकि लोकसभा चुनाव में यह चेहरा केवल एक बूथ पर था. उन्होंने आरोप लगाया कि यही वजह है कि चुनाव आयोग सीसीटीवी फुटेज जारी नहीं कर रहा, क्योंकि उससे यह साफ हो जाएगा कि कब और कौन वोट डाल रहा है.
राहुल के मुताबिक, 1,24,177 ‘ब्लर’ तस्वीरें ऐसी हैं, जिनमें चेहरा साफ नहीं दिखता, लेकिन उन्हें वोटिंग की अनुमति दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि “चुनाव आयोग डुप्लीकेट वोट क्यों नहीं हटा रहा है? इसकी वजह है कि चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी की मदद कर रहा है क्योंकि सिस्टमैटिक तरीके से वोट चोरी की जा रही है.
राहुल गांधी एक सरपंच का उदाहरण देते हुए कहते हैं कि ऐसे भी हजारों वोटर्स हैं जो कि यूपी में भी वोट कर रहे हैं और हरियाणा में भी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि यह अंबेडकर जी के संविधान पर सीधा आक्रमण है.
Also Read
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘A journalist only until I’m lathi-charged’: Meet the content creators behind Delhi’s protest videos
-
Why gig workers can’t choose working hours even in extreme weather
-
Inside CJP: Mehr Pasricha on how the movement works, and its critics
-
'गंगा-जमुनी' फ़ैंटेसी, मिटती भाषाएं एवं सोशल मीडिया के दौर में यूनिवर्सिटीज़ और लोकतंत्र का भविष्य