Khabar Baazi
सुधीर चौधरी ने साइन की करोड़ों की डील, दूरदर्शन पर प्रसारित होगा शो
आज तक के प्राइम टाइम एंकर सुधीर चौधरी डीडी न्यूज़ के साथ जुड़ने जा रहे हैं. इसे लेकर मंडी हाऊस स्थित प्रसार भारती के कार्यालय में हलचल तेज हो गई है. न्यूज़लॉन्ड्री को मिली जानकारी के मुताबिक, चौधरी दो बार चैनल का दौरा कर चुके हैं. पहली बार बीते साल दिसंबर के आखिरी सप्ताह में और दूसरी बार नौ मार्च को. इस बात की पुष्टि प्रसार भारती के कर्मचारियों ने की है.
चौधरी के डीडी से जुड़ने को लेकर प्रसार भारती के एक टॉप अधिकारी ने बताया, “देखिए, सुधीर चौधरी डीडी न्यूज़ ज्वाइन नहीं कर रहे हैं. उनके साथ क्या डील हुई है, यह सब हम आपको समय पर बता देंगे. हां, ये बात सही है कि वे मार्च के आखिरी तक हमारे साथ जुड़ रहे हैं. वो यहां क्या करेंगे, वह सब आपको अप्रैल के पहले सप्ताह में देखने को मिलेगा.”
एक अन्य सीनियर कर्मचारी ने कहा कि एक अप्रैल से सुधीर डीडी न्यूज़ से जुड़ रहे हैं. उनके आने की तैयारी डीडी की इमारत के 10वें माले पर चल रही है. यहां उनके और उनकी टीम के लिए केबिन तैयार हो रहे हैं. उन्हें कहां बैठना है, उनकी क्या जरूरतें हैं, यह सब तय हो चुका है.
उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह ही सुधीर की प्रसार भारती के सीईओ और चेयरमैन के साथ मीटिंग हुई है. प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी से हमने इस बारे में बात की तो उन्होंने मीटिंग में व्यस्त होने की बात कह कर कॉल कट कर दिया. अगर इस बारे में उनका कोई जवाब आता है तो उसे खबर में जोड़ दिया जाएगा.
एक अन्य सीनियर कर्मचारी ने सुधीर चौधरी के ज्वाइनिंग की स्थिति को और स्पष्ट करते हुए बताया, "चौधरी डीडी न्यूज़ ज्वाइन नहीं कर रहे हैं, बल्कि डीडी के साथ उनका एक प्रोग्राम बनाने का कॉन्ट्रैक्ट हुआ है. उनके साथ एक एमओयू साइन हुआ है. जिसके तहत चौधरी अपना प्रोग्राम बनाएंगे, वह डीडी न्यूज़ पर प्रसारित होगा. इस कार्यक्रम के लिए डीडी न्यूज़ या प्रसार भारती उनको सीधे कोई भुगतान नहीं करेगा. बल्कि एक थर्ड पार्टी वह शो बनाएगी और डीडी उसे प्रसारित करेगा."
जानकारी के मुताबिक सुधीर चौधरी ने इसके लिए डीडी पर एक स्लॉट का आवेदन किया है जिसे सहमति मिल गई है. यह प्रोग्राम इनहाउस ही रिकॉर्ड होगा.
सुधीर के पैकेज के सवाल पर उस कर्मचारी ने बताया कि 14 करोड़ है या 20 करोड़, मैं कह नहीं सकता क्योंकि प्रसार भारती सीधे उन्हें कोई भुगतान नहीं करेगा.
सुधीर ने मांगा शाम 7 से 10 बजे का स्लॉट
हमें मिली जानकारी के मुताबिक, सुधीर चौधरी ने डीडी न्यूज़ में शाम 7 से 10 बजे यानि तीन घंटे का स्लॉट मांगा था. हालांकि, बाद में 7 से 9 यानि दो घंटे के स्लॉट पर सहमति बनी है. वहीं, डीडी में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की टीम बनाई गई है, जो सुधीर चौधरी का सहयोग करेगी. सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं.
साथ ही 5 से 8 लोगों की टीम सुधीर की खुद की है. जिन्हें वे अपने साथ ज्वाइन करवाएंगे. चौधरी इन दो घंटों में से एक घंटे अपना शो करेंगे और बाकी एक घंटे में जो प्रसारित होगा उसे वो ही तय करेंगे.
एक सीनियर अधिकारी ने मजाक करते हुए कहा, "सुधीर के स्वागत में प्रसार भारती इतना बेसब्र है कि वो अगर एक कमरा भी मांग रहे हैं तो पूरा फ्लोर दे दिया जा रहा है. हमने यहां कभी ऐसा होते हुए नहीं देखा है. 10वें फ्लोर पर काफी हलचल है, काफी जगह खाली कराई जा चुकी है."
वे आगे कहते हैं, “उनको पूरा फ्री हैंड दिया गया है. वो ऐसी जगह से आ रहे हैं कि उनका यहां कोई विरोध करने वाला नहीं है. हमने तो दीपक चौरसिया वाला दौर भी देखा है, मैं तब भी यहीं काम करता था.”
क्या कहते हैं डीडी के कर्मचारी?
चैनल में कार्यरत कर्मचारी इसे दो नजरिए से देख रहे हैं. कुछ का मानना है कि यह अच्छी बात है कि अगर ऐसा होता हो तो चैनल दोबारा से चर्चा में आ जाएगा. देखने वालों की संख्या भी बढ़ेगी. वहीं, एक तबका इसे नाकारात्मक तरीके से ले रहा है कि ऐसा होता है तो यह चैनल और यहां के कर्मचारियों के लिए ठीक नहीं होगा. उनका मानना है कि फिर यहां सिर्फ फिर चौधरी का ही ‘राज’ चलेगा.
कितने में हुई डील?
इससे पहले ख़बर आई थी कि उन्हें 14 करोड़ रुपये का पैकेज ऑफर हुआ है. हालांकि, सरकार या डीडी न्यूज़ की ओर से अभी तक सुधीर चौधरी की नियुक्ति और उनके पैकेज को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
हमने इस बारे में सुधीर चौधरी से भी संपर्क किया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. इस बारे में अगर उनका कोई जवाब आता है तो खबर को अपडेट कर दिया जाएगा.
बता दें कि सुधीर चौधरी करीब एक दशक तक ज़ी न्यूज़ का चेहरा रहे. इसके बाद, बहुत धूमधाम से चौधरी आज तक में एक नए प्राइम टाइम शो, ब्लैक एंड व्हाइट के सलाहकार संपादक और एंकर के रूप में शामिल हुए. अब उनका अगला कदम डीडी न्यूज है.
Also Read: आजतक, इंडिया टुडे और सुधीर चौधरी को एलजीबीटीक्यू+ समुदाय पर की गई टिप्पणियों को हटाने के आदेश
Also Read: सनम बेवफ़ा कौन? दिलीप मंडल या सुधीर चौधरी
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context