Khabar Baazi
मध्य प्रदेश के बाद अब दिल्ली इंदिरा गांधी हवाई अड्डे की छत गिरी, एक की मौत छह घायल
अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार शुक्रवार तड़के भारी बारिश के दौरान दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा कैब समेत कारों पर गिर जाने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग छह घायल हो गए.
वहीं दूसरी ओर इसके कुछ घंटे पहले ही मध्य प्रदेश के जबलपुर में हवाई टर्मिनल की नई इमारत की छत का एक हिस्सा बारिश की वजह से एक गाड़ी पर गिर गया. गाड़ी एक आयकर अधिकारी की थी. संयोग से किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
इस दौरान, दिल्ली में घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और क्षतिग्रस्त वाहनों में कोई फंसा न हो इसके लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अग्निशमन अधिकारियों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि एक व्यक्ति को एक कार से बचाया गया, जिस पर लोहे की बीम गिरी हुई थी.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह 5.30 बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तीन दमकल गाड़ियों को एयरपोर्ट भेजा गया. अखबार ने यह भी बताया कि इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई.
एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने अख़बार को बताया, “आज सुबह से ही भारी बारिश के कारण, दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 के पुराने प्रस्थान में छत का एक हिस्सा सुबह 5 बजे के आसपास गिर गया. हमें लोगों के घायल होने की खबर है, और आपातकालीन कर्मचारी प्रभावित लोगों को सभी जरूरी मदद और चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं." उन्होंने यह भी कहा, "इस घटना की वजह से, टर्मिनल 1 से सभी प्रस्थान अस्थायी रूप से निरस्त कर दिए गए हैं, और सुरक्षा बरतने के लिए चेक-इन काउंटर भी बंद कर दिए गए हैं. हम इस व्यवधान के लिए ईमानदारी से खेद व्यक्त करते हैं और किसी भी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं.”
डीसीपी (आईजीआई) उषा रंगनानी ने कहा, "सुबह करीब 5 बजे भारी बारिश के कारण आईजीआईए (घरेलू हवाई अड्डे) के टर्मिनल 1 के बाहर प्रस्थान द्वार संख्या 1 से गेट संख्या 2 तक फैला शेड ढह गया, जिससे करीब चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और करीब छह लोग घायल हो गए तथा एक व्यक्ति की मौत हो गई. सभी घायलों की हालत स्थिर है. दिल्ली पुलिस, अग्निशमन सेवा, सीआईएसएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं. कानूनी कार्रवाई की जा रही है.”
नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नज़र रख रहे हैं. उन्होंने मृतकों के लिए 20 लाख रुपए और घायलों के लिए 3 लाख रुपए के मुआवजे की भी घोषणा की.
नायडू ने कहा, "टर्मिनल 1 को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है. परिचालन फिर से शुरू करने और निरीक्षण करने में कल तक का समय लग सकता है."
दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि टर्मिनल 1 प्रस्थान बंद है और हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को आगमन द्वार का प्रयोग कर सकते हैं. मीडिया में मौजूद वीडियो में ढही हुई छत से बहता हुआ पानी और खंभे के नीचे एक टैक्सी फंसी हुई दिखाई दे रही है. इसी दौरान, राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश जारी है, जिससे सड़कें जलमग्न हो गई हैं और यातायात जाम हो गया है.
इस बीच, कई विपक्षी नेताओं ने इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मार्च में जल्दबाजी में एक ‘अधूरे टर्मिनल’ का उद्घाटन किया गया.
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने 10 मार्च को देशभर में 15 एयरपोर्ट परियोजनाओं का उद्घाटन किया था, जिनकी लागत 9,800 करोड़ रुपए से अधिक है. इनमें टर्मिनल 1 का विस्तार भी शामिल है.
उड्डयन मंत्री नायडू ने कहा कि जो छत गिरी है, उसका निर्माण "2008-09 में हुआ था. प्रधानमंत्री ने इमारत के जिस हिस्से का उद्घाटन किया, वह दूसरी तरफ है."
कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इस घटना पर आश्चर्य व्यक्त किया है. इनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में दिल्ली हवाई अड्डे से आने-जाने की बात कही.
मीडिया को कॉरपोरेट या सत्ता के हितों से अप्रभावित, आजाद और निष्पक्ष होना चाहिए. इसीलिए आपको, हमारी जनता को, पत्रकारिता को आजाद रखने के लिए खर्च करने की आवश्यकता है. आज ही सब्सक्राइब करें.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables