Khabar Baazi
रोज़नामचा: दिल्ली मेट्रो के गलियारों को मंजूरी, भाजपा की दूसरी सूची जारी और एसबीआई का हलफनामा
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने दिल्ली मेट्रो के दो नए गलियारों को मंजूरी दिए जाने तो कुछ ने भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अखबारों ने एसबीआई द्वारा सुप्रीम कोर्ट में इलेक्टोरल बॉन्ड्स की जानकारी साझा किए जाने का हलफनामा दायर करने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने मेट्रो के दो नए गलियारों को मंजूरी दिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक के बाद मंत्री मंडल के फैसलों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण में दो नए गलियारों को मंजूरी दे दी गई है. जिसमें पहली लाइन इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ के बीच जबकि दूसरी लाइन लाजपत नगर के साकेत जी ब्लॉक के बीच होगी. उन्होंने यह भी बताया कि मेट्रो लाइन के निर्माण पर 8399 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसकी व्यवस्था, भारत सरकार, दिल्ली सरकार, अंतरराष्ट्रीय फंडिंग एजेंसियों से की जाएगी.
भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, इसमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, त्रिवेंद्र सिंह रावत, बसवराज बोम्मई शामिल हैं. इसके अलावा चार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनुराग ठाकुर, पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी को उम्मीदवार बनाया गया है. गोयल पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे.
इसके अलावा स्वदेशी चिप का उत्पादन अगले वर्ष के अंत तक शुरू होगा, पांच वर्ष में 22 हजार चुनावी बॉन्ड बिके और कांग्रेस महिलाओं को हर वर्ष एक लाख देगी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने चुनावी बॉन्ड पर एसबीआई द्वारा सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, चुनावी बॉन्ड को लेकर गरमाई राजनीति के बीच भारतीय स्टेट बैंक ने सुप्रीम कोर्ट में इसकी जानकारी दे दी है कि कुल कितनी कंपनियों ने बॉन्ड खरीदे और कितने राजनीतिक दलों को लाभ मिला. चुनाव आयोग 15 मार्च को यह जानकारी सार्वजनिक भी कर देगा. चुनाव आयोग को मुहैया कराई गई जानकारी में एसबीआई ने बताया है कि 2019 से 15 फरवरी 2024 के बीच 22, 217 चुनावी बॉन्ड्स की खरीदी हुई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को गुजरात के धोलेरा व साणंद और असम के मोरीगांव में 1.25 लाख करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सेमीकंडक्टर संयंत्रों का शिलान्यास किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत ने 1962 में सेमीकंडक्टर बनाने का सपना देखा था और 62 वर्ष बाद साकार हुआ है. केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि धोलेरा के टाटा संयंत्र में पहली सेमीकंडक्टर चिप दिसंबर, 2026 में बनकर बाहर आ जाएगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि 2029 में भारत शीर्ष पांच सेमीकंडक्टर उत्पादक देशों में शामिल हो जाएगा.
इसके अलावा सीएए पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खेला ‘पाकिस्तान कार्ड’, नितिन गडकरी नागपुर व मनोहर लाल खट्टर करनाल से लड़ेंगे चुनाव और कांग्रेस का गरीब महिलाओं को सालाना एक लाख देने का वादा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 1.25 लाख करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सेमीकंडक्टर संयंत्रों का शिलान्यास किए जाने, भाजपा के 72 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी किए जाने और चुनावी बॉन्ड को लेकर एसबीआई के शीर्ष अदालत में हलफनामा दायर किए जाने को जैकेट पन्ने पर प्रमुखता दी है.
वहीं, दिल्ली मेट्रो फेज-4 के दो कॉरिडोर को केंद्र सरकार द्वारा हरी झंडी दिए जाने को पहले पन्ने पर पहली सुर्खी बनाया गया है. ख़बर के मुताबिक, पहला कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक और दूसरा इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक होगा. कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि कॉरिडोर पर 8,400 करोड़ रुपये की लागत आएगी.
देश में ई-परिवहन के लिए 500 करोड़ की नई योजना की घोषणा किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, देश में ई-परिवहन को बढ़ावा देने के लिए भारी उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को 500 करोड़ की नई योजना की घोषणा की. अप्रैल से जुलाई तक चार महीने की यह योजना ई-दोपहिया और ई-तिपहिया वाहनों के लिए है. उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि योजना के तहत हर ई-दोपहिया वाहन पर 10,000 रुपये तक मदद दी जाएगी.
इसके अलावा बेंगलुरु विस्फोट मामले में दिखा संदिग्ध गिरफ्तार, दिल्लीवासियों की आवाजाही होगी सुगम, आप सरकार पर 50 हजार जुर्माना और जिंदगी खोकर चार लोगों को नया जीवन दे गया 18 वर्षीय युवक आदि ख़बरों को भी अख़बार ने अन्य पन्नों पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने चुनावी बॉन्ड को लेकर एसबीआई के सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. भारतीय स्टेट बैंक ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि एक अप्रैल, 2019 से 15 फरवरी, 2024 के बीच कुल 22,217 चुनावी बॉन्ड जारी किए गए. इसमें से राजनीतिक दलों की ओर से 22,030 बॉन्ड को भुनाया गया. शेष 187 बॉन्ड को भुनाकर इसकी राशि को नियमों के तहत प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में जमा कराया गया है.
भाजपा द्वारा जारी की गई 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में नितिन गडकरी, पीयूष गोयल और मनोहर लाल खट्टर का नाम शामिल होने भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की. इसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, प्रह्लाद जोशी व अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, त्रिवेंद्र सिंह रावत और बसवराज बोम्मई के नाम शामिल हैं. गडकरी एक बार फिर नागपुर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि गोयल मुंबई (उत्तर) से पहली बार लोकसभा चुनाव मैदान में उतरेंगे.
इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के दो गलियारों को मंजूरी और शेयर सूचकांक 906 अंक लुढ़कने से निवेशकों को 13.47 लाख करोड़ का नुकसान आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने ओर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की दूसरी सूची में 34 नए चेहरे व 15 महिलाओं के नाम शामिल होने को जैकेट पन्ने पर प्रमुखता दी है.
वहीं, सर्दियों में देश की हवा 8 प्रतिशत सुधरने व पूर्वोत्तर और उत्तर भारत में और बिगड़ने को पहले पन्ने पर पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सेंटर और साइंस एंड इन्वायरमेंट की अर्बन लैब की चौथी सलाना वायु गुणवत्ता विश्लेषण रिपोर्ट के अनुसार पिछली सर्दियों के मुकाबले इस बार देश की हवा की गुणवत्ता 8 प्रतिशत सुधरी है. इसके बावजूद पूर्वोत्तर और उत्तर भारत की हवा ज्यादा दूषित हो गई है. लैब ने देश के 254 शहरों के 538 मॉनिटरिंग स्टेशन के सीपीसीपी से 1 अक्टूबर से 31 जनवरी 2024 के डेटा के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है.
यूपी पुलिस भर्ती पेपर लीक से जुड़े एक आरोपी के एसटीएफ के हत्थे चढ़ने पर खुलासा किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, यूपी एसटीएफ के मुताबिक, 17-18 फ़रवरी को हुई पुलिस भर्ती परीक्षा का परचा एक दिन पहले ही हरियाणा के रिजॉर्ट में लीक किया गया था. पेपर लीक गिरोह ने मानेसर में रिजॉर्ट बुक कर परीक्षार्थियों को वहीं रोका गया. 16 फरवरी को रिजॉर्ट के गार्डन में पेपर बांटे और आंसरशीट भरवाई.
इसके अलावा यदि ट्रम्प जीते तो 11 लाख भारतीयों को ग्रीन कार्ड मिलना हो जाएगा मुश्किल, बॉन्ड पर एसबीआई का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा, बीएसई ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक की जगह कोई अन्य अकाउंट स्टॉक ब्रोकर से जोड़ने के निर्देश दिए और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर बैठक आज आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
आम चुनाव करीब आ चुके हैं, और न्यूज़लॉन्ड्री और द न्यूज़ मिनट के पास उन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सेना प्रोजेक्ट्स हैं, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखते हैं. यहां क्लिक करके हमारे किसी एक सेना प्रोजेक्ट को चुनें, जिसे समर्थन देना चाहते हैं.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context
-
How failure to destroy juvenile crime records is hurting children’s rehabilitation