Khabar Baazi
रोज़नामचा: किसानों का दिल्ली कूच और बिहार में फ्लोर टेस्ट
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. हालांकि ज्यादातर अख़बारों ने किसान आंदोलन की ख़बर को ही प्राथमिकता दी है. इसके अलावा अख़बारों ने राज्यसभा चुनाव और बिहार में आज होगा फ्लोर टेस्ट की ख़बर को भी प्राथमिकता से छापा है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला
किसान एक बार फिर से दिल्ली कूच कर रहे हैं, अमर उजाला अख़बार ने आज इस ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर का शीर्षक है- किसानों का दिल्ली कूच... 16 को भारत बंद, सीमाओं की किलेबंदी.
अख़बार लिखता है, 26 किसान संगठनों के 13 फरवरी को दिल्ली चलो कूच के बीच भारतीय किसान यूनियन उगराहां गुट ने 16 फरवरी को भारत बंद का एलान किया है. किसानों के मार्च को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं की किलेबंदी कर दी गई है. सिंघु, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर कंटीले तारों के अलावा कंक्रीट के ब्लॉक, बैरिकेड्स, सड़क पर कीलें और दूसरे अवरोधक लगाए गए हैं. हजारों सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और धारा 144 लगाई गई है.
अख़बार ने राज्यसभा चुनाव से जुड़ी खब़र को भी प्राथमिकता से छापा है. लिखा है, भाजपा ने नए चेहरों को दिया मौका, सुधांशु फिर जाएंगे उच्च सदन. यूपी समेत सात राज्यों के 14 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है. 27 फरवरी को चुनाव होंगे.
इसके अलावा अंडर-19 विश्वकप: भारत बना उपविजेता, ऑस्ट्रेलिया चैंपियन, राम के दरबार में पक्ष विपक्ष एक साथ, केंद्रीय बल भर्ती: पहली बार 13 क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा, हल्द्वानी हिंसा: घर-घर तलाशी, असलहों संग 25 उपद्रवी गिरफ्तार, 153 कारतूस बरामद, मनी लॉन्ड्रिंग: कांग्रेस सांसद साहू से पांच घंटे तक पूछताछ, मुश्किल में पेटीएम, चीन से मिले एफडीआई की जांच शुरू और बिहार में शक्ति परीक्षण आज, जोड़-तोड़ से सब डरे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिन्दुस्तान
हिन्दुस्तान अख़बार ने भी किसानों की ख़बर को ही पहली सुर्खी बनाया है. शीर्षक है- किसान कूच को तैयार, दिल्ली की 'किलेबंदी'.
लिखा है, किसानों के 13 फरवरी को दिल्ली कूच को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. धारा 144 लागू कर दी गई है, सभी सीमाओं पर कंक्रीट की बैरिकेडिंग और कंटेनर लगाए गए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मध्यप्रदेश के झाबुआ में एक जनसभा को संबोधित किया है. इस ख़बर को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. लिखा है, पीएम मोदी ने कहा कि सबसे वंचित और पिछड़े हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट का आंकड़ा पार करेगी.
इसके अलावा, पाकिस्तान में चुनाव नतीजों को चुनौती, केंद्रीय बलों के लिए 13 भाषाओं में परीक्षा, दिल्ली के लोग सातों सीट आप को देंगे: केजरीवाल, एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम, बूंदाबांदी के आसार और तीन साल धूम्रपान छोड़ें, छह वर्ष और जीएंगे आदि खब़रों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण
दैनिक जागरण अख़बार ने पीएम मोदी की रविवार को मध्य प्रदेश के झाबुआ में हुई रैली को पहली सुर्खी बनाया है. शीर्षक है- 400 के लिए 370 की 'जड़ी बूटी'.
लिखा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के झाबुआ में कार्यकर्ताओं को वोट बढ़ाने के लिए 370 की जड़ी बुटी देते हुए कहा कि विपक्ष के नेता भी अब मानने लगे हैं कि हमारी राजग सरकार अबकी बार 400 पार जाएगी. आत्मविश्वास से भरपूर पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अकेले भाजपा 370 का आंकड़ा पार करेगी.
अख़बार ने 'रामलला के सम्मुख नतमस्तक योगी सरकार' ख़बर को दूसरी सुर्खी के रूप में चुना है. लिखा है, अयोध्या में नव्य भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के सम्मुख रविवार को योगी सरकार ही नहीं, प्रदेश विधायकगण नतमस्तक दिखे.
इसके अलावा आस्ट्रेलिया ने भारत को दी दर्द की हैट्रिक ख़बर को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता
जनसत्ता अख़बार ने बिहार में आज होने वाले फ्लोर टेस्ट को पहली सुर्खी बनाया है. शीर्षक है- उठापठक की संभावनों के बीच नीतीश का शक्ति परीक्षण आज.
लिखा है, बिहार में नीतीश कुमार की सरकार के शक्ति परीक्षण से पहले रविवार को राजनीतिक उठापठक तेज हो गई. सोमवार को विधानसभा में वे विस्वास प्रस्ताव रखेंगे. इसके लिए सत्ताधारी राजग के साथ विपक्षी राजद, कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन ने अपने-अपने विधायकों की तगड़ी बाड़ेबंदी की है.
वहीं किसानों के दिल्ली कूच ख़बर को भी अख़बार ने प्राथमिकता से छापा है. शीर्षक है किसान कूच: हरियाणा व दिल्ली की सीमाएं बंद. आगे लिखा है, किसानों को 13 फरवरी के प्रस्तावित दिल्ली चलो मार्च से पहले हरियाणा के अंबाला के नजदीक पंजाब से लगती शंभू सीमा, यूपी से लगती गाजीपुर और हरियाणा से लगती सिंघू सीमा को सील कर दिया गया है.
इसके अलावा, पेटीएम में चीन से प्रत्यक्ष निवेश की जांच कर रही सरकार, हल्द्वानी के लिए उत्तराखंड ने अतिरिक्त केंद्रीय बल मांगा, अदालतों में चुनाव को लेकर याचिकाओं का अंबार, अल नीनो कमजोर पड़ेगा, देश में मानसून की अच्छी बारिश के अनुमान, राज्यसभा चुनाव: भाजपा की सूची में आरपीएन, सुधांशु समेत 14 नाम और फिर होगी ठंड की वापसी, बारिश के आसार ख़बर को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर
दैनिक भास्कर अख़बार ने स्मार्ट सिटी से जुड़ी खब़र को प्राथमिकता दी है. शीर्षक है- 44 शहरों में बड़े प्रोजेक्ट हटाकर छोटे जोड़े, ताकि समय पर पूरा हो.
लिखा है, स्मार्ट सिटी मिशन बढ़ी हुई डेडलाइन जून 2024 में पूरा हो जाए, इसके लिए 100 शहरों में से 30 के प्रोजेक्ट्स में कटौती की गई है. 44 शहरों में बड़े प्रोजेक्ट्स को हटाकर छोटे-छोटे प्रोजेक्ट जोड़े गए हैं ताकि डेडलाइन तक पूरा हो सके.
हलद्वानी हिंसा: मास्टरमाइंड अब्दुल गिरफ्कार, कर्फ्यू हटाया इंटरनेट सेवा बहाल, मुंबई: साथी के अंतिम संस्कार में गए ड्राइवर्स, 147 ट्रेनें रद्द, सीबीएसई: टाइप-1 मधुमेह के छात्र ले जा सकेंगे दवा व फल, 370 सीटें ला रही भाजपा, लूट और फूट कांग्रेस की ऑक्सीजन: मोदी और स्वामीनाथन का मंत्र था- 'लैब से खेत, खेत से लैब'... पहले किसान से फीडबैक लेते, फिर रिसर्च; ऐसे आई हरित क्रांति आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra