Khabar Baazi
रोज़नामचा: वित्तमंत्री ने पेश किया मोदी सरकार का अंतरिम बजट और ज्ञानवापी परिसर में शुरू हुई पूजा-अर्चना
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. मालूम हो कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बार अंतरिम बजट पेश किया है. इसके अलावा ज्ञानवापी परिसर में पूजा करने का मामला हाईकोर्ट पहुंचने और चंपई सोरेन को झारखंड का नया मुख्यमंत्री बनाए जाने की ख़बरों को भी अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट पेश किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार को उनके बजट भाषण में केंद्र सरकार की योजनाओं पर भरोसे की झलक साफ दिखी. उन्होंने कोई लोकलुभावन घोषणाएं तो नहीं की लेकिन बीते दस वर्षों में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख जरूर किया. साथ ही उन्होंने आगामी वर्षों में सुधार को आगे बढ़ाने का रोडमैप पेश किया.
झारखंड में आज चंपई सोरेन के सीएम पद की शपथ लिए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. झारखंड में चंपई शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके साथ दो और विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे. राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार देर रात उन्हें सरकार बनाने का निमंत्रण दिया. उन्हें दस दिनों के भीतर बहुमत साबित करने को कहा गया है. इससे पहले महागठबंधन विधायक दल के नेता चंपई के साथ पांच विधायकों ने गुरुवार को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था.
इसके अलावा केजरीवाल ईडी की पूछताछ में नहीं होंगे शामिल, ज्ञानवापी परिसर के तहखाने में पूजा का मामला हाईकोर्ट पहुंचा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया बजट को समावेशी व नवोन्वेषी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने को प्रमुख सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, वित्तमंत्री ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतरिम बजट पेश किया. इसमें लोकलुभावन वादों की बजाए 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के एजेंडे की झलक दिखाई दी. साथ ही आयकर स्लैब में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है.
ज्ञानवापी तलगृह में पूजा-आरती आरंभ किए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, जिला अदालत के फैसले के अनुपालन में ज्ञानवापी तलगृह में गुरुवार को ब्रह्ममुहूर्त में व्यास पीठिका के निकट स्थित देवी विग्रहों की नियमित पूजा-आरती शुरू हो गई है. विश्वनाथ मंदिर की तरह पांच पहर आरती-अनुष्ठान किए गए. तीन दशक बाद पाने आराध्यों का राग भोग देख हर एक की आंखें छलछलाईं तो मन हर हर महादेव के उद्घोष का स्वर तीव्र हो उठा.
झारखंड में आज चंपई सोरेन लेंगे नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ, राजस्थान में हिजाब पहनकर आने पर स्कूल में नहीं मिलेगा प्रवेश और एएमयू के अल्पसंख्यक दर्जे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला सुरक्षित आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा चुनाव से पहले अंतरिम बजट पेश किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने लोकलुभावन योजनाओं की घोषणाओं से परहेज किया और आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिए अगली पीढ़ी के सुधारों को तेजी से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है. उन्होंने कहा, अगले पांच साल अभूतपूर्व विकास के वर्ष होंगे और 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के सुनहरे पल होंगे.
चंपई सोरेन द्वारा झारखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लिए जाने व हेमंत सोरेन को एक दिन की जेल होने को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है. ख़बर के मुताबिक, झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने झमुमो नेता चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री मनोनीत कर उन्हें शुक्रवार को शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया. शपथ लेने के बाद चंपई को दस दिनों में अपनी सरकार का बहुमत विधानसभा में साबित करना होगा. वहीं, अदालत ने ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
इसके अलावा ज्ञानवापी व्यासजी के तहखाना में सफाई के बाद हुई पूजा और साइबेरियाई हवा पर सवार होकर आई शीतलहर आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट पेश किए जाने को भी पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, इस बार सरकार ने लोकलुभावन वादों की बजाए युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों को साधने का प्रयास किया. चुनाव से पहले आयकर में राहत की उम्मीद लगाए बैठे वर्ग को भी राहत नहीं मिली.
ज्ञानवापी के व्यासजी तहखाने में पूजा की अनुमति के खिलाफ मसाजिद कमेटी के हाईकोर्ट पहुंचने को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुतबिक, अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी ने ज्ञानवापी मस्जिद के व्यासजी तहखाने में वाराणसी जिला अदालत के हिन्दू पक्ष को पूजा करने की अनुमति के आदेश के खिलाफ इलाहबाद हाईकोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की है. इससे पहले, बुधवार रात से विधिवत पूजा आरंभ हो जाने पर मसाजिद कमेटी गुरुवार तड़के सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी. शीर्ष कोर्ट ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए उच्च न्यायालय जाने की सलाह दी. इस बीच मंदिर पक्ष के शैलेंद्र पाठक ने हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल कर याचिका पर सुनवाई का अवसर देने की मांग की है.
चंपई सोरेन द्वारा आज झारखंड के सीएम पद की शपथ लिए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दल के नेता चंपई शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, राज्यपाल ने गुरुवार आधी रात उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया. उन्हें दस दिन में बहुमत साबित करना होगा.
इसके अलावा पीएम मोदी ने स्वीकारा कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम का न्योता, भारत को हथियारों से युक्त 31 एमक्यू-9 बी ड्रोन देगा अमेरिका, इंडिया सीमेंट्स के चेन्नई, दिल्ली दफ्तरों पर ईडी के छापे, जनसंख्या नियंत्रण के लिए बनाई जाएगी कमेटी और पेटीएम अब दूसरे बैंकों के साथ करेगा काम आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुख ख़बरों के रूप में प्रकाशित किया है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने चंपई सोरेन द्वारा झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, जमीन घोटाले में गिरफ्तार पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे के 27 घंटे बाद झारखंड सरकार की साफ हो गई है. छह बार के विधायक चंपई नए सीएम के पद के लिए शुक्रवार को शपथ लेंगे. दूसरी और बुधवार को गिरफ्तार हेमंत सोरेन को गुरुवार को रांची स्थित विशेष कोर्ट में पेश किया गया. एजेंसी ने उनका दस दिन का रिमांड मांगा है. कोर्ट इस पर शुक्रवार को फैसला देगा.
ज्ञानवापी व्यासजी तहखाने में 30 साल बाद पूजा-पाठ शुरू होने भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार तड़के नंदी महाराज की श्रृंगार आरती हुई. जिला कोर्ट ने बुधवार दोपहर तहखाने में पूजा-पाठ शुरू करने के लिए सात दिन में खोलने के आदेश दिए थे. इसके बाद बुधवार देर रात ही नंदी महाराज के सामने से लोहे के बैरियर हटा दिए गए. काशी विश्वनाथ ट्रस्ट के सदस्यों की उपस्थिति में पूजा की तैयारी शुरू की गई. वाराणसी के कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश की पालना करा दी गई है. वहीं, पूजा के अधिकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर मसाजिद कमेटी ने गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की.
इसके अलावा सीएए के नियम तैयार जिसके लिए ऑनलाइन होगा आवेदन, चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर आज आम आदमी पार्टी करेगी प्रदर्शन, भारतीय सेना को मिलेंगे 31 सशस्त्र ड्रोन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां