Khabar Baazi
रोज़नामचा: अयोध्या में उमड़ा आस्था का जनसैलाब और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन करने उमड़ी भीड़ तो किसी ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने अयोध्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सदियों से भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन की बाट जोह रहे श्रद्धालुओं का धैर्य प्राण प्रतिष्ठा होते ही टूट गया. अपने आराध्य की झलक पाने की चाह में पूरी रात जाग कर गुजार देने वाले लाखों भक्तों का सैलाब मंगलवार को भोर होते ही अयोध्या की सड़कों पर उमड़ पड़ा. मंदिर के कपाट एक घंटे पहले खोले गए. रात तीन बजे से मंदिर के अंदर जाने के लिए होड़ मच गई.
नेता जी सुभाष चंद्र बोस की 127वीं जयंती पर लाल किले में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'वोकल फॉर लोकल' के प्रोत्साहन के लिए भारत पर्व मनाए जाने की घोषणा को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार को समारोह में कहा कि हमें देश की विविधता का जश्न मनाने के लिए इस पर्व में शामिल होना चाहिए.
इसके अलावा हमास के हमले में 24 इज़रायली सैनिक मरे, कूनो पार्क में तीन शावकों का जन्म, कनाडा ने की छात्र वीजा में 35 फीसदी कटौती और आइजोल में हवाई पट्टी पर विमान फिसला आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पहले ही दिन अयोध्या में पांच लाख से ज्यादा दर्शनार्थी पहुंचे. जिसके बाद प्रबंधन के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पहुंचना पड़ा. सोमवार शाम से प्रारंभ हुआ दर्शनों को क्रम मंगलवार को कपाट बंद होने तक जारी रहा.
कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने को भी अखबार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, समाजवादी नेता, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वंचितों के मसीहा कर्पूरी ठाकुर को उनके जन्म शताब्दी वर्ष पर केंद्र की मोदी सरकार ने देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न देने की घोषणा की है.
इसके अलावा असम में राहुल के खिलाफ भीड़ को भड़काने का केस, केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से कहा- एएमयू ने अपनी मर्जी से छोड़ा था अल्पसंख्यक दर्जा, मुंबई में मीरा रोड में सांप्रदायिक तनाव के बाद चले बुलडोजर आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता अख़बार ने असम में न्याय यात्रा के दौरान हुए हंगामे को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उस वक्त टकराव की स्थिति पैदा हो गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ता अवरोधक हटाकर गुवाहाटी में दाखिल हुए. इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हो गई. जिसके बाद पुलिस ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के निर्देश पर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.
अयोध्या मे दर्शनों के लिए उमड़े जनसैलाब को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, दिनभर में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. जिसके बाद भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. साथ ही खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अयोध्या पहुंचना पड़ा.
इसके अलावा कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न, शीतलहर को लेकर दिल्ली में येलो अलर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्नीस हफ्ते का गर्भ गिराने का आदेश लिया वापस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिन जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बिहार के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च सम्मान दिए जाने का ऐलान हुआ है. जातीय राजनीति के खांचे में उलझी बिहार की राजनीति में मोदी सरकार के इस फैसले मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है.
अयोध्या में भक्तों का सैलाब उमड़ने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले दिन ही भक्त सुबह 3 बजे से दर्शनों के लिए डट गए. जिसके बाद दोपहर में यहां बसों को भी रोकना पड़ा. एक अनुमान के मुताबिक, दिनभर में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई.
इसके अलावा 70 करोड़ के रिफंड घोटाले में पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में ईडी के छापे, गुवाहाटी में न्याय यात्रा के दौरान बवाल को लेकर राहुल गांधी पर केस दर्ज, उत्तर भारत में फिर बढ़ी गलन और सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हरेक कपटपूर्ण काम नहीं हो सकता गैरकानूनी आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सामाजिक न्याय के पुरोधा माने जाने वाले ठाकुर को भारत का सर्वोच्च सम्मान दिया जाएगा. उनकी 100वीं जयंती से एक दिन पहले राष्ट्रपति भवन की ओर से घोषणा की गई. ठाकुर भ्रष्टाचार और परिवारवाद के धुर विरोधी थे.
अयोध्या के राम मंदिर में दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़ की ख़बर को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, पहले दिन ही ‘बालक राम’ के दर्शनों के लिए श्रद्दालुओं को 4-5 घंटों तक लाइन में लगना पड़ा.
इसके अलावा तमिलानाडु सरकार को दिए जाएंगे जयललिता के गहने, संसद के बजट सत्र में एयरपोर्ट जैसी होगी जांच और मध्य प्रदेश में कूनो पार्क में चीता ने तीन शावकों को दिया जन्म आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
The world is in a mess. It’s time to retire the gerontocrats
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
Surviving a punishing Church: The story of Sr Ranit and Stand By Me
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
उत्तराखंड: ईआरओ ने ठुकराईं भाजपा कार्यकर्ता की थोक में आपत्तियां, दिल्ली में शिकायत के बाद स्वीकार