Khabar Baazi
रोज़नामचा: कतर की अदालत ने टाली 8 भारतीयों की मौत की सजा और ईडी की चार्जशीट में प्रियंका गांधी का नाम
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने कतर में आठ भारतीयों की सजा-ए-मौत रद्द होने को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अखबारों ने प्रियंका गांधी का नाम प्रवर्तन निदेशालय द्वारा चार्जशीट में लिए जाने को भी पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने कतर में आठ भारतीयों की सजा-ए-मौत रद्द होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, भारत की तरफ से लड़ी जा रही कानूनी लड़ाई और कूटनीतिक प्रयास आखिरकार रंग लाए. कतर की अपीलीय अदालत ने नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों की मृत्युदंड की सजा को कम कर कैद में बदल दिया है. हालांकि, इस बाबत विस्तृत फैसले का इंतजार किया जा रहा है. ये अधिकारी पिछले एक साल से भी अधिक समय से कतर की जेल में बंद हैं. विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा है कि कतर की अपीलीय अदालत के फैसले पर उन्होंने गौर किया है, जिसमें सजा कम की गई है.
राम मंदिर का प्रथम तल तैयार होने और कल अयोध्या में मोदी का रोड शो होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य मंदिर के भूतल के साथ ही प्रथम तल का काम लगभग पूरा हो गया है. दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या में 15 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे. इस दौरान मोदी रोड शो भी करेंगे.
इसके अलावा दिल्ली में दो हजार पदों पर भर्तियां निकाली गईं, देश में कोविड जेएन.1 के 157 मरीज, कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, हिंडन से लखनऊ की विमान सेवा और भारत ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को पाक से मांगा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने कतर में कैद आठ पूर्व नौसेना अफसरों को फांसी की सजा टल जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कतर में फांसी की सजा प्राप्त भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों को बचाने में भारतीय कूटनीति को सफलता मिली है. कतर के एक अपीलीय न्यायालय ने सजायाफ्ता पूर्व नौसैनिकों की तरफ से दायर मामले में सुनवाई करते हुए सभी की फांसी की सजा को घटाने का निर्देश दिया है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अब वह इन अधिकारियों के परिवार के सदस्यों व कानूनी सलाहकारों के साथ मिलकर आगे की कार्यवाही पर विचार करेगा. साफ है कि भारत की तरफ से इस मामले में कूटनीतिक मदद आगे भी जारी रहेगी.
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रियंका गांधी का भी नाम शामिल होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. हथियार डीलर संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की ओर से राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल आरोप पत्र में पहली बार प्रियंका और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा का नाम आया है. इसमें हरियाणा के फरीदाबाद में एक कृषि भूमि खरीदने में प्रियंका की भूमिका का भी उल्लेख है और इसकी जांच जारी होने की बात की गई है.
इसके अलावा हाफिज सईद को भारत के हवाले करे पाकिस्तान, असम में शांति की दिशा में उल्फा के साथ समझौता आज, बंगाल सरकार एमफिल को लेकर नहीं मानेगी यूजीसी का दिशानिर्देश, देश को पुनः राजा महाराजाओं के युग में ले जाना चाहती है भाजपा और हरियाणा में दो अधिकारी नहीं दे सके जवाब तो मुख्यमंत्री ने छुट्टी पर भेजा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने मनी लॉन्ड्रिंग की चार्जशीट में पहली बार प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम शामिल होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली की एक कोर्ट में प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत चार्जशीट दाखिल की है. इसमें उसने कहा है कि वह जमीन के उन दो सौदों की जांच कर रही है, जो रॉबर्ट वाड्रा और उनकी पत्नी प्रियंका ने हरियाणा में रियल एस्टेट एजेंट से किए थे. वाड्रा और गांधी के नाम आरोपी के रूप में नहीं है, लेकिन यह पहली बार है कि चार्जशीट में प्रियंका का नाम है.
भीड़ ज्यादा हुई तो अयोध्या में रामलला का नगर भ्रमण पथ घटाए जाने के तैयारी को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठान है लेकिन इससे 5 दिन पहले 17 जनवरी को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने वाली रामलला की मूर्ति का नगर भ्रमण होना है. अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए लाखों लोग अयोध्या पहुंच सकते हैं. इसी आशंका को देखते हुए श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मूर्ति के नगर भ्रमण पथ को छोटा करने की तैयारी में है. हालांकि, नगर भ्रमण पथ अभी तय नहीं है.
इसके अलावा 5 दिन में सेंसेक्स 1904 अंक तो 15 दिन में सोना 2443 रुपए चढ़ा और राजस्थान हाई कोर्ट के तीन जजों का नाम मुख्य न्यायाधीश के लिए बढ़ाया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने कतर में आठ पूर्व भारतीय नौसैनिकों की फांसी पर रोक लगने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कतर में मौत की सजा पाए आठ पूर्व नौसैनकों के मामले में भारत को बड़ी कूटनीतिक कामयाबी मिली है. कतर की अदालत ने आठों की मौत की सजा खत्म कर दी है. विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि दाहरा ग्लोबल केस में अपीलीय अदालत ने मौत की सजा घटा दी है. अदालत के विस्तृत आदेश का इंतजार है. मंत्रालय ने यह भी कहा कि आगे की कार्रवाई पर विचार के लिए हम कतर में वकीलों की टीम और नौसैनिकों के परिवारों के करीबी संपर्क में हैं.
कोहरे से 271 उड़ानें प्रभावित और 13 घंटे देरी से ट्रेनों के चलने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली तक समूचा उत्तर भारत भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में है. सड़क, रेल व हवाई यातायात व्यवस्था चरमरा गई. 80 से ज्यादा ट्रेनें 4 से 13 घंटे की देरी से चल रही हैं, जबकि 271 उड़ानों पर भी असर पड़ा है. करीब डेढ़ दर्जन उड़ानों को रद्द व एक उड़ान को डायवर्ट करना पड़ा है. मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक पंजाब, हरियाणा, यूपी और दिल्ली में अत्यधिक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा इस साल के सबसे बड़े डोपिंग स्कैंडल में राष्ट्रीय खेलों में रिकॉर्ड 25 खिलाडी फंसे, एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी संशोधन अधिनियम-2021) एक्ट को एलजी की मंजूरी और ईडी की चार्जशीट में पहली बार प्रियंका का नाम आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने कांग्रेस पार्टी के केंद्र की सत्ता में आने के बाद जाति जनगणना कराए जाने की बात को पहली सुर्खी बनाया गया है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार को कांग्रेस के 139वें दिवस के मौके पर नागपुर में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी पिछले 40 उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है. इस रैली में कांग्रेस के तमाम नेता जुटे और कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की अच्छी खासी संख्या मौजूद रही. पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी रैली में शामिल नहीं हुईं.
कतर में नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों की फांसी पर रोक लगने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कतर की एक अदालत ने जासूसी के मामले में भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारीयों को सुनाई गई फांसी की सजा को कम कर दिया है. उन्हें पिछले साल अगस्त में गिरफ्तार किया गया था. विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि हमने दाहरा ग्लोबल मामले में कतर की अपीलीय अदालत के गुरुवार के फैसले पर गौर किया, जिसमें सजा कम कर दी गई है. अदालत के इस फैसले को भारत के लिए के बड़ी कुटनीतिक जीत माना जा रहा है. दुबई में कॉप28 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी के साथ मुलाकात कर कतर में भारतीय समुदाय के कल्याण को लेकर चर्चा की थी.
इसके अलावा प्रियंका-रॉबर्ट के जमीन सौदों की हो रही जांच, संसद की सुरक्षा में सेंधमारी करने वाले आरोपियों का दिल्ली पुलिस ने सच से सामना कराने की मांग की और गुजरात में बढ़े शराब के खरीददार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage