Khabar Baazi
रोज़नामचा: दूसरे दिन भी कोहरे का कोहराम और राजनाथ सिंह की सैनिकों को सलाह
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. कुछ अखबारों ने दिल्ली समेत कई राज्यों में कोहरा छा जाने तो किसी ने राजनाथ सिंह के जम्मू-कश्मीर दौरे को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अखबारों ने कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी द्वारा फिर से यात्रा निकालने के ऐलान को प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने घने कोहरे को लेकर दिल्ली समेत कई राज्यों में रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, साल खत्म होते-होते उत्तर पश्चिम भारत के मौसम ने बर्फीली करवट ले ली है. कश्मीर, पंजाब, हिमाचल, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में कड़ाके की ठंड के साथ जबरदस्त कोहरा पड़ रहा है. सड़कों पर पसरी सफेद चादर की वजह से बुधवार को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए. सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ. मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बेहद घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया है. वहीं, दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सैनिकों को ‘गलती’ से बचने की सलाह दिए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकी घटना के बाद बुधवार को राजौरी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के बाद सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्हें यह सलाह दी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सेना जम्मू-कश्मीर की धरती से आतंकवाद का सफाया कर देगी. साथ ही सेना से ऐसी कोई गलती भी नहीं होनी चाहिए जिससे देश के लोगों को दुख व नुकसान हो.
इसके अलावा केंद्र ने मुस्लिम लीग जम्मू-कश्मीर पर लगाया प्रतिबंध, राहुल गांधी अब निकालेंगे भारत न्याय यात्रा, दिल्ली में कोविड के नए वेरिएंट का पहला केस, बिहार में दीघा और सोनपुर के बीच गंगा पर बनेगा साढ़े चार किलोमीटर लंबा पुल और इज़रायली दूतावास ब्लास्ट मामले में संदिग्धों के फुटेज मिले आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने चार दिन और कोहरे से राहत नहीं मिलने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, उत्तर भारत में घने कोहरे का असर बुधवार को भी देखने को मिला. दिल्ली-एनसीआर और आसपास इसका व्यापक असर रहा. यहां दृश्यता 50 मीटर से कम रही. वहीं, दिल्ली में सुबह से ही सड़कों पर धुंध और धुंआ देखने को मिला. इस सीजन में पहली बार कई इलाकों में दृश्यता शून्य रही. मौसम विभाग के अनुसार 3 से 4 दिन कोहरे से राहत नहीं मिलेगी. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा जारी रहने की संभावना है. घने कोहरे की वजह से कई ट्रेनें देरी से चलीं. दिल्ली हवाई अड्डे से 110 उड़ानें प्रभावित हुईं.
राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा के सियासी महत्व को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, 14 राज्यों से गुजर रही इस यात्रा के मार्ग में कुल 355 लोकसभा सीटें हैं. मार्ग में असम ही ऐसा राज्य है, जहां कांग्रेस के पास 3 संसदीय सीटें हैं. इसके बाद छत्तीसगढ़ में 2 सीटें हैं. छह राज्यों में भी इतनी ही सीटें हैं. चार राज्यों में गुजरात, राजस्थान, मणिपुर और नागालैंड में कोई सीट नहीं है. भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस ने दक्षिण के तेलंगाना और कर्नाटक में सत्ता हासिल की. हालांकि, 3 राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार गंवा भी दी. पार्टी को यकीन है कि तेलंगाना, कर्नाटक की जीत में भारत जोड़ो यात्रा की अहम भूमिका रही. जिस बेल्ट से न्याय यात्रा गुजरेगी इनमें कांग्रेस के 3.5 करोड़ वोट हैं.
इसके अलावा ऋषभ पंत व ताज पैलेस होटल को शिकार बनाने वाला जालसाज गिरफ्तार, फ्रांस में राजनीतिक शरण मांगने वाले 5 नाबालिग सहित 25 भारतीय रिहा, मध्यप्रदेश के गुना में बेकाबू डंपर के बस को टक्कर मारने से 10 यात्री जिंदा जले, ईडी के समन के बाद भी पेश नहीं हुए लालू और कुश्ती संचालक की जिम्मेदारी बाजवा की अध्यक्षता वाली समिति की सौंपी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने कोहरे की वजह से सड़क हादसों में 17 की मौत होने, 110 उड़ानें प्रभावित व 50 ट्रेनें देरी से चलने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, घने कोहरे ने देश के करीब आधे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है. उससे बुरी मार उत्तर और मध्य भारत के क्षेत्रों पर पड़ी है. आम जन जीवन अस्त-व्यस्त है. ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह दृश्यता शून्य रही, जिससे हादसों की संख्या बढ़ गई. मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक उत्तर प्रदेश से पंजाब व राजस्थान में हादसों में 17 लोगों ने जान गंवा दी, करीब 70 लोग घायल हैं. कोहरे ने आवाजाही की गति भी थाम दी. दिल्ली हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण 12 उड़ानें डायवर्ट करनी पड़ीं, 110 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई और 50 ट्रेनें तय समय से देरी से चलीं.
मुस्लिम लीग जेके पर 5 साल का प्रतिबंध लगने को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र सरकार ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने पर मुस्लिम लीग जम्मू-कश्मीर (मसरत आलम ग्रुप) पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है. गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए) के तहत यह कार्रवाई की गई है. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार का संदेश स्पष्ट है कि देश की एकता, अखंडता व संप्रभुता के खिलाफ काम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे.
इसके अलावा एमफिल को अब मान्यता नहीं, भूपिंदर बाजवा की अध्यक्षता वाली समिति देखेगी कुश्ती महासंघ का कार्य, दिल्ली में मिला कोरोना के जेएन. 1 स्वरुप का पहला मामला, मध्य प्रदेश में डंपर से टकराकर बस में आग लगने से 13 लोग जिंदा जले और एनआईए ने शुरु की इज़रायली दूतावास हमले की जांच आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने उत्तर भारत में कोहरे से कोहराम मचने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम यूपी सहित उत्तर भारत में बुधवार को कोहरे व ठंड से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया. रात के औसत से अधिक तापमान, उच्च स्तर की नमी व प्रदूषण के कारण बनी कोहरे की मोटी परत ने रेल, सड़क से लेकर हवाई यातायात तक पर लगाम लगा दी है. वहीं, घने कोहरे के कारण उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि राजस्थान में हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. मौसम विभाग ने कोहरे की सघनता को लेकर अलग-अलग इलाकों के लिए लाल व ऑरेंज चेतावनी जारी की है, जिसके आवाजाही व सेहत संबंधी परामर्श भी जारी किए गए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाभार्थियों के एक विविध समूह के साथ बातचीत किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, बुधवार को उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत विभिन्न सरकारी समूहों से बातचीत के दौरान कहा कि मेरा सपना है कि देश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दो करोड़ महिलाएं लखपति बनें. प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर 2023 को इसकी शुरुआत की थी. वे इस यात्रा के लाभार्थियों के साथ नियमित संवाद कर रहे हैं. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और स्थानीय प्रतिनिधियों सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था.
इसके अलावा राहुल गांधी की मणिपुर से मुंबई तक भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी से, रूस ने सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया, दिल्ली में जेएन.1 का पहला मामला आया और सूर्य स्तंभों से सजाई जा रही है अयोध्या नगरी आदि ख़बरों को अभी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सैनिक को सजग रहकर कार्रवाई करने की सलाह दिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पुंछ में आतंकी हमले की घटना के बाद बुधवार को राजौरी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सैनिक को संबोधित करते हुए और उनका मनोबल बढ़ाते हुए यह सलाह दी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद का सफाया कर देगी. ऐसी कोई चूक नहीं होनी चाहिए, जिससे कोई भारतवासी आहत हो. उन्होंने राजौरी पहुंचकर सुरक्षा हालात की समीक्षा भी की है.
पंजाब से मध्य प्रदेश तक कोहरे की मोटी चादर बिछने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है. पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात से बंगाल-ओडिशा तक कोहरे की चादर और मोटी हो गई है. धुंध का आवागमन पर असर पड़ा है. विमानों की उड़ान तो प्रभावित हुई ही है, ट्रेनों की रफ्तार भी थम सी गई है. इस कारण हुए सड़क हादसों ने कई लोगों की जान भी ले ली है. मौसम विभाग का मानना है कि यह स्थिति अभी दो-तीन दिनों तक रहने वाली है.
इसके अलावा महादेव एप का संचालक सौरभ चंद्राकर दुबई में नजरबंद, इज़रायली दूतावास के पास हुए धमाके के विस्फोटक का रसायन पता लगाने में जुटी एनएसजी, 14 जनवरी को मणिपुर से शुरु होगी कांग्रेस की न्याय यात्रा और नितीश-लालू ने बिहार में बांट लीं सीटें आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage