Khabar Baazi
रोज़नामचा: पुंछ मामले में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी और पीएम मोदी का विकास का मंत्र
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान तो किसी ने सेना द्वारा पुंछ मामले में तीन नागरिकों की मौत के बाद कोर्ट ऑफ इंक्वायरी शुरू किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमवार को कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, उन्होंने क्रिसमस के मौके पर अपने आवास पर ईसाई समुदाय के लोगों से मुलाकात की. विज्ञान भवन में पंडित मदन मोहन मालवीय की 162वीं जयंती के कार्यक्रम में भाग लिया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 99वीं जयंती पर उनकी समाधि पर पुष्प भी अर्पित किए. इसके अलावा इंदौर में आयोजित ‘मजदूरों के हित, मजदूरों को समर्पित’ कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के तौर पर हम ये सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास का फायदा हर किसी तक पहुंचे और कोई इससे अछूता न रहे. गरीबों की सेवा, श्रमिकों का सम्मान, वंचितों को मान सरकार की प्राथमिकता है. हमारी सरकार सुशासन के सिद्धांत पर चलती है. उसके केंद्र में सत्ता नहीं बल्कि जनसेवा है. बिना घोटाले के भी सरकार चलाई जा सकती है.
मध्य प्रदेश में प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय समेत 18 सदस्यों को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने सोमवार को राजभवन में मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्रिमंडल के 28 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व सांसद राकेश सिंह और उदय प्रताप सिंह समेत 18 विधायकों को कैबिनेट में जगह दी गई है. इसके अलावा विजय शाह, करण सिंह वर्मा, संपतिया उइके, तुलसीराम सिलावट, ऐदल सिंह कंसाना, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, निर्मला भूरिया, नारायण सिंह कुशवाहा, नागर सिंह चौहान, प्रद्दुम्न सिंह तोमर, राकेश शुक्ला, चैतन्य कश्यप, इंदर सिंह परमार को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.
इसके अलावा राष्ट्रपति की मंजूरी के साथ लागू हुए नए आपराधिक कानून, जम्मू-कश्मीर के पुंछ में तीन नागरिकों की मौत पर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी शुरू और दिल्ली में कोहरे के चलते विमान डायवर्ट व कई ट्रेन लेट आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में तीन लोगों की मौत पर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी शुरु होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पुंछ में आतंकी हमले के बाद तीन ग्रामीणों के संदिग्ध हालत में शव मिलने से उपजे हालात से निपटने के लिए सेना ने एक ब्रिगेडियर हटाने के साथ ही तीन अन्य सैन्य अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. साथ ही मामले की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के भी आदेश दिए हैं. वहीं, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. इस बीच सोमवार को थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने हमला स्थल डेरी की गली का दौरा किया. उन्होंने आतंकियों के प्रति शून्य सहिष्णुता पर जोर देते हुए आम लोगों के जानमाल व सम्मान की रक्षा प्राथमिकता से करने का निर्देश दिया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उपजे हालात का जायजा लेने के लिए 27 दिसंबर को जम्मू आ रहे हैं.
फ्रांस से 276 भारतीयों को लेकर विमान के भारत के लिए रवाना होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, मानव तस्करी के संदेह में पेरिस के पास एक हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा रोके गए यात्रियों को लेकर रोमानियाई कंपनी लीजेंड एयरलाइंस का विमान भारत के लिए रवाना हो गया है. इसके मंगलवार तड़के मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है. इस विमान को रोके जाने के समय इसमें कुल 303 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर भारतीय हैं.
इसके अलावा चीन ने कहा कि हमारी कंपनियों से भेदभाव न करे भारत, मध्य प्रदेश में मोहन कैबिनेट में ओबीसी भारी, दिल्ली और पंजाब समेत उत्तर भारत में कोहरे से धीमी पड़ी विमान व वाहनों की रफ्तार और आपराधिक न्याय विधेयकों को मिली राष्ट्रपति की मंजूरी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने घने कोहरे की वजह से दिल्ली समेत कई जगहों पर रफ्तार थमी, सड़क से हवाई यातायात तक बाधित, कई उड़ानें डायवर्ट होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, शीतलहर से जूझ रहे उत्तर भारत की मुश्किलें घने कोहरे ने और बढ़ा दी है. सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और कश्मीर से लेकर सुदूर दक्षिण के तेलंगाना व दक्षिण पूर्व के ओडिशा तक 11 राज्यों में कोहरे के कारण रफ्तार थम गई. दृश्यता में भारी कमी से सड़क से लेकर रेल व हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. दिल्ली से आठ उड़ानों को डायवर्ट किया गया है. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और तेलंगाना में सड़क हादसों में 19 लोगों की जान चली गई.
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना प्रमुख द्वारा पूरी मजबूती से अभियान चलाने व आतंकियों का सफाया करने की बात कहे जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पुंछ में 21 दिसंबर को हुए आतंकी हमले में शामिल दहशतगर्दों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे सोमवार को ग्राउंड जीरो पहुंचे और जमीनी हकीकत जानी. उन्होंने सैन्य अधिकारियों से कहा कि आतंकियों के खात्मे के लिए पेशेवर तरीके से पूरी मजबूती से अभियान चलाएं. इस बीच राजौरी-पुंछ के जंगलों में आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
इसके अलावा अरब सागर में गाइडेड मिसाइल से लैस युद्धपोत किए तैनात, दूसरे राज्यों के आय प्रमाणपत्र पर दाखिले से नहीं रोक सकते केवी और न्यूज़क्लिक एचआर प्रमुख अमित चक्रवर्ती बनेंगे सरकारी गवाह आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने राज्यों में जीएसटी भरपाई बंद होने व फिर भी वसूली जारी होने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, जीएसटी में जिस स्कीम को राज्यों की आर्थिक मदद के लिए जोड़ा गया था, वो अब जनता की जेब पर भारी पड़ रही हैं. दरअसल, राज्यों को केंद्र सरकार से मिलने वाली 41 प्रतिशत जीएसटी क्षतिपूर्ति राशि 2022 से बंद है, लेकिन इसकी अदायगी के लिए केंद्र ने लग्जरी आइटम्स पर जो कंपनसेशन सेस लगाया था, उसकी वसूली अभी भी हो रही है. यह कब बंद होगी फिलहाल तय नहीं है. तब तक 1200 से 1500 सीसी की गाड़ियां, ब्रांडेड नीबू पानी, सोडा वॉटर, कोयला और आयरन स्टील महंगे ही बिकते रहेंगे.
6 राज्यों में घना कोहरा व दिल्ली से 333 उड़ानें लेट और डायवर्ट होने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. वहीं उत्तराखंड, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में मध्यम व हल्के स्तर का कोहरा रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक समूचे पश्चिम उत्तर से मध्य और पूर्वोत्तर के इलाकों में शाम के बाद व सुबह घना कोहरा छाया रहेगा. दिल्ली में सोमवार को दृश्यता शून्य रही. सुबह 333 विमान देर से उड़ान भर सके. यही हाल हैदराबाद एयरपोर्ट का रहा. वहां 129 उड़ानें लेट हुईं और कोलकाता से 45 उड़ानें लेट हुईं.
इसके अलावा हार्दिक पंड्या के लिए मुंबई ने गुजरात को 100 करोड़ दिए, राष्ट्रपति मुर्मु ने नए आपरधिक कानूनों को मंजूरी दी, अरब सागर में तीन गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर तैनात, नीतीश कुमार बोले इंडिया गठबंधन और हमारी पार्टी में सब ठीक और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिना ठोस आधार जमानत स्वतः रद्द होने की शर्त नहीं रखी जा सकती आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज करने व सेना द्वारा जांच शुरु किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, हालिया आतंकवादी हमले में चार सैनिकों के शहीद होने के बाद सुरक्षा बलों द्वारा पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए तीन नागरिकों की मौत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. मुकदमा दर्ज होने के बाद सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी शुरू की है. अधिकारियों के अनुसार घटना को गंभीरता से लेते हुए सेना के एक ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारी का तबादला कर दिया है और राष्ट्रीय राइफल्स के दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. हिरासत में आम नागरिकों को यातना दिए जाने के आरोप लगे, जिसके बाद जनता में आक्रोश देखने को मिला.
सोमवार को क्रिसमस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईसाई समुदाय से अपना पुराना नाता बताए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, क्रिसमस के मौके पर अपने आधिकारिक आवास पर ईसाई समुदाय के लोगों से संवाद के दौरान उन्होंने यह बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास का फायदा हर किसी तक पहुंचे और कोई इससे अछूता न रहे. मोदी ने कहा, ईसाई समुदाय के लोगों तक विशेषकर गरीबों और वंचितों तक आज देश में हो रहे विकास का लाभ पहुंच रहा है.
इसके अलावा सरकारी गवाह बनने के लिए कोर्ट पहुंचा न्यूज़क्लिक का अधिकारी, बलात्कार का आरोपी दिल्ली हवाई अड्डे से फरार, दिल्ली में नए साल में बढ़ जाएगी ठंड और दिल्ली के एक अस्पताल में महिला से यौन उत्पीड़न के मामले में मुख्य सचिव ने दी रपट आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
CBD COP17: Why digital genetic data debate matters to India’s farmers and researchers
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth