Khabar Baazi
रोज़नामचा: 49 सांसदों का निलंबन, विपक्षी गठबंधन की बैठक और ज्ञानवापी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की टिप्पणी
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने सांसदों के निलंबन तो किसी ने ज्ञानवापी मस्जिद पर इलाहाबाद कोर्ट की टिप्पणी को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कुछ अखबारों ने विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक को भी पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्ष की आलोचना किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में लगातार हंगामा करने पर विपक्षी दलों की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि विपक्ष हालिया विधानसभा चुनावों में हार से हताश होकर संसद की सुरक्षा में चूक मामले को राजनीतिक तूल दे रहा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष का लक्ष्य उनकी सरकार को उखाड़ फेंकना है, लेकिन उनका लक्ष्य भारत का उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करना है.
चुनाव के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा प्रधानमंत्री पद के चेहरे पर फैसला किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, एकजुटता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की मंगलवार को बैठक हुई. इसमें निर्णय लिया गया है कि विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए नाम का चयन 2024 के चुनावों के बाद होगा. ‘इंडिया’ की चौथी बैठक में सीट बंटवारा, संयुक्त प्रचार, न्यूनतम साझा कार्यक्रम, ईवीएम और प्रधानमंत्री पद के चेहरे पर चर्चा हुई. तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को गठबंधन की और से पीएम पद का उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव रखा.
इसके अलावा नोएडा-ग्रेनो में फ्लैट की हो सकेगी रजिस्ट्री, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी मामले की सुनवाई छह महीने में पूरी करने का दिया निर्देश और भारत ने मजबूत वृद्धि दर से दुनिया में मिशाल पेश की आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में प्रधानमंत्री पर निर्णय चुनाव के बाद किए जाने की सहमति बनने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ एक बैनर तले चुनाव मैदान में होगा. नई दिल्ली में मंगलवार को विपक्षी गठबंधन की बैठक में इस बात पर सहमति बन गई है. खड़गे ने बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि गठबंधन का पहला लक्ष्य लोकसभा चुनाव जीतना है.
संसद की सुरक्षा में चूक पर हंगामा करने के मामले में और 49 सांसदों को निलंबित किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, लोकसभा में मंगलवार को भी संसद की सुरक्षा में चूक मामले को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी रहा, जिसके बाद पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने शशि थरूर, मनीष तिवारी, फारुख अब्दुल्ला और सुप्रिया सुले सहित विपक्ष के कुल 49 सांसदों को शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया. इसके साथ ही अब तक संसद के दोनों सदनों से कुल 141 सांसदों का निलंबन हो चुका है.
इसके अलावा देश में एक दिन में कोरोना के 288 मामले, आइपीएल 2024 के महंगे खिलाड़ी बने स्टार्क और कल्याण बनर्जी के नकल उतारने पर तमतमाए जगदीप धनखड़ आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा ज्ञानवापी परिसर के स्वमित्व विवाद को राष्ट्रीय महत्व का सिविल वाद कहे जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, ज्ञानवापी परिसर के स्वामित्व संबंधी विवाद में हाईकोर्ट ने कहा कि यह विवाद देश के दो बड़े समुदायों को प्रभावित करता है. पिछले 32 साल से सिविल वाद से लंबित है और 25 साल तक अंतरिम आदेश के कारण सुनवाई रुकी है. दोनों पक्ष देरी की रणनीति अपनाए बगैर सुनवाई में सहयोग करें.
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विपक्ष के पीएम प्रत्यासी के रूप में उभरते हुए दिखाई देने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 2024 में विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए (इंडिया) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में उभरते हुए दिखाई दे रहे हैं. आईएनडीआईए की चौथी बैठक में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने देश के पहले दलित प्रधानमंत्री के तौर पर खड़गे की उम्मीदवारी का सुझाव रखा तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसका समर्थन किया.
इसके अलावा तृकां सांसद ने धनखड़ की नकल उतारी तो राहुल बनाते रहे वीडियो, आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने स्टार्क और लोकसभा से 49 विपक्षी सांसद और निलंबित आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली में गठबंधन की चौथी बैठक हुई. जहां प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्ष ने खड़गे का नाम आगे बढ़ाया. साथ ही सांसदों के निलंबन को लेकर देशभर में 22 तारीख को प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई गई. साथ ही इस दौरान ईवीएम को लेकर भी एक प्रस्ताव पारित हुआ. जिसमें वीपीपैट पर्ची की 100 फीसदी गणना और यह पर्ची वोटर को देने की बात कही गई.
इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा ज्ञानवापी मस्जिद के मामले को देशहित से जुड़ा मामला बताने को भी अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने कहा कि देशहित में इस केस का ट्रायल 6 महीने में पूरा होना चाहिए. यह दो पक्षकारों के बीच जमीन का सामान्य विवाद नहीं बल्कि देशहित से जुड़ा मामला है.
इसके अलावा आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी में सबसे महंगे बिके मिचेल स्टार्क, एक साल में 2921 दवाएं मानकों पर खरी नहीं मिली और एल्गार परिषद मामले में गौतम नवलखा को मिली जमानत आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने लोकसभा में विपक्ष के 49 और सदस्यों को निलंबित किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. संसद की सुरक्षा सेंध मामले में गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर अड़े विपक्ष के 49 और सदस्यों को लोकसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया. लोकसभा में विपक्ष के अब तक दो तिहाई से भी अधिक सदस्य निलंबित किए जा चुके हैं. 138 सदस्यों वाले विपक्ष में अब केवल 43 सदस्य ही बचे हैं. दोनों सदनों से अब तक कुल निलंबित किए गए सांसदों की संख्या 141 हो गई है.
इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा ज्ञानवापी स्वामित्व व सर्वे से जुड़ी मुस्लिम पक्ष की पांचों याचिकाएं खारिज किए जाने को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी मस्जिद और विश्वेश्वर नाथ मंदिर विवाद मामले में अहम फैसला सुनाते हुए वाराणसी जिला अदालत में स्वामित्व व सर्वे कराए जाने के वाद को सुनवाई योग्य माना है. न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी और सुन्नी वक्फ बोर्ड की पांच याचिकाएं खारिज करते हुए सुनवाई छह महीने में पूरा करने के लिए भी कहा.
इसके अलावा अवैध कॉलोनियों में अब तीन साल तक नहीं होगी तोड़फोड़, नोएडा-ग्रेनो के 2.40 लाख फ्लैटों की रजिस्ट्री जल्द, शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान को ईडी ने भेजा समन और दिल्ली हाईकोर्ट ने अडाणी, एस्सार समूह के खिलाफ जांच में तेजी के दिए आदेश आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra