Khabar Baazi
रोज़नामचा: भजनलाल शर्मा को राजस्थान की कमान और चुनाव आयुक्तों का दर्जा होगा न्यायाधीशों के समान
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को पहली सुर्खी बनाया है. किसी ने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाए जाने तो किसी ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित बिल के राज्यसभा में पास होने तो किसी ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अखबारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं. लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एआई से विकास और विनाश दोनों की संभावनाएं जताए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एआई पर आयोजित वैश्विक साझेदारी (जीपीएआई) शिखर सम्मलेन में आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस से बढ़ती चुनौतियों और खतरों को दुनिया को आगाह किया. उन्होंने कहा कि एआई 21वीं सदी में विकास का सबसे बड़ा जरिया बन सकता है, लेकिन यह विनाश करने की भी समान रूप से ताकत रखता है. ऐसे में एआई के नैतिक इस्तेमाल और इसका दुरुपयोग रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर ठोस योजना तैयार की जानी चाहिए.
राजस्थान की कमान भजनलाल शर्मा को सौंपे जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, भाजपा ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की तर्ज पर राजस्थान में भी नए चेहरे पर दांव लगाया है. पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने फिर चौंका दिया है. भाजपा विधायक दल की मंगलवार शाम जयपुर में हुई बैठक में शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया. पार्टी द्वारा विधायक प्रेमचंद बैरवा व दीया कुमारी को राजस्थान का उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की गई है.
इसके अलावा चुनाव आयुक्तों का दर्जा सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति जैसा होगा, केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में भारत में अवैध प्रवासियों की गिनती को असंभव बताया, खाद्य वस्तुओं के दामों में तेजी से खुदरा महंगाई बढ़ी और यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में बढ़ोतरी की तैयारी को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने भजनलाल शर्मा को राजस्थान की कमान सौंपने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सभी कयासों और संभावनाओं को विराम देते हुए भाजपा ने पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री घोषित किया है. उनके नाम का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रखा. इसके साथ ही दूसरी बार विधायक बनी दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री घोषित किया गया है. वरिष्ठ विधायक वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे. शर्मा अपने जन्मतिथि 15 दिसंबर को ही शपथ लेंगे.
केंद्र सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में “देशभर में घुसपैठियों का आंकड़ा बताना संभव नहीं होने” का हलफनामा दाखिल किये जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे अवैध प्रवासियों यानी घुसपैठियों का आंकड़ा जुटाना संभव नहीं हैं. नागरिकता अधिनियम की धारा 6ए की वैधता से जुड़े मामले में केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में यह हलफनामा दाखिल किया है. इसमें बताया गया कि इस प्रावधान के तहत 17,861 लोगों को नागरिकता दी गई है. शीर्ष अदालत इस धारा की संवैधानिक वैधता की समीक्षा कर रही है. केंद्र ने कोर्ट में बताया कि फॉरेन ट्रिब्यूनल ने असम में 32,381 लोगों की पहचान विदेशी के रूप में की है. सुप्रीम कोर्ट ने सात दिसंबर को केंद्र से आंकड़े पेश करने को कहा था.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के जजों के बराबर होगा मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्त (ईसी) का दर्जा और पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर आतंकी हमले में 23 सैनिकों की मौत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री बनाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, भाजपा ने फिर चौंकाते हुए आरएसएस और संगठन से जुड़े पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री बनाया है. 55 साल के भजनलाल ब्राह्मण हैं. इस तरह पार्टी ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी और मध्य प्रदेश में ओबीसी को सीएम बनाने के बाद जातीय संतुलन का संदेश दिया है. विधायक दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा डिप्टी सीएम बनाए गए हैं. 73 साल के वासुदेव देवनानी विधानसभा स्पीकर होंगे. भजनलाल ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कलराज मिश्र के समक्ष सरकार बनाने का दवा पेश कर दिया है.
गणतंत्र दिवस समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन के न आने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, 26 जनवरी पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शामिल नहीं होंगे. भारत ने बाइडेन को समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में न्योता दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया था. हालांकि, अब अमेरिकी प्रशासन ने बाइडेन का दौरा निरस्त कर दिया है. फिलहाल इसका कारण नहीं बताया गया है. बाइडेन का दौरा निरस्त होने पर भारत सरकार में जनवरी के आखिर में तय क्वाड समिट भी स्थगित कर दी है.
इसके अलावा सीबीएसई की कक्षा 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी और खुदरा महंगाई तीन महीने के उच्च स्तर 5.5 फीसदी पर पहुंची आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया मुख्यमंत्री चुने जाने को पहली बनाया है. ख़बर के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और पहली बार के विधायक बने भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे. भाजपा विधायक दल की मंगलवार शाम जयपुर में पार्टी मुख्यालय की बैठक में शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया. इसके साथ ही राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया. पार्टी द्वारा विधायक प्रेमचंद बैरवा व दीया कुमारी को राजस्थान का उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की गई है.
केंद्र द्वारा उच्चतम न्यायालय में “देश में अवैध प्रवासियों का आंकड़ा जुटाना संभव नहीं होने” की बात कहने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, केंद्र ने न्यायालय से कहा है कि देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे अवैध प्रवासियों संबंधी आंकड़ा जुटाना संभव नहीं है, क्योंकि ऐसे लोग देश में चोरी-छिपे प्रवेश करते हैं. शीर्ष अदालत असम में अवैध प्रवासियों से संबंधित नागरिकता अधिनियम की धारा 6ए की संवैधानिक वैधता की समीक्षा कर रही है. उच्चतम न्यायालय में दाखिल किए गए हलफनामे में केंद्र ने कहा कि इस प्रावधान के तहत 17,861 लोगों को नागरिकता प्रदान की गई है.
इसके अलावा खुदरा महंगाई तीन माह के उच्चस्तर पर, बाइडेन गणतंत्र समारोह में नहीं आएंगे, राज्यसभा में सीईसी व ईसी नियुक्त विधेयक पारित और आतंकवाद के दायरे में अब आर्थिक सुरक्षा को खतरा पहुंचाना भी शामिल आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में समिति द्वारा चुनाव आयुक्तों का चयन किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, राज्यसभा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) व चुनाव आयुक्तों (ईसी) की नियुक्ति से संबंधित विधेयक को मंजूरी दे दी है. विपक्ष व पूर्व चुनाव आयुक्तों की मांग को मानते हुए केंद्र सरकार ने सीईसी व ईसी वेतन भत्तों व सुविधाओं को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के बराबर बनाए रखा है. इससे पहले पेश विधेयक में वेतन व भत्तों को कैबिनेट सचिव के पद के समान कर दिया गया था. इसका विरोध होने पर सरकार ने इसमें बदलाव कर दिया.
एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म में भाजपा विधायक रामदुलार को दोषी करार देने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में यूपी के दुद्धी से भाजपा विधायक रामदुलार गोंड को दोषी करार दिया है. उन्हें 15 दिसंबर को सजा सुनाई जाएगी. गोंड को मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया. दो वर्ष से ज्यादा की सजा मिलने पर गोंड की विधानसभा सदस्यता रद्द हो जाएगी. नाबालिग से 4 नवंबर, 2014 को दुष्कर्म हुआ था. दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में दर्ज मामले के अनुसार, रामदुलार ने नाबालिग को धमकाया और एक वर्ष तक दुष्कर्म किया. इस साल आठ दिसंबर को दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने मामले में अपना पक्ष रखा था.
इसके अलावा कोटा में जेईई की तैयारी कर रहे छात्र की पीट-पीटकर हत्या और केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कार पर हमले को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की साजिश बताया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
Censorship, arrests, internet shutdown, PR campaign: How Arunachal is trying to control the Siang dam narrative
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions