Khabar Baazi
रोज़नामचा: चुनावी बॉन्ड की गोपनीयता पर सुप्रीम कोर्ट का सवाल और महुआ मोइत्रा का ‘दुबई कनेक्शन’
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने दिल्ली में खराब होती हवा तो किसी ने चुनावी बॉन्ड को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को प्राथमिकता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने महुआ मोइत्रा मामले तो कुछ ने भारत-बांग्लादेश के बीच रेलवे कनेक्टिविटी को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, अगर दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से ज्यादा होता है तो राजधानी में निर्माण पर भी रोक लगेगी. मालूम हो कि पिछले 6 दिनों में एक्यूआई 364 तक पहुंच गया है.
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग पर सभी दलों द्वारा सहमति बन जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को सभी दलों की बैठक बुलाई गई. जिसमें सभी ने इस आरक्षण पर सहमति जताई.
इसके अलावा बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल और परिवार की संपत्तियां जब्त, एप्पल अधिकारियों को तलब कर सकती है संसदीय समिति और समलैंगिक विवाह पर फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने महुआ मोइत्रा मामले को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सवाल पूछने के बदले पैसे लेने की आरोपी महुआ की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक उनका अकाउंट दुबई से 47 बार लॉग-इन हुआ. मालूम हो कि महुआ को आज संसद की आचार समिति के सामने पेश होना है.
चुनावी बॉन्ड योजना को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि इसमें 'चुनिंदा गुमनामी' और 'चुनिंंदा गोपनीयता' का प्रावधान है क्योंकि विवरण भारतीय स्टेट बैंक के पास उपलब्ध हैं और कानून प्रवर्तन एजेंसियां उन्हें हासिल कर सकती हैं.
इसके अलावा आबकारी घोटाले में आज प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष अरविंद केजरीवाल की पेशी, अक्टूबर में अब तक का दूसरा सर्वाधिक जीएसटी संग्रहण और भारत-बांग्लादेश के बीच रेल लिंक समेत तीन परियोजनाएं शुरू आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने भारत और बांग्लादेश के नई रेलवे लाइन के जरिए जुड़ जाने की ख़बर को प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के निश्चिंतपुर और बांग्लादेश के गंगासागर स्टेशनों के बीच रेल लिंक स्थापित हो गया है. दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने इसका संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. इस रेलवे लाइन की शुरुआत से अब सफर में काफी समय की बचत होगी.
चुनावी बॉन्ड योजना की 'चयनात्मक गोपनीयता' पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा सवाल उठाए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सत्तारूढ़ राजनीतिक दलों के पास विपक्षी दलों को धन देने वाले दानदाताओं के बारे में गोपनीय जानकारी जुटाने के तरीके हो सकते हैं लेकिन विपक्षी दल ऐसी जानकारी नहीं जुटा सकते.
इसके अलावा वाणिज्यिक सिलेंडर 101 रुपये महंगा, भारतीय मूल की नंदिनी दास ने जीता ब्रिटिश अकादमी पुस्तक पुरस्कार, नरेश गोयल की 538 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, आईआईटी दिल्ली के छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान और हवा की गति कम होने से दमघोंटू हुआ दिल्ली का प्रदूषण आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने चुनावी बॉन्ड योजना को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश ने सवाल किया कि जब बड़े दानदाता जानते हैं कि खुद के नाम से बॉन्ड खरीदने पर वे एसबीआई की अकाउंटिंग बुक में आ जाएंगे तो वो दूसरे के नाम से बॉन्ड खरीदेंगे.
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण के मुद्दे को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, आरक्षण के लिए बुधवार को हिंगोली जिले में दो और लोगों ने जान दे दी. वहीं, इस बीच मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक बुलाई. साथ ही आरक्षण की मांग को लेकर अनशन कर रहे मनोज जारांगे से समय मांगा.
इसके अलावा मैच के टिकट नहीं मिलने पर बीसीसीआई के खिलाफ एफआईआर, मणिपुर में देर रात भीड़ ने थाना घेरा, आरबीआई के मुताबिक 2000 रुपये के 97 फीसदी नोट वापस आए और नरेश गोयल की 538 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने चुनावी बॉन्ड योजना की गोपनीयता पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा सवाल उठाए जाने को प्रमुखता दी है. सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा कि चुनावी बॉन्ड के साथ समस्या यह है कि यह 'चयनात्मक गुमनामी' और 'चयनात्मक गोपनीयता' प्रदान करता है.
देशभर में वायु प्रदूषण के बढ़ने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, राजधानी दिल्ली सहित देश के 13 शहरों की हवा बहुत खराब हो चुकी है. इनमें बहादुरगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, कैथल और रोहतक आदि शामिल हैं.
इसके अलावा भारत और बांग्लादेश के बीच नए रेल लिंक की शुरुआत, दिल्ली शराब घोटाले में आज प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष अरविंद केजरीवाल की पेशी और दुबई से 47 बार इस्तेमाल हुआ महुआ का लॉग इन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra