Khabar Baazi
रोज़नामचा: विपक्षी नेताओं के फोन में हैकिंग का अलर्ट और अमृत कलश यात्रा का समापन
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने विपक्षी नेताओं के फोन में सेंधमारी के अलर्ट तो किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण ने फोन हैकिंग विवाद को प्रमुख सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मंगलवार सुबह कई विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि उनके फोन की हैकिंग की जा रही है. जिसके बाद ये मामला गरमा गया. शाम को सरकार ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए.
चुनावी बॉन्ड की वैधानिकता को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू होने को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, याचिकाकर्ताओं ने कहा कि गोपनीयता बनाए रखने से भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की संभावना और बढ़ेगी.
इसके अलावा जौहर ट्र्स्ट से जमीन वापस लेगी उत्तर प्रदेश सरकार, बारामुला में आतंकियों ने पुलिसकर्मी को मारा, सुप्रीम कोर्ट ने वायु प्रदूषण रोकने के उपाय पर पांच राज्यों से मांगा जवाब और मणिपुर में उग्रवादियों ने की पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने आईफोन में सेंधमारी के अलर्ट को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विपक्षी नेताओं ने एप्पल कंपनी की ओर से भेजे गए अलर्ट को आधार बनाते हुए यह दावा किया. जिसके बाद शाम को केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विपक्ष गुमराह करने की कोशिश कर रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की जांच करवाएगी.
बढ़ते वायु प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा चिंता जताए जाने और दिल्ली समेत पांच राज्यों से जवाब तलब किए जाने को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी इस मामले में जवाब दायर करने को कहा है.
इसके अलावा मोहाली में आप विधायक के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय का छापा, घाटी में लगातार तीसरे दिन आतंकी हमला- पुलिसकर्मी की हत्या, मणिपुर में पुलिसकर्मी की हत्या, सचिन पायलट और सारा की राहें हुईं अलग आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
हिंदुस्तान अख़बार ने अमृत कलश यात्रा के समापन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संबोधन को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश ने आजादी के अमृत महोत्सव में कई मुकाम हासिल किए हैं और कई मंजिल पाना अभी बाकी है.
विपक्षी नेताओं के फोन में हैकिंग के अलर्ट को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि मंगलवार को विपक्षी नेताओं समेत कई लोगों के फोन पर ये अलर्ट आए. जिसके बाद मामला गरमा गया. वहीं, शाम को सरकार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए.
इसके अलावा कश्मीर में एक और पुलिसकर्मी की हत्या, केंद्रीय राज्यमंत्री पर चंद्रशेखर पर केस दर्ज, 2020 के बाद अक्टूबर सबसे प्रदूषित, गाजा में राहत शिविर पर मिसाइल गिरी और कारोबारी मुकेश अंबानी से फिर ई-मेल पर मांगी रंगदारी आदि ख़बरों को पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता अख़बार ने विपक्षी नेताओं द्वारा जासूसी किए जाने के दावों को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, विपक्ष के कुछ नेताओं के आईफोन पर आए 'राज्य प्रायोजित छेड़छाड़ की कोशिशों के चेतावनी संदेश' को लेकर सरकार पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी दलों के आईफोन से छेड़छाड़ कर अडाणी मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है. उधर, विपक्षी नेताओं के दावों के बाद सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं.
मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में एसडीपीओ की जान जाने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, मणिपुर में तेंगनौपाल जिले के मोरेह में संदिग्ध उग्रवादियों ने मंगलवार को पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी. वहीं, इंफाल ईस्ट और चूड़ाचांदपुर जिले में सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा हथियार और विस्फोटक जब्त किए हैं.
इसके अलावा जम्मू कश्मीर में पुलिसकर्मी की हत्या, आजम खान को पट्टे पर दी गई जमीन ली जाएगी वापस, दिल्ली की आबोहवा पर उच्चतम न्यायालय ने पांच राज्यों से मांगा जवाब आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने मणिपुर में फिर हिंसा भड़कने की ख़बर को प्राथमिकता दी है. ख़बर के मुताबिक, डीएसपी चिंगथम आनंद को गोली मारकर हत्या करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. वे मैती समुदाय से थे. घटना के बाद मुख्यमंत्री एन. वीरेन सिंह ने बैठक बुलाई.
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा की पेशी की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, पैसे लेकर सवाल पूछने से जुड़े मामले में महुआ 2 नवंबर को लोकसभा की आचार समिति के सामने पेश होंगी. महुआ का कहना है कि वे उन सभी आरोपों का पर्दाफाश करेंगी जो उन्हें संसद में चुप कराने के मकसद से फैलाए गए हैं. उन्होंने पहले से तय कार्यक्रमों का हवाला देकर समिति अध्यक्ष विनोद सोनकर से 5 नवंबर के बाद बैठक बुलाने का आग्रह किया था.
इसके अलावा छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के डर से पोलिंग बूथ 100 किलोमीटर दूर, कोविड में गई अच्छे वेतन वाली 90 लाख नौकरियां, अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण देने के लिए रामलला ट्रस्ट देशभर में भेजेगा पूजित अक्षत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context