Khabar Baazi
रोज़नामचा: केरल में धमाके और आंध्र प्रदेश में भीषण ट्रेन हादसा
हिंदी के ज्यादातर प्रमुख अख़बारों ने आज केरल के एर्नाकुलम जिले के कलमश्शेरी में रविवार को हुए धमाके की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. इसके अलावा आंध्र प्रदेश में हुए ट्रेन हादसे की खबर को भी अख़बारों ने पहले पन्ने पर प्रमुखता से छापा है. आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान अख़बार ने प्रार्थना सभा में धमाकों से दहला केरल की ख़बर को पहली सुर्खी बनयाा है. अख़बार ने लिखा कि केरल के एर्नाकुलम जिले के कलमश्शेरी में रविवार सुबह एक के बाद एक तीन धमाके हुए. कन्वेंशन सेंटर में ईसाई समुदाय के धार्मिक सम्मलेन में 2300 लोगों द्वारा प्रार्थना करने के दौरान हुए इन आईईडी विस्फोटों में दो महिलाओं की मौत हो गई और 51 लोग घायल हो गए जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वहां के मुख्यमंत्री पी. विजयन से बात कर स्थिति का जायजा लिया. खुद को ईसाईयों के समूह का सदस्य बताने वाले डोमिनिक मार्टिन नाम के शख्स ने विस्फोटों की जिम्मेदारी लेते हुए पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया.
अख़बार ने आंध्र प्रदेश में दो ट्रेनों की टक्कर की ख़बर को दूसरी ख़बर के रूप में चुना है. ख़बर के मुताबिक, रविवार शाम विजयनगरम में दो ट्रेनों, विशाखापत्तनम-पालसा पैसेंजर और विशाखापत्तनम-रायगढ़ पैसेंजर की टक्कर में 8 लोगों की मौत और 25 लोग घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को सूचित किया गया. मंडल रेल प्रबंधक सौरभ प्रसाद घटना स्थल पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुटे. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बचाव कार्य जारी होने की जानकारी दी और प्रधानमंत्री मोदी ने घटना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी से बात की.
इसके अलावा पीएम मोदी 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘मेरा युवा भारत’ नामक संगठन की नींव रखेंगे, भारत लगातार छठा मैच जीतकर सेमीफाइनल की दहलीज पर, दिल्ली में हवा गंभीर स्तर के करीब पहुंची, गाजा में सबसे बड़े अस्पताल के पास भीषण बमबारी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देशवासियों से की गई अपली को पहली सुर्खी बनाया है. दीपावली से ठीक पहले पीएम मोदी ने रविवार को मन की बात के 106 वें संस्करण में संबोधित करते हुए देशवासियों को फिर से वोकल फार लोकल का मंत्र दिया और उनसे देश को आत्मनिर्भर बनाने की अपील करते हुए देश में ही बने सामानों को खरीदने की सलाह भी दी है. पीएम ने संबोधन के दौरान ‘मेरा युवा भारत’ के गठन की सूचना भी दी है.
केरल में ईसाई प्रार्थना सभा में हुए धमाके को भी अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, धमाके के वक्त सभा में दो हजार से अधिक लोग मौजूद थे. इन धमाकों में दो महिलाओं की मौत हो गई है और 51 लोग घायल हो गए. कोच्चि के डोमिनिक नामक व्यक्ति ने धमाकों की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मसमर्पण किया है.
इसके अलावा आंध्र प्रदेश में ट्रेनें टकराई, आठ की मौत, श्रीनगर में क्रिकेट खेल रहे इंस्पेक्टर को आतंकियों ने गोली मारी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने बिहार सरकार द्वारा आरक्षण का कोटा बढ़ाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. लिखा कि धर्म और जाति की चुनावी बिसात पर बिहार सरकार नौकरियों व शिक्षण संस्थानों में जातीय सर्वे के बूते आरक्षण का कोटा 50 प्रतिशत बढ़ाने का कार्ड खेल सकती है. बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 6 नवंबर से शुरू हो रहा है और इस दौरान आरक्षण का कोटा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 70-75 प्रतिशत करने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा जा सकता है.
अख़बार ने आंध्र प्रदेश में रविवार को हुए ट्रेन हादसे की खबर को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है. ख़बर के मुताबिक, एक ही पटरी पर जा रही दो पैसेंजर ट्रेनों की टक्कर होने से छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हैं. ट्रेनों में टक्कर की वजह से तीन बोगियां पटरी से उतर गईं.
इसके अलावा पंजाब सरकार ने इस साल जून और अक्टूबर में बुलाए विधानसभा के विशेष सत्रों को अवैध करार दे चुके राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कांग्रेस पर आरोप कहा महाकाल लोक का विरोध कर रही थी कांग्रेस लेकिन मोदी के शासनकाल में बना, केरल में विस्फोट के बाद दिल्ली में भी सुरक्षा बढ़ाई आदि ख़बरों को अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने आंध्र प्रदेश में ट्रेन हादसे की ख़बर को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि राज्य के विजयनगरम में एक ही रूट पर जा रही थी ट्रेनें पीछे से आ रही ट्रेन ने सिग्नल की अनदेखी कर दूसरी को मारी टक्कर. इस टक्कर में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि 32 लोग घायल हो गए हैं. ट्रेनों में टक्कर के कारण पीछे के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. राज्य आपदा मोचन बल के अलावा रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच कर राहत अभियान में जुटे.
अख़बार ने केरल में प्रार्थना सभा में तीन बम विस्फोट की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, केरल के एर्नाकुलम जिले में रविवार सुबह हुए तीन सिलसिलेवार बम धमाकों में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 51 लोग घायल हो गए. धमाके के समय कन्वेंशन सेंटर में करीब दो हजार लोग मौजूद थे. एनआईए और एनएसजी की टीम जांच के लिए पहुंच चुकी हैं.
इसके अलावा गाजा पट्टी में हमला तेज, इज़रायली वायुसेना ने हमास के 450 सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, दिल्ली हुई और प्रदूषित, हरियाणा के 6 शहरों में एक्यूआई 300 पार, श्रीनगर में क्रिकेट खेल रहे पुलिस इंस्पेक्टर पर आतंकियों ने बरसाईं गोलियां आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने केरल में रविवार को हुए तीन धमाकों की ख़बर को पहली सुर्खी बनाते हुए लिखा कि केरल के कलमश्शेरी में ईसाई समुदाय के एक प्रार्थना केंद्र में रविवार सुबह दो महिलाओं की मौत हो गई और 51 लोग घायल हुए हैं. स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार 90 फीसद तक झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया और अन्य घायल हुए 51 लोगों का इलाज जारी है. इन धमाकों की जिम्मेदारी लेते हुए ईसाईयों के ‘यहोवा के साक्षी’ संप्रदाय के सदस्य एक व्यक्ति डोमिनिक ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है.
आंध्र में दो ट्रेन टकराने की ख़बर को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, दो यात्री ट्रेन की टक्कर में आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए हैं. पूर्वी तटीय रेलवे क्षेत्र के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार दुर्घटना लगभग शाम सात बजे हुई.
इसके अलावा जम्मू कश्मीर पुलिस के अधिकारी को श्रीनगर में आतंकवादियों ने गोली मार दी, पश्चिम एशिया में शांति बहाली पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी ने दिया जोर, भारत इंग्लैंड को 20 साल बाद वर्ल्ड कप में हराकर सेमीफइनल में पहुंचा आदि ख़बरों भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context
-
How failure to destroy juvenile crime records is hurting children’s rehabilitation