Khabar Baazi
रोज़नामचा: गेंहू के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी और अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन का इज़रायल दौरा
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने इज़रायल-हमास संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के दौरे तो किसी ने गाजा के अस्पताल पर हुए हवाई हमले में इज़रायल की सफाई को पहली सुर्खी बनाया है. वहीं, कई कुछ अख़बारों ने सर्वोच्च न्यायालय की कड़ी टिप्पणी तो कुछ ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद लिए गए निर्णयों को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने गाजा के एक अस्पताल पर रॉकेट हमले के लिए इज़रायल द्वारा हमास को जिम्मेदार ठहराने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि गाजा के अल-अहली अल-अरबी अस्पताल में मंगलवार शाम हुए धमाके इजरायली बमबारी का नतीजा नहीं बल्कि आतंकियों की करतूत है. हमास ने इसके लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया था, लेकिन इजरायली सुरक्षाबलों ने बुधवार को ड्रोन वीडियो और आतंकियों के बीच की ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी कर इस बात के ठोस सबूत पेश किए हैं. इसके मुताबिक, अस्पताल में धमाका गाजा में सक्रिय आतंकी समूह फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद द्वारा दागे गए रॉकेट के गलत दिशा में जाकर फटने की वजह से हुआ था.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा गेहूं समेत छह रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि केंद्र सरकार ने गेहूं समेत छह रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में दो से सात प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है. ख़बर के मुताबिक, वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है. गेहूं के एमएसपी को 150 रुपये बढ़ाकर अब 2,275 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है.
इसके अलावा राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई तो अडाणी मामले की जांच कराएंगे, बेटे अबदुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में पुत्र-पत्नी समेत सपा नेता आजम खान को सात साल की सजा, भारतीय वायुसेना ने लंबी दूरी की ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण किया, बुधवार को गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जनजातीय युवाओं के उज्जवल भविष्य में बाधा बन रहे नक्सली और टीवी पत्रकार सौम्य विश्वनाथन की हत्या मामले में 15 साल बाद पांच दोषी करार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने फिनोलेक्स केबल्स से जुड़े मामले पर सुनवाई करते हुए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तल्ख टिप्पणी करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मामले पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) व राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीलीय न्यायाधिकरण अब सड़ चुके हैं. सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को फिनोलेक्स केबल की वार्षिक आम बैठक के परिणामों के खुलासे के मामले में आदेश की अवहेलना करने के लिए एनसीएलएटी के न्यायिक सदस्य समेत दो को अवमानना का नोटिस भेजा.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कमर्चारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी और किसानों के लिए एमएसपी बढ़ाने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और किसानों के लिए झोली खोल दी है. प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया. ख़बर के मुताबिक, केंद्र सरकार ने गेहूं समेत छह रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में इजाफा करने का भी फैसला लिया.
इसके अलावा ईडी के गिरफ्तारी व संपत्ति जब्त करने के अधिकार की समीक्षा करेगा सर्वोच्च न्यायालय, टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्या मामले में पांच दोषी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ओडिशा के और इंद्रसेन रेड्डी नल्लू त्रिपुरा के राज्यपाल बने, गाजा के अस्पताल में 500 लोगों की मौत के बाद इज़रायल पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सपा नेता आजम खान, पत्नी व बेटे को 7-7 साल की जेल और दिल्ली में रहने वाले कश्मीरी पंडितों मिलेगी 27 हजार रुपये मासिक राहत राशि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने गाजा के अस्पताल पर हवाई हमले के बाद पूरी दुनिया में हो रही चर्चा को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि गाजा के अस्पताल पर हुए हमले में सैकड़ों मजलूमों की मौत पर दुनिया भर में आक्रोश है. कई अरब मुल्कों ने इस हमले के लिए इज़रायल को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, इज़रायल का कहना है कि अस्पताल पर गिरने वाला रॉकेट हमास का था. ख़बर के मुताबिक, बुधवार को दुनिया के कई देशों में इज़रायल के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए. वहीं, अमेरिका ने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह से इज़रायल के साथ है.
अख़बार ने केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मियों और किसानों को राहत देने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी. ख़बर के मुताबिक, मंत्रिमंडल ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये बढ़ाकर 2,275 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की. इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस देने का भी निर्णय लिया गया.
इसके अलावा टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्या मामले में पांचों हत्यारोपी दोषी करार, दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में बेटे, पत्नी समेत सपा नेता आजम खान को 7 साल की सजा और नोएडा में डीएनडी से जेवर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी रैपिड ट्रेन आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा इज़रायल के दौरे पर जाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि तेल अवीव पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि गाजा पट्टी के एक अस्पताल में घातक विस्फोट एक आतंकी समूह द्वारा दागे गए रॉकेट से प्रतीत होता है. ख़बर के मुताबिक, बाइडेन ने इजरायल को समर्थन देने और पीड़ित फिलिस्तीनियों को मानवीय सहायता देने का वादा किया. उन्होंने कहा कि वो द्विराष्ट्र समाधान का समर्थन करते हैं ताकि इजरायल और फिलिस्तीनी लोग सम्मान और शांति के साथ सुरक्षित रूप से रह सकें.
अख़बार ने गाजा के एक अस्पताल में हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि गाजा के एक अस्पताल पर हमले में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जारी संघर्ष में आम नागरिकों का हताहत होना गंभीर चिंता का विषय है और इसमें शामिल लोगों को जिम्मेदार ठहराने की जरूरत है.
इसके अलावा पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में 15 साल बाद दिल्ली की अदालत ने पांच लोगों को दोषी ठहराया, सांसद महुआ मोइत्रा मामले में लोकसभा की आचार समिति ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और वकील जय अनंत देहद्रई को बुलाया, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाया और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सपा नेता आजम खान, बेटे अब्दुल्ला और पत्नी को सात-सात साल की सजा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने पत्रकार सौम्या हत्याकांड मामले में दिल्ली की एक अदालत द्वारा आरोपियों को दोषी ठहराने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या के मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने सभी पांच आरोपियों को दोषी माना है. मालूम हो कि सौम्या की 15 साल पहले दफ्तर से घर लौटते वक्त हत्या कर दी गई थी. सभी दोषियों को 26 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी.
अख़बार ने इज़रायल-हमास युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा इज़रायल के दौरे पर जाने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि हमास के संघर्ष के बीच इज़रायल के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए जो बाइडेन बुधवार को तेल अवीव पहुंचे. वहां इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की. ख़बर के मुताबिक, गाजा के अस्पताल पर बमबारी के मामले में कहा कि उन्हें लगता है कि इस पर इज़रायल ने नहीं, किसी दूसरी टीम ने हमला किया है.
इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो अडाणी समूह मामले की जांच होगी, पाकिस्तान में फ्यूल नहीं होने से 48 उड़ानें रद्द, आय से अधिक संपत्ति के मामले में पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के प्रधान सचिव रहे आईएएस गगनदीप सिंह बराड़ से विजिलेंस ने 6 घंटे में पूछे 50 सवाल और केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मियों की महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables