Khabar Baazi
रोज़नामचा: समलैंगिक विवाह पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला और इज़रायल-हमास के बीच जारी संघर्ष
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. किसी अख़बार ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिकों की ओर से दायर विवाह के समान अधिकार की याचिकाओं पर सुनाए गए फैसले तो किसी ने इज़रायल और हमास के बीच चल रहे खूनी संघर्ष को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला अख़बार ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता नहीं देने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट ने विशेष विवाह अधिनियम के तहत समलैंगिक विवाहों को कानूनी मान्यता देने से इन्कार कर दिया. ख़बर के मुताबिक, शीर्ष अदालत की संविधान पीठ ने चार अलग-अलग फैसले लिखे, लेकिन एकमत के फैसले में कहा, ऐसे गठजोड़ के लिए कानून बनाना और मान्यता देना सिर्फ संसद या विधानसभाओं का अधिकार है.
अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गगनयान की तैयारियों को परखने और नए लक्ष्यों पर बात करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 की सफलता से उत्साहित प्रधानमंत्री ने इसरो को नए लक्ष्य दिए हैं. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि इसरो को अब 2035 तक अंतरिक्ष में भारत के अपने स्टेशन और 2040 तक चंद्रमा पर पहला भारतीय भेजने के महत्वाकांक्षी अभियानों पर काम करना चाहिए.
इसके अलावा 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का वितरण, पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए जम्मू जिले की चौकी पर की फायरिंग, हमास का दावा- इजरायल ने अस्पताल पर किया रॉकेट से हमला, एफएमसीजी कंपनी डाबर को करीब 321 करोड़ रुपये के कर भुगतान का नोटिस और वनडे विश्वकप में मंगलवार को नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने इजरायल द्वारा दक्षिणी गाजा के अस्पताल पर रॉकेट हमला करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि हमास के साथ संघर्ष के बीच इज़रायल ने दक्षिणी गाजा के खान यूनियस और राफा में भीषण बमबारी की. ख़बर के मुताबिक, गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया कि इजरायल ने एक अस्पताल पर हमला किया, जिसमें पांच सौ लोगों की मौत हो गई. वहीं, इज़रायल ने आरोप खारिज करते हुए कहा कि हमास के रॉकेट से यह हमला हुआ है.
अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली में गगनयान मिशन की समीक्षा करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत वर्ष 2040 तक चंद्रमा पर इंसान भेजने की तैयारी में जुट गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक बैठक में इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ और अन्य वैज्ञानिकों को इस लक्ष्य पर काम शुरू करने के लिए निर्देश दिए.
इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय ने समलैंगिक विवाहों को कानूनी मान्यता देने से किया इन्कार, बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में आतंकी हमला, वनडे विश्वकप के एक मैच में नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर रचा इतिहास और जम्मू-कश्मीर एवं उत्तराखंड में हुई बर्फबारी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता नहीं देने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने की मांग को ठुकरा दी है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने कहा कि अदालत कानून नहीं बना सकती. अदालत सिर्फ कानून की व्याख्या कर सकती है. कानून बनाना विधायिका का काम है. विवाह मौलिक अधिकार नहीं है. ख़बर के मुताबिक, कोर्ट ने समलैंगिक जोड़ों की रोजमर्रा की जिंदगी सुविधाजनक और आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार से उच्च स्तरीय समिति गठित करने को कहा.
अख़बार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गगनयान मिशन की प्रगति के आकलन करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 की सफलता से उत्साहित भारत ने गगन की ओर ठोस कदम बढ़ाने के लिए कमर कस ली है. ख़बर के मुताबिक, गगनयान मिशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने वर्ष 2035 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना करने और 2040 तक चंद्रमा पर मानव भेजने जैसे बड़े लक्ष्य अंतरिक्ष विभाग को सौंपे.
इसके अलावा गाजा के अस्पताल पर हमले में 500 लोगों की मौत, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नए पाठ्यक्रम का रोडमैप तैयार, 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह वितरित, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का मीम बनाने पर छात्र की गिरफ्तारी और मध्य प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी किया 116 पन्नों का घोषणापत्र आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गगनयान मिशन की समीक्षा कर वैज्ञानिकों को नए लक्ष्य देने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चंद्रयान मिशन की सफलता से उत्साहित प्रधानमंत्री ने इसरो के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया. उन्होंने वैज्ञानिकों से 2035 तक एक भारतीय अंतरिक्ष केंद्र स्थापित करने और 2040 तक पहले भारतीय को चंद्रमा पर भेजने के लक्ष्य पर काम करने को कहा.
अख़बार ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समलैंगिक विवाहों को कानूनी मान्यता देने से इन्कार करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह को कानूनी तौर पर वैधता देने से इन्कार कर दिया. ख़बर के मुताबिक, मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच जजों की संविधान पीठ ने बहुमत के फैसले में कहा कि इस तरह की अनुमति सिर्फ कानून के जरिए ही दी जा सकती है.
इसके अलावा गाज़ा के एक अस्पताल में हवाई हमले से 500 लोगों की मौत और अपने खिलाफ अपमानजनक सामग्री प्रसारित करने से रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोईत्रा पहुंची हाईकोर्ट आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने सर्वोच्च न्यायलय द्वारा समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने से इन्कार करने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सर्वोच्च न्यायालय ने एक ऐतिहासिक फैसले में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने से इन्कार कर दिया. हालांकि, शीर्ष अदालत ने समलैंगिकों के हितों के संरक्षण की वकालत की. ख़बर के मुताबिक, मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच जजों की संविधान पीठ ने कहा कि विवाह मौलिक अधिकार नहीं है, इसलिए विशेष विवाह अधिनियम के तहत समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता नहीं दे सकते.
अख़बार ने कोटक इंस्टिट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि पढ़े-लिखे लोगों में बेरोजगारी की दर सबसे ज्यादा बनी हुई है. कोटक की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2023 तक डिप्लोमा पास लोगों की बेरोजगारी दर 12.1%, ग्रेजुएट की 13.4% और पोस्ट ग्रेजुएट की 12.1% थी. रिपोर्ट के मुताबिक, रोज़गार के मौकों और काम ढूंढ़ रहे लोगों की संख्या में बड़ा अंतर है जिसे भरने में थोड़ा वक्त लगेगा.
इसके अलावा गाजा के अस्पताल पर हमले में 500 लोगों की मौत, दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत पर फैसला सुरक्षित, दिल्ली के कई इलाकों में बारिश से पारा 6 डिग्री तक गिरा और मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने जातिगत जनगणना कराने और 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने का किया वादा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
TV Newsance 354 | Delhi Police vs reels: Chai, samosa aur detention
-
‘A journalist only until I’m lathi-charged’: Meet the content creators behind Delhi’s protest videos
-
Inside CJP: Mehr Pasricha on how the movement works, and its critics
-
Neha Bora, the angriest person in town: A profile of rage
-
A journalist recalls Delhi detention: A reluctant baton, a press ID ignored, and stranger’s help