Khabar Baazi
रोज़नामचा: इज़रायल-हमास में जारी जंग और विधानसभा उम्मीदवारों की सूची
आज ज्यादातर हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने इज़रायल हमास के बीच चल रहे युद्ध को ही पहली ख़बर के रूप में चुना है. वहीं दूसरी खबर के रूप में अखबारों ने अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है. किसी ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की सूची तो किसी ने तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर सदन में सवाल पूछने के आरोप की खबर को दूसरी खबर के रूप में चुना है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने हमास के बंधक में मौजूद इजराइली लोगों की रिहाई पर जोर देने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि गाजा पट्टी पर इज़रायल के जमीनी हमले की तैयारी के बीच हमास द्वारा बंधक बनाए गए 126 लोगों की रिहाई और युद्ध फैलने से रोकने के प्रयास तेज हो गए हैं. ख़बर के मुताबिक, इसके लिए अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन अरब देशों के नेताओं से बात कर रहे हैं. रविवार को उन्होंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की फिर मिश्र पहुंचकर वहां के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी से भेंट की.
अख़बार ने तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर पैसे लेकर सदन में सवाल पूछने के आरोप लगने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कई सदस्य व मंत्री जहां भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे हैं, वहीं अब पार्टी की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा पर न सिर्फ भष्टाचार का बल्कि सदन की गरिमा गिराने और विशेषाधिकारों के हनन का आरोप लगा है. ख़बर के मुताबिक, उन पर पैसे और गिफ्ट के बदले विदेश में बसे एक उद्योगपति दर्शन हीरानंदानी के हितों के लिए संसद में सवाल पूछने का आरोप है.
इसके अलावा कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की - मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल पाटन से लड़ेंगे चुनाव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद ईश्वरलाल शंकरलाल जैन लालवानी की 315 करोड़ रुपए की संपत्ति ईडी ने जब्त की, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कहा - बिना अनुमति फोन वार्ता रिकॉर्ड करना निजता का उल्लंघन, दिल्ली के सरकारी सहायता स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती में फर्जीवाड़ा, छात्रों के पास अब आधार कार्ड के अलावा एक और विशिष्ट पहचान आईडी आपार (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) होगी, इज़रायल से और 471 भारतीय पहुंचे स्वदेश आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने इज़रायली सेना द्वारा हमास के एक और शीर्ष कमांडर को मार गिराने की ख़बर को पहली सर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इज़रायल ने हमास के शीर्ष कमांडर बिलाल अल कद्र को हवाई हमले में मार गिराया. ख़बर के मुताबिक, इज़रायली सेना ने लेबनान की तरफ से घुसपैठ करने वाले हमास के तीन आतंकियों को भी मार गिराया है. वहीं, गाजा पट्टी की सीमाओं पर इज़रायल की गतिविधियां और तेज हो गई हैं.
अख़बार ने इसरो द्वारा तीन भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए गगनयान मिशन की तैयारी को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि अपने दम पर पहली बार तीन भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए गगनयान मिशन का पहला परीक्षण 31 अक्टूबर को होगा. ख़बर के मुताबिक, इसके तुरंत बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) तीन और परीक्षण करेगा.
इसके अलावा दिल्ली में फिर भूकंप के झटके- दो सप्ताह में दूसरी बार कांपी धरती, फरीदाबाद रहा केंद्र, कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों की पहली सूची जारी की- मध्य प्रदेश से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मैदान में, एनसीपी के पूर्व सांसद ईश्वरलाला शंकरलाल जैन लालवानी की 315 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एमएस गिल नहीं रहे, शीतकाल में गंगोत्री धाम के कपाट 14 और यमुनोत्री के 15 नवंबर को होंगे बंद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर मौसम की पहली बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से ठंड ने दस्तक दी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने हमास द्वारा सात अक्टूबर को इज़रायल पर हमले में भारतीय मूल की दो महिलाओं की हत्या की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि हमास की ओर से इज़रायल पर सात अक्टूबर को किए गए हमले में भारतीय मूल की दो महिला सुरक्षा अधिकारी भी शहीद हो गई थीं. ख़बर के मुताबिक, हमास आतंकियों से संघर्ष के दौरान दोनों अफसरों की मौत हुई. वहीं, इज़रायल द्वारा उत्तरी गाजा खाली करने का अल्टीमेटम रविवार को खत्म हो गया.
अख़बार ने नाबालिग के यौन शोषण में सैन्य अफसर को सजा होने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि 11 वर्ष की बच्ची के यौन उत्पीड़न का दोषी पाए जाने पर सेना के एक मेजर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया और पांच साल की सजा दी गई. इससे पहले जनरल कोर्ट मार्शल द्वारा उक्त सजा की सिफारिश की गई थी.
इसके अलावा कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की - छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ सूची में शामिल, रविवार को दिल्ली में भूकंप के झटके - बारह दिन में दूसरी बार भूकंप से हिली दिल्ली, पीएम नरेंद्र मोदी का लिखा गरबा गीत रविवार को रिलीज, धनशोधन मामले में गिरफ्तार सुपरटेक के चेयरमैन आरके अरोड़ा को जमानत नहीं, एक व्यक्ति की तबीयत खराब होने की वजह से दुबई से अमृतसर आ रहा विमान कराची में उतरा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने इज़रायल द्वार गाजा की घेराबंदी के बीच गाजा के लोगों के सामने समस्याएं खड़ी होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इज़रायल की घेरेबंदी के बीच गाजा के 23 लाख नागरिकों के सामने भोजन, पानी और सुरक्षा के लिए जूझने की नौबत आ गई है. ख़बर के मुताबिक, इज़रायल की चेतावनी के बाद गाजा के लोग उत्तरी इलाके को खाली करने लगे हैं. लोग जान बचाने के लिए अस्पतालों में जमा हो रहे हैं.
अख़बार ने कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में विधानसभा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इसमें मध्य प्रदेश के लिए 144, छत्तीसगढ़ के लिए 30 और तेलंगाना के लिए 55 प्रत्याशी घोषित करते हुए कमलनाथ, भूपेश बघेल और रेवंत रेड्डी जैसे अपने प्रमुख बड़े चेहरों को मैदान में उतार दिया है.
इसके अलावा भारतीय मूल की दो इज़रायली महिला सुरक्षा अधिकारियों की 7 अक्टूबर को हमास के हमले में मौत, भारत में मणिपुर के विलय के खिलाफ उग्रवादी संगठनों की हड़ताल - रविवार को जनजीवन प्रभावित रहा, सरकार ने चीनी कारोबार में शामिल सभी हितधारकों को 17 अक्टूबर तक खाद्य मंत्रालय की वेबसाइट पर अपने भंडारण की खुलासा करने को दी अंतिम चेतावनी, सरकार निर्यात के लिए तय दर को कम करने पर कर रही है विचार - बासमति निर्यातकों को मिल सकती है राहत, विदेशी पोर्टफोलियों निवेशकों (एफपीआई) ने अक्टूबर में शेयर बाजारों से 9,800 करोड़ निकाले, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को टीएमसी की सांसद महुआ मोइत्रा पर लगाया आरोप - संसद में सवाल पूछने के लिए पैसे लेती हैं महुआ, दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके - फरीदाबाद में था केंद्र आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने सेना द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रचार की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि केंद्र की फ्लैगशिप योजनाओं जैसे नारी सशक्तिकरण, उज्जवला, आत्मनिर्भर और सक्षम भारत को जनता के बीच ले जाने के काम में अब सैन्य और रक्षा प्रतिष्ठानों को भी शामिल किया जा रहा है. ख़बर के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने सेना, वायुसेना और नौसेना के अलावा डीआरडीओ व बीआरओ को नौ शहरों में सेल्फी पॉइंट्स बनाने को कहा है.
अख़बार ने इसरो द्वारा गगनयान मिशन की तैयारी मुकम्मल करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इसरो के बहुप्रतीक्षित गगनयान मिशन की पहली परीक्षण उड़ान 21 अक्टूबर को है. इसके बाद ऐसी तीन और टेस्ट फ्लाइट भेजी जाएंगी. ख़बर के मुताबिक, इसमें क्रू मॉड्यूल को बाहरी अंतरिक्ष में भेजना, इन्हें पृथ्वी पर वापस लाना और बंगाल की खाड़ी में टचडाउन के बाद इसे रिकवर करना शामिल है.
इसके अलावा हमास का एक और शीर्ष कमांडर बिलाल अल कद्र मारा गया, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात भीषण हादसा- 12 की मौत, 23 घायल, पहला संविधान साक्षर जिला - केरल का कोल्लम.. जहां हर घर में संविधान की प्रस्तावना आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
स्वर्ग में चायवाले की टपरी पर एसआईआर की चर्चा और टीएन शेषन की एंट्री
-
No, Neha Bora did not call for Bangladesh-like situation in India; viral claim misses important context