Khabar Baazi
रोज़नामचा: ऑपरेशन अजय और इजरायल हमास के बीच बढ़ता संघर्ष
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने इजरायल हमास संघर्ष तो किसी ने ऑपरेशन अजय को प्राथमिकता दी है. मालूम हो कि इजरायल-हमास के बीच चल रहे संघर्ष को देखते हुए भारतीय नागरिकों को वहां से सुरक्षित देश वापस लाने के लिए ऑपरेशन अजय चलाया जा रहा है. इसके अलावा कुछ अख़बारों ने बिहार के बक्सर में हुए ट्रेन हादसे को भी पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला अख़बार ने ऑपरेशन अजय द्वारा इजरायल में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल से भारतीयों का पहला जत्था शुक्रवार सुबह भारत लौटेगा. ख़बर के मुताबिक, 212 यात्रियों को लेकर विशेष विमान तेल अवीवी के बेन गुरियन हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गया. चार्टर्ड विमान के सुबह करीब पांच बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है.
अख़बार ने विवाहिता को गर्भपात कराने की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के जवाब को भी प्रमुखता दी है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अजन्मे बच्चे का भी अधिकार है, उसे मार नहीं सकते. अख़बार ने लिखा कि इस टिप्पणी के साथ ही 26 हफ्ते का गर्भ गिराने की अनुमति मांग रही महिला को इस मामले में फिर से विचार के लिए 24 घंटे का समय दिया गया.
इसके अलावा सब्जियों की कीमतों में गिरावट का असर- खुदरा महंगाई तीन महीने में सबसे कम, बाटला हाउस मामले में दोषी आरिज खान की मौत की सजा उम्र कैद में बदली और वनडे विश्व कप मैच में लगातार दूसरी बार हारा ऑस्ट्रेलिया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण अख़बार ने इजरायल द्वारा गाजा की नाकाबंदी खत्म करने के लिए शर्त रखने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, गुरुवार को इजरायल ने कहा कि जब तक बंधकों को रिहा नहीं किया जाता, गाजा की नाकेबंदी खत्म नहीं होगी और किसी सामान की आपूर्ति नहीं की जाएगी. ख़बर के मुताबिक, इजरायल के ऊर्जा मंत्री इजरायल कॉट्ज ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट में कहा, “जब तक इजरायली बंधक घर नहीं लौट आते, तब तक बिजली का एक स्विच ऑन नहीं किया जाएगा, एक भी नल नहीं खोला जाएगा, ईंधन का एक भी ट्रक गाजा में दाखिल नहीं होगा.”
अख़बार ने इजरायल-हमास संघर्ष के बीच फंसे भारतीयों को ‘ऑपरेशन अजय’ के जरिए स्वदेश लाने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल और हमास आतंकियों में चल रहे संघर्ष के बीच इजरायल में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए शुरू किये गए ऑपरेशन अजय के जरिए 230 भारतीयों के पहले जत्थे के शुक्रवार सुबह स्वदेश पहुंचने की उम्मीद है. इजरायल में तकरीबन 18 हजार भारतीय हैं.
इसके अलावा विवाहिता को गर्भपात की इजाजत मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम एक बच्चे को नहीं मार सकते, चंडीगढ़ के एक स्कूल में 50 से ज्यादा छात्राओं की आपत्तिजनक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल, गंगाजल पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाने की ख़बरों को केंद्र सरकार ने अफवाह करार दिया, हिट एंड रन के दोषियों को सख्त संदेश देने के लिए सड़क सुरक्षा को भी मज़बूती देगी न्याय संहिता और जेल में बंद चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश के साथ गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात के बाद तेलुगु देशम पार्टी की एनडीए में वापसी की अटकलें आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान अख़बार ने दिल्ली सरकार द्वारा मोबाइल एप आधारित टैक्सी संचालक कंपनियों के लिए कैब नीति लागू करने की तैयारी को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, इस नीति में सर्ज प्राइसिंग (व्यस्त समय में किराया बढ़ोतरी) का प्रावधान नहीं होगा. इसके अलावा कैब में सीट साझा करने की व्यवस्था बरकरार रहेगी, बशर्ते सहयात्री का ब्यौरा एप पर दिखाई दे.
अख़बार ने बाटला हाउस मुठभेड़ मामले में दोषी आरिज खान की मौत की सजा उम्रकैद में बदलने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को बाटला हाउस मुठभेड़ मामले में आतंकी आरिज खान की मौत की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया. बता दें कि 2008 में हुई इस मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर मोहन चंद्र शर्मा की मौत हो गई थी.
इसके अलावा ऑपरेशन अजय के तहत इजरायल से आज 230 भारतीयों की वतन वापसी होगी, प्रख्यात तमिल लेखिका शिवशंकरी को वर्ष 2022 के लिए 32वां सरस्वती सम्मान, त्यौहारों से पहले खुदरा महंगाई दर में कमी, अमेरिका में भारतवंशी बेटी गीतांजलि राव के चर्चे और विदेश मंत्री एस जयशंकर को जेड श्रेणी की सुरक्षा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने इजरायल-हमास संघर्ष के बीच फंसे भारतीयों को ऑपरेशन अजय के तहत आज भारत पहुंचाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि युद्धग्रस्त इजरायल में फंसे भारतीयों में 230 लोगों का पहला जत्था लेकर शुक्रवार को विशेष विमान भारत पहुंचेगा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
अख़बार ने विवाहिता द्वारा गर्भपात की इजाजत मांगने की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के जवाब को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम एक बच्चे को नहीं मार सकते. शीर्ष अदालत ने कहा कि एक अजन्मा बच्चा, जो कि जीवित और सामान्य रूप से विकसित भ्रूण है उसके अधिकारों को उसकी मां के निर्णय लेने की स्वायत्तता के अधिकार के साथ संतुलित करना होगा.
इसके अलावा इजरायल की गाजा पर जमीनी हमले की तैयारी, जी20 अध्यक्ष शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेगा कनाडा सीनेट, मणिपुर में हिंसा व संपत्ति क्षति के वीडियो प्रसार पर लगी रोक और केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 के वैश्विक भूख सूचकांक को खारिज कर आकलन को गलत करार दिया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने बिहार के बक्सर जिले में हुए रेल हादसे की प्राथमिक जांच को प्रमखता दी है. अख़बार ने लिखा कि सूत्रों के मुताबिक, जहां रेल पटरी से उतरी वहां उसी दिन कुछ मरम्मत का काम हुआ था. अख़बार ने ट्रेन के लोको पायलट के हवाल से लिखा कि यहां ट्रेन की रफ्तार 128 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से थी. अचानक इंजन में कंपन के साथ पीछे से बहुत ज्यादा झटका लगा. जब तक कुछ समझ आता गाड़ी पटरी से उतर चुकी थी.
इसके अलावा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित फुटकर महंगाई में कमी आने को भी अख़बार ने प्राथमिकता दी है. अख़बार ने लिखा कि सितंबर में यह दर गिरकर 5 फीसदी पर आ गई. यह जून 2023 के बाद सबसे कम है. साथ ही भारतीय रिज़र्व बैंक की ओर से निर्धािरित महंगाई के संतोषजनक दायरे में भी है.
इसके अलावा अख़बार ने ग्लोबर हंगर इंडेक्स में पिछले साल के मुकाबले 4 अंक खिसक कर 111वें पायदान पर पहुंचा भारत, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की रैली में प्रियंका की बड़ी घोषणा- सरकार बनी तो स्कूली बच्चों को मिलेंगे 500 से 1500 रुपये, सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो के दोषियों की रिहाई पर फैसला रखा सुरक्षित और भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप मैच आज दोपहर 2 बजे से आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra