Khabar Baazi
रोज़नामचा: इजरायल-हमास जंग और पेमेंट गेटवे कंपनी का खाता हैक
आज ज्यादातर हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने इजरायल हमास के बीच चल रहे युद्ध को पहली ख़बर के रूप में चुना है. वहीं पेमेंट गेटवे कंपनी का खाता हैक होने की खबर और वर्ल्ड कप मैच में भारत की जीत की ख़बर को भी प्रमुखता से जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक जागरण अख़बार ने आतंकी संगठन हमास द्वारा इजरायल पर हमला करने और इजरायल की कार्रवाई की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि आतंकी संगठन हमास के हमले के 36 घंटे बाद भी कई इजरायली इलाकों में सुरक्षाकर्मियों और आतंकियों के बीच संघर्ष जारी है. ख़बर के मुताबिक, हमास के नियंत्रण वाले गाजा में इजरायली वायुसेना के ताबड़तोड़ हमले भी जारी हैं. युद्ध की घोषणा के बाद से इजरायली विमानों ने गाजा पट्टी के 426 ठिकानों को निशाना बनाया है.
अख़बार ने पेमेंट गेटवे कंपनी का खाता हैक कर 16,180 करोड़ रुपये उड़ाने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि महाराष्ट्र के ठाणे में एक गिरोह ने पेमेंट गेटवे कंपनी के खाते को हैक कर विभिन्न बैंकों के हजारों खातों से 16,180 करोड़ रुपए निकाल लिए. ख़बर के मुताबिक, इस वर्ष अप्रैल में कंपनी ने पेमेंट गेटवे खाते को हैक कर उसमें से 25 करोड़ रुपए निकालने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. जब पुलिस ने जांच की तो धोखाधड़ी का यह मामला 16 करोड़ रुपए से अधिक का निकला.
इसके अलावा जातिवर गणना के मुद्दे पर राहुल गांधी ने खींची राजनीतिक लकीर - कांग्रेस शासित राज्यों में कराई जाएगी जातिगत जनगणना, भारत ने वनडे विश्वकप के अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया - प्लेयर ऑफ द मैच बने केएल राहुल, सिक्किम में बाढ़ में फंसे पर्यटकों की जान बचाने के लिए अभी तक सिर्फ बांस के पुल बने, इसरो ने पूरी की सूर्य मिशन आदित्य एल-1 की टीसीएस प्रक्रिया, भारत में राफेल लड़ाकू विमान असेंबल करने की तैयारी कर रही फ्रांस की एविएशन कंपनी दासौ, भर्ती घोटाले में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के करीबी मंत्री व विधायक के घर सीबीआई का छापा, भूकंप से अफगानिस्तान में सैकड़ों घर तबाह- दो हजार से ज्यादा मौतें, वायुसेना की 91वीं वर्षगांठ के दिन 72 वर्ष बाद बदला गया भारतीय वायुसेना का ध्वज आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला अख़बार ने आतंकी संगठन हमास द्वारा इजरायल पर हमला करने के बाद इजरायल की प्रतिक्रिया को ही पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल और फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास के बीच युद्ध ने भयावह रूप ले लिया है. हमास के खिलाफ बदले की कार्रवाई में इजरायल ने रविवार को गाजा पट्टी पर हमले तेज कर दिए. ख़बर के मुताबिक, इजरायल ने हमास के 413 आतंकियों को मार गिराने और उसके शहरों में घुसे कई को बंदी बनाने का दावा किया है.
अख़बार ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे विश्वकप मैच और एशियाई खेलों की समाप्ति की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि भारतीय क्रिकेट टीम ने विश्वकप में जीत के साथ आगाज करते हुए पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया. ख़बर के मुताबिक, रविवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ एशियाई खेलों का समापन हो गया. भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने तिरंगा थामकर दल की अगुवाई की.
इसके अलावा इजरायल में हमास के हमले के बाद फंसे भारतीयों को निकालने के प्रयास तेज, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने लिया फैसला - 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में साल में दो बार बैठना अनिवार्य नहीं, प्रमुख दावा निर्माता सन फार्मा और अरविंदो फार्मा ने विनिर्माण संबंधी खामियों के कारण अमेरीकी बाजार से अपने उत्पाद वापस मंगा रहे, पंजाब के जलंधर में सिलेंडर में आग लगने से एक ही घर के पांच सदस्य जिंदा जले, वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी ने कहा - 2032 तक विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेनाओं में से एक हो वायुसेना, महाराष्ट्र के ठाणे में गेटवे पेमेंट हैक - 16,180 करोड़ रुपए की ठगी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिन्दुस्तान अख़बार ने भी इजरायल- हमास जंग की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है. ख़बर के मुताबिक, जंग के दूसरे दिन रविवार को इजरायल की मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हमास के हमलों में 30 सैनिकों समेत 600 लोग मारे गए हैं. साथ ही इजरायली सेना ने 400 हमास लड़ाकों को ढेर करने का दावा किया है.
अख़बार ने खुफिया विभाग द्वारा एक बड़ा खुलासा करने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि खुफिया विभाग के स्पेशल डायरेक्टर राहुल रसगोत्रा ने रविवार को कहा कि आतंकियों की भर्ती के लिए सोशल मीडिया के चैट रूम का इस्तेमाल किया जा रहा है. कहा कि आंतरिक सुरक्षा को प्रभावित करने के लिए विदेशी ताकतें सोशल मीडिया को जरिया बना रही है.
इसके अलावा इजरायल-हमास जंग के बीच भारत में तैनात इजरायल के राजदूत नाओर गेलोन ने कहा- इजरायल को भारत के सहयोग की ज़रूरत, इजरायल-हमास युद्ध के दौरान 18 हजार भारतीय इजरायल में फंसे- भारतीय दूतावास से लगाई गुहार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता अख़बार ने भी इजरायल-हमास के बीच युद्ध की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इजरायल पर हमास के अप्रत्याशित हमले के एक दिन बाद रविवार को इजरायली सैनिकों और हमास लड़ाकों के बीच दक्षिणी इजरायल में संघर्ष जारी रहा. जबकि इजरायल ने जवाबी हमले कर गाजा में कई इमारतों को जमींदोज कर दिया. ख़बर के मुताबिक, लड़ाई में लेबनान का चरमपंथी समूह हिज्बुल्ला कूद गया है.
अख़बार ने लद्दाख स्वायत्त परिषद चुनाव के परिणाम की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. लिखा कि लद्दाख स्वायत्त पर्वत विकास परिषद-कारगिल चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस ने मिलकर 22 सीटें जीती हैं. अगस्त 2019 में केंद्र सरकार द्वारा धारा-370 निरस्त करने के बाद यह पहला चुनाव है.
इसके अलावा रविवार को वार्षिक वायुसेना दिवस के दिन वायुसेना के नए ध्वज का हुआ अनावरण, कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक छोटा विमान दूर्घटनाग्रस्त हुआ- दो भारतीय पायलट समेत तीन की मौत, अफगानिस्तान के भूकंप में दो हजार से ज्यादा लोग मरे, इजरायल और गाजा में रह रहे भारतीय सुरक्षित, इजरायल के शीर्ष नेताओं ने हमास के हमले के बाद आपातकालीन एकता पर मंथन किया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर अख़बार ने इजराल-हमास युद्ध की ख़बर को ही पहली खबर के रूप में चुना है. लिखा कि फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास और इजरायल के बीच यद्ध रविवार को दूसरे दिन भी चला. ख़बर के मुताबिक, इजरायल ने गाजा पट्टी में हमास के 426 ठिकानों को जमींदोज किया. इसके बाद इजरायल ने गाजा पट्टी से लगे 29 से अधिक क्षेत्रों को आतंकियों के कब्जे से छुड़ा लिया. वहीं, हमास ने दावा किया है कि उसने इजरायल के 163 लोगों को अगवा किया है.
अख़बार ने छात्रों का तनाव कम करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा नया फैसला लेने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को साल में दो बार परीक्षा देना जरूरी नहीं होगा. कहा कि छात्रों का तनाव कम करने के लिए सरकार काम कर रही है.
इसके अलावा लद्दाख पहाड़ी स्वायत्त विकास परिषद कारगिल के चुनाव में नेशलन कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की, विश्व के सबसे बड़े लेटर कार्निवल में आते हैं 8-10 हजार लोग - डिजिटल दौर में चिट्ठियां लिख रहे बच्चे, उत्तराखंड में हिमालय पर बन रहे नए तीर्थ से दो साल बाद कार से सीधे 8 हजार फीट ऊपर कैलाश व्यू पॉइंट तक जा सकेंगे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां