Khabar Baazi
रोज़नामचा: हिंदी के अख़बारों में आज एक ही मुद्दा- बिहार की जातिगत जनगणना रिपोर्ट
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं बल्कि अलग-अलग ख़बरों को प्राथमिकता दी है. किसी ने बिहार जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी होने तो किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मध्यप्रदेश रैली को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नज़र डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
हिंदुस्तान ने बिहार में जातिगत जनगणना की रिपोर्ट सार्वजनिक होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बिहार सरकार ने सोमवार को जातीय जनगणना के आंकड़े जारी कर दिए. इसके साथ ही बिहार आजादी के बाद ऐसी रिपोर्ट जारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग की आबादी 63 फीसदी है. जबकि अनारक्षित वर्ग (हिंदू व मुस्लिमों की कुछ जातियां) कुल आबादी का 15.52 प्रतिशत हैं.
अख़बार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जनसभा संबोधन के दौरान विपक्ष पर निशाना साधने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष ने हमेशा गरीबों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है. वे पहले भी जात-पात के नाम पर लोगों को बांटते थे और आज भी वही पाप कर रहे हैं. बता दें कि बिहार में जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी होने कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाए.
इसके अलावा बिहार में जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश के जातिगत आंकड़े जानना जरूरी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में आर्थिक स्थिति को विकास का पैमाना बनाएंगे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने बिहार में जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सोमवार को बिहार में जाति आधारित जनगणना की रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई. इसी के साथ बिहार देश में ऐसी जनगणना कराने वाला पहला राज्य बन गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार की कुल आबादी 13 करोड़ है. जिसमें अत्यंत पिछड़ा वर्ग की आबादी सर्वाधिक (36.01%) है. वहीं, पिछड़ा वर्ग 27.12 प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर है.
अख़बार ने बिहार में जातिगत जनगणना की रोपोर्ट जारी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जनसभा संबोधित करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह विकास विरोधी है. वह हमेशा से लोगों को जाति के आधार पर बांटता रहा है और आज भी यही कर रहा है. उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता ने विपक्ष को 60 साल दिए, लेकिन विकास नहीं हुआ. यदि 9 साल में हम इतना काम कर सकते हैं तो वो 60 साल में क्यों नहीं कर सकते थे.
इसके अलावा एशियाई खेलों में भारत का लगातार बेहतर प्रदर्शन जारी- अब तक भारत के नाम कुल 60 पदक, त्योहारों से पहले देश को दहलाने की साजिश विफल- दिल्ली पुलिस ने लश्कर के तीन आतंकियों को किया गिरफ्तार, महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल में 24 घंटे में 24 मरीजों की मौत और कोरोना रोधी वैक्सीन बनाने वाले दो वैज्ञानिकों को नोबेल पुरस्कार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने बिहार में जाति आधारित जनगणना की रिपोर्ट जारी होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने बहुप्रतीक्षित जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी कर दिए हैं. राज्य की कुल आबादी में दो तिहाई यानी करीब 63 फीसदी आबादी अति पिछड़ा व पिछड़ा वर्ग की है. ख़बर के मुताबिक, किसी एक जाति में यादवों की आबादी सबसे ज्यादा 14.26 फीसदी है. इसके साथ ही राज्य में राजनीति भी गर्मा गई है. राजद ने आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी की बात की है. वहीं, भाजपा रिपोर्ट को भ्रम फैलाने वाली बता रही है.
अख़बार ने दिल्ली पुलिस द्वारा तीन आतंकियों की गिरफ्तारी करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है. ख़बर के मुताबिक, पुलिस ने आईएस के आतंकी मॉड्यूल के तीन संदिग्ध आतंकियों को दिल्ली, लखनऊ और मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है. इसमें राष्ट्रीय जांच एजेंसी की सूची में वांछित और तीन लाख का इनामी मो. शाहनवाज आलम भी शामिल है.
इसके अलावा यूपी के देवरिया जिले के एक गांव में भूमि विवाद में एक परिवार के पांच सदस्यों समेत छह की हत्या, जालंधर में गरीबी से परेशान माता- पिता ने दूध में कीटनाशक देकर मार दीं तीन बेटियां, भारत में बन रहे मलेरिया के टीके को डब्ल्यूएचओ से मिली मंजूरी, अमेरिका के दो वैज्ञानिकों कैटलिन कारिको और वाइसमैन को कोरोना रोधी वैक्सीन बनाने के लिए मिला नोबेल पुरस्कार, एशियाई खलों के नवें दिन भारत ने तीन रजत के साथ जीते सात पदक और सोमवार को राहुल गांधी अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने बिहार में जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बिहार में सोमवार को जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी कर दी गई है. जिसके अनुसार राज्य की कुल आबादी में अन्य पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग की हिस्सेदारी 63 फीसद है. ख़बर के मुताबिक, बिहार के विकास आयुक्त विवेक सिंह द्वारा पटना में जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य की कुल आबादी 13 करोड़ से कुछ अधिक है, जिसमें अति पिछड़ा वर्ग 36 प्रतिशत और इसके बाद अन्य पिछड़ा वर्ग है.
अख़बार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के चितौड़गढ़ में जनसभा संबोधित करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की योजनाएं बंद नहीं होंगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पता है कि कांग्रेस की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है.
इसके अलावा मणिपुर में एनआईए और सीबीआई द्वारा इलाके से दो नाबालिगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कुकी संगठनों ने बंद का आह्वान किया, यूपी के देवरिया जिले में जमीन विवाद में छह लोगों की हत्या, जिम्बाब्वे में विमान हादसा और कोरोनारोधी टीके बनाने के लिए चिकित्सा का नोबेल कॉरिको और वीसमैन को दिया गया आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने बिहार में जातिगत जनगणना रिपोर्ट जारी होने को पहली सुर्खी बनाया है.अख़बार ने लिखा कि देश में पिछड़ी जातियों के आरक्षण के लिए 1990 में लागू मंडल आयोग की सिफारिशों के 33 साल बाद फिर जातीय राजनीति का नया अध्याय शुरू हो गया है. जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में 63 प्रतिशत आबादी ओबीसी, 21 प्रतिशत एससी-एसटी और 15 प्रतिशत सामान्य वर्ग की है. राज्य में सबसे ज्यादा (14%) आबादी यादव जाति की है. वहीं, राजपूत-ब्राहमण की आबादी 4-4 प्रतिशत है.
अख़बार ने आईएसआईएस के तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी होने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआईएस के तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान शहनवाज उर्फ शैफी उज्जमा, मोहम्मज रिजवान और मोहम्मद अरशद वारसी के तौर पर हुई है. तीनों ही पेशे से इंजीनियर हैं.
इसके अलावा महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के सरकारी अस्पताल में 12 बच्चों समेत 24 लोगों की दवाओं की कमी से मौत, हिमाचल प्रदेश में क्रिप्टो के नाम पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी, पश्चिम बंगाल में 11 साल की मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या और सजा काट रहे हत्या के आरोपी को सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
जंतर-मंतर क्यों जरूरी? प्रदर्शन के नए ठिकानों की पड़ताल
-
The myth of the apolitical Indian