Khabar Baazi
रोज़नामचा: कनाडा- भारत के बीच संबंधों में बढ़ती तल्खी और राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पास
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज ज्यादातर एक ही ख़बर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है. लगभग सभी अख़बारों ने नए संसद भवन में बुलाए गए विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पास किए जाने को प्रमुखता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
जनसत्ता ने महिला आरक्षण विधेयक को राज्यसभा से पारित होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि संसद ने गुरुवार को 128वें संविधान संशोधन बिल पर मुहर लगा दी, जिसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है. ख़बर के मुताबिक, विधेयक पारित होने के साथ ही लोकसभा और राज्यसभा का विशेष सत्र अपने निर्धारित समय से एक दिन पहले ही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया.
अख़बार ने भारत सरकार द्वारा कनाडाई नागरिकों के लिए अस्थाई रूप से वीजा सेवा बंद करने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि भारत और कनाडा के बीच बढ़ते कूटनीतिक विवाद के बीच भारत ने कनाडाई नागरिकों के लिए अस्थाई रूप से वीजा पर रोक लगा दी है. ख़बर के मुताबिक, भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है. साथ ही भारत ने कनाडा को खालिस्तानी उग्रवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बताया.
इसके अलावा मणिपुर में गिरफ्तार किए गए पांच युवकों की बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन, केंद्र ने टीवी चैनलों से कहा- प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े या आतंकवाद के आरोपियों को मंच ने दें, राज्यसभा में कांग्रेस नेताओं की मांग - जनगणना व परिसीमन से पहले लागू हो महिला आरक्षण और बीते वित्त वर्ष पर एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट- परिवारों पर कर्ज का बोझ दोगुना, बचत आधी आदि ख़बरों को भी अख़ूबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक जागरण ने भारत सरकार द्वारा कनाडाई नागरिकों के लिए वीजा पर रोक लगाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत और कनाडा के बीच संबंधों में तल्खी बढ़ती जा रही है. कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो द्वारा खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराने के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी सिलसिले में भारत ने कनाडा के नागरिकों को वीजा देने की प्रक्रिया पर अस्थाई तौर पर रोक लगा दी है. इसके पीछे भारतीय राजनयिकों की सुरक्षा का हवाला दिया गया है.
अख़बार ने संसद की ऊपरी सदन राज्यसभा से भी महिला आरक्षण बिल पारित होने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि लोकसभा और राज्य विधानसभों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला विधेयक बुधवार को लोकसभा और गुरुवार को राज्यसभा में पारित हो गया. ख़बर के मुताबिक, राज्यसभा में उपस्थित सभी 214 सदस्यों ने विधेयक के पक्ष में अपना मत रखा, विरोध में एक भी मत नहीं पड़ा. मालूम हो कि नए संसद भवन में पास होने वाला यह पहला ऐतिहासिक बिल है.
इसके अलावा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष के लिए चार श्रेणियों में दिए जाएंगे राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार, भारत की राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद को विश्व चिकित्सा शिक्षा संघ ने दी मान्यता, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने गुरिल्ला युद्ध में प्रशिक्षित विदेशी आतंकियों को कश्मीर घाटी में भेजना शुरू किया, राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट, उनके भतीजे और तीन अन्य के खिलाफ ग्रेनाइट खान हड़पने और मशीनों की चोरी का केस, इसरो कर रहा रोवर प्रज्ञान और लैंडर विक्रम को फिर से सक्रिय करने की तैयारी, पानीपत में यूपी की तीन महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म- एक की हत्या और मणिपुर में फिर हिंसा- पूरी इंफाल घाटी में पुलिस ने लगाया कर्फ्यू आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने भारत सरकार द्वारा कनाडाई नागरिकों की वीजा पर अस्थाई रोक लगाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद कनाडा के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत ने सख्त रुख अपनाया है. भारत ने कनाडा को आतंकियों, गैंगस्टरों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बताते हुए ट्रूडो सरकार से साफ कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई करें या उन्हें वापस भारत भेजें. भारत ने अपने राजनयिकों की सुरक्षा के लिए वहां अपनी वीजा सेवाएं भी बंद कर दी.
अख़बार ने कनाडा में एक और गैंगस्टर की हत्या की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि कनाडा में पनाह लिए पंजाब के गैंगस्टर सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके की गोली मारकर हत्या कर दी गई. ख़बर के मुताबिक, बदमाश सुबह 9ः30 बजे सुक्खा के घर पहुंचे और गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिए.
इसके अलावा पानीपत में नकाबपोश बदमाशों ने परिवार के सामने बंधक बनाकर महिलाओं के साथ किया दुष्कर्म- एक की मौत, खालिस्तानी समर्थकों पर शिकंजा कसने के लिए भारतीय जांच एजेंसी ने सैन फ्रांसिस्को पर हमला करने वाले 10 आतंकियों की तस्वीरें जारी की, कनाडा से तनाव के बीच केंद्र सरकार ने टीवी चैनलों को दिया परामर्श- आतंकवाद या गंभीर अपराध के आरोपियों को मंच न दें चैनल, गुरुवार को राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित, राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट और चार अन्य लोगों के खिलाफ ग्रेनाइट खदान कब्जाने और मशीन चोरी के आरोप में मामला दर्ज और संसदीय समिति ने जेलों में भीड़भाड़ और न्याय में देरी पर जताई चिंता आदि ख़बरों को भी प्रमुखता दी है.
हिंदुस्तान ने गुरुवार को राज्यसभा में सर्वसम्मति से महिला आरक्षण बिल पास होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ हो गया है. राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति से पारित हो गया है. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि इस सदन में हुई सार्थक और महत्वपूर्ण चर्चा का हर शब्द भविष्य में काम आएगा.
अख़बार ने सदन में चीन के मुद्दे पर चर्चा के लिए कांग्रेस सांसद की मांग और केंद्रीय मंत्री के जवाब की ख़बर को दूसरी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को चीन के मुद्दे पर चर्चा की चुनौती दी. उसके बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि वह सदन में चीन पर सीना चौड़ा करके चर्चा करने के लिए तैयार हैं.
इसके अलावा नागर विमानन महानिदेशालय ने गुरुवार को एयर इंडिया उड़ान सुरक्षा प्रमुख राजीव गुप्ता को एक महीने के लिए किया निलंबित, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में हुआ शुरू आदि ख़बरों को भी अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
दैनिक भास्कर ने भारत सरकार द्वारा कनाडाई नागरिकों के लिए वीजा पर रोक लगाने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि भारत ने कनाडा पर बड़ी डिप्लोमेटिक स्ट्राइक की है. भारत ने सुरक्षा कारणों से टोरंटो, ओटावा और वैंकूवर में अपने उच्चायोग और कॉन्स्युलेट से कनाडा के नागरिकों के लिए भारत का वीजा जारी करने के लिए रोक लगा दी है. ख़बर के मुताबिक, कनाडा के नागरिक किसी अन्य देश से भी भारत के लिए वीजा नहीं ले सकेंगे.
अख़बार ने अगले साल फरवरी में केंद्र सरकार द्वारा अंतरिम बजट पेश करने की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि मोदी सरकार अगले साल अप्रैल-मई में होने वाले आम चुनाव से पहले फरवरी में अंतरिम बजट पेश करेगी. आमतौर पर अंतरिम बजट में कोई बड़ी घोषणा नहीं होती है, लेकिन मोदी सरकार इस बजट को पूर्णकालिक बजट की तरह पेश करने की तैयारी कर रही है. ख़बर के मुताबिक, इस दौरान कई बड़ी और लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा हो सकती है.
इसके अलावा लैंड फॉर जॉब मामले में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बाद रेलवे के तीन अधिकारियों पर केस की मंजूरी, देश की कुल 48 दवाएं सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरी, गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गाधी आनंद विहार स्टेशन पर कुलियों से मिले, गूगल ने अपने सभी एप्स को एआई चैटबॉट बार्ड के साथ जोड़ा, नागर विमानन निदेशालय ने एयर इंडिया के उड़ान सुरक्षा प्रमुख राजीव गुप्ता को निलंबित किया, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हेट स्पीच मामले में असम सीएम हिमंता बिस्व सरमा के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य देवब्रत सैकिया ने दर्ज की शिकायत, ईडी के समन के खिलाफ झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन 22 सितंबर को झारखंड हाईकोर्ट में दायर करेंगे याचिका और महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा- वह शिवसेना विधायकों की अयोग्यता याचिका पर फैसला लेने में नहीं करेंगे देरी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra