Khabar Baazi
भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने भरे सदन में किया अपमान तो बसपा सांसद दानिश अली ने क्या कहा?
भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी ने बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली पर आपत्तिजनक और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया. उन्होंने सांसद दानिश अली के लिए उग्र…दी, क..आ, भ..वा, मु… और आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल किया.
बता दें कि चंद्रयान-3 की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देने पर सांसद दानिश अली ने आपत्ति जताई थी. उसके बाद बिधूड़ी ने कहा, “मोदी साहब श्रेय नहीं ले रहे हैं. श्रेय ले रहे हैं देश के वैज्ञानिक. इसका श्रेय जाता है तो देश के प्रधानमंत्री को जाता है.” इस पूरे वाकये का वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भरे सदन में हुए अपमान पर सांसद दानिश अली ने शुक्रवार को भाजपा सांसद पर कार्रवाई करने के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा. जिसमें कहा, “बहुत ही दुख के साथ आपको बता रहा हूं कि लोकसभा में चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर हो रहे बहस के दौरान भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने मेरे खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की. लोकसभा के रिकॉर्ड में सब कुछ दर्ज है. दुर्भाग्य की बात यह कि ऐसी अमर्यादित भाषा का प्रयोग नए लोकसभा भवन में किया गया है. उन्होंने मेरे लिए उग्र..दी, क..आ, भ..वा, मु.. और आतंकवादी जैसे अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया.”
इसके बाद उन्होंने प्रेस वार्ता की. जिसमें बताया कि अगर सांसद रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो वे सदन से इस्तीफा देने पर भी विचार कर सकते हैं. दानिश ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा, "क्या आरएसएस की शाखाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नए भारत की प्रयोगशाला में कैडर को यही पढ़ाया जाता है?"
बिधूड़ी की टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. विपक्षी दलों के सांसदों और नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की है. साथ ही भाजपा भी फिलहाल इस मामले को शांत करवाने में जुट गई है.
द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा सांसद के इस कृत्य के लिए खेद प्रकट किया और कहा कि यदि रमेश बिधूड़ी ने कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की है तो उसे रिकॉर्ड से हटा दिया जाए.
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली से भाजपा सांसद द्वारा बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई. लेकिन पार्टी द्वारा उनके खिलाफ अभी तक समुचित कार्रवाई नहीं करना दुखद/दुर्भाग्यपूर्ण है.”
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोईत्रा ने एक्स पर लिखा, “मुस्लिम और ओबीसी समुदाय के लोगों को अब्यूज़ करना भाजपा की कल्चर का हिस्सा है.” उन्होंने भी भाजपा सांसद पर कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा सांसद बिधूड़ी का बयान बर्दाश्त करने लायक नहीं है. जो कुछ भी उन्होंने कहा है, वह पूर्णतः संसद का अपमान है.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
Inside Brazil’s divided democracy
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables