Khabar Baazi
रोज़नामचा: अनंतनाग के शहीदों को अंतिम विदाई और आईएस के दो आतंकियों को फांसी की सजा
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग ख़बरों को प्रमुख सुर्खी बनाया है. कुछ अख़बारों ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सेना के कर्नल, मेजर और डीएसपी को अंतिम विदाई तो कुछ ने लखनऊ की एनआईए कोर्ट द्वारा दो आईएसआईएस आतंकियों को फांसी की सजा सुनाए जाने को प्राथमिकता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन इंडिया को निशाना बनाए जाने को भी सुर्खी बनाया है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
दैनिक भास्कर ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में शहीद सुरक्षाबलों की भावुक कर देने वाली कहानी को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि जम्मू-कश्मीर के डीएसपी ने गोली लगते ही अपनी पत्नी को फोन किया और बच्चों का ध्यान रखने को कहा. ख़बर के मुताबिक, 2021 में कर्नल के रूप में पदोन्नति के बाद मनप्रीत सिंह को शांति क्षेत्र में तैनाती का विकल्प मिला था लेकिन उन्होंने मना कर दिया. वहीं, मेजर आशीष धौंचक की मां ने कहा कि वे रोएंगी नहीं उन्होंने एक शेर बेटे को जन्म दिया था और उसे सैल्यूट करेंगी.
अख़बार ने मैनपॉवर सर्वे को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दुनिया और देश में एक तरफ बेरोजगारी महासंकट बनी हुई है. वहीं दूसरी तरफ हाल ये है कि दुनिया की 77 प्रतिशत और देश के 80 प्रतिशत कंपनियों को योग्य कर्मचारी नहीं मिल रहे हैं. मैनपावर ग्रुप ने इसी साल जुलाई में 41 देशों की 38,833 निजी और सरकारी कंपनियों पर किए सर्वे के आधार पर ये नतीजे निकाले हैं .
इसके अलावा अमेरिकी संसद में एआई पर लगाम लगाने के नियमों पर हुई बात, बढ़ते कर्ज से जूझ रहे हैं देश के राज्य, हत्या के एक मामले सुनवाई करते हुए तेलंगाना हाईकोर्ट ने कहा कि लाठी घातक हथियार नहीं, आपराधिक मामलों में आरोपी सांसदों/विधायकों पर सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट पेश- दागी नेताओं के चुनाव लड़ने पर छह वर्ष नहीं आजीवन पाबंदी की सिफारिश, पीएम मोदी ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के लोग सनातन संस्कृति को समाप्त करने का संकल्प लेकर आए हैं, इंडिया गठबंधन ने 14 टीवी एंकरों के बहिष्कार का किया ऐलान और सीबीएसई की सलाह- बच्चे सिर्फ बोर्ड के प्रैक्टिस पेपर से करें तैयारी आदि ख़बरों को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है.
दैनिक जागरण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन इंडिया पर निशाना साधने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बीना में आयोजित एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन को घमंडिया करार देते हुए कहा कि यह देश की सनातन संस्कृति को समाप्त करना चाहता है. उन्होंने कहा कि विपक्ष हमें फिर एक हजार साल की गुलामी में धकेलना चाहता है.
अख़बार ने लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वाड कहे जाने वाले द रेजिसटेंस फ्रंट (टीआरएफ) के दो कमांडरों को सेना द्वारा घेरने की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि टीआरएफ के दो कमांडरों उजैर और गाजी उस्मान को सुरक्षाबलों ने अनंतनाग के गडोल में घेर रखा है. ख़बर के मुताबिक, अभियान में सेना के पैरा कमांडो, हेरोन ड्रोन, खोजी कुत्तों की मदद भी ली जा रही.
इसके अलावा बिहार के मुजफ्फरपुर में बागमती नदी में नाव पलटने से छात्र-छात्राओं समेत 13 लापता, विपक्षी गठबंधन इंडिया ने किया 14 टीवी एंकरों के बहिष्कार का ऐलान, अंतरिक्ष में सफल अभियानों से बढ़ी इसरो की धाक, राजस्थान के मंत्री बोले- कोटा में छात्रों की आत्महत्या का कारण अफेयर, ब्रिक की अवधारणा देने वाले ब्रिटेन के अर्थशास्त्री जिमओ निल ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से ज्यादा दूरदर्शी हैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लखनऊ की एनआईए कोर्ट ने आईएस दो आतंकियों को सुनाई मृत्युदंड की सजा, एक अक्टूबर से जन्म प्रमाणपत्र एकल दस्तावेज के रूप में होगा मान्य और जिला अदालत ने ज्ञानवापी सर्वे से मिले साक्ष्य को प्रशासन को सौंपने को कहा आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
हिंदुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन इंडिया पर निशाना साधने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि गुरुवार को पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और मध्य प्रदेश के बीना से विपक्ष पर निशाना साधा. ख़बर के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने देश के संस्कार को समाप्त करने की ठान रखी है.
अख़बार ने अनंतनाग में सेना के अफसरों और जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी की शहादत के बाद जारी सर्च ऑपरेशन की ख़बर को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि सेना के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को पकड़ने के लिए सेना ने घेराबंदी कर रखी है. इसमें ड्रोन का इस्तेमाल भी किया जा रहा है.
इसके अलावा दिल्ली में पटाखों के नए लाइसेंस पर रोक, बिहार के मुजफ्फरपुर में बागमती नदी में 30 लोगों से भरी नाव पलटी, कैनरा बैंक से 538 करोड़ रुपये की कथित घोखाधड़ी मामले में नरेश गोयल 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में, सुप्रीम कोर्ट के केस का ताजा ब्योरा देख सकेंगे राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड पर, एशिया कप फाइनल में भिड़ेंगे भारत- श्रीलंका, नूंह हिंसा में फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान भी आरोपी और मेरठ एक्सप्रेस वे पर फ्लाईओवर से बस गिरने से 30 लोग घायल आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अमर उजाला ने जिहाद के नाम पर शिक्षक की हत्या करने वाले आईएस के दो आतंकियों आतिक मुजफ्फर और मोहम्मद फैज़ल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी की विशेष अदालत द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, अदालत ने दोनों आतंकियों पर 11.70 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है.
अख़बार ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों द्वारा जारी सर्च ऑपरेशन की ख़बर को प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में गडूल के जंगलों में सुरक्षाबलों ने उजैर खान समेत लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को घेर रखा है. ख़बर के मुताबिक, कर्नल समेत तीन शहीदों का बदला लेने के लिए पैरा कमांडों ने भी मोर्चा संभाल लिया है. ड्रोन और हेलीकॉप्टर से आतंकियों की तलाश की जा रही है.
इसके अलावा भारी बारिश के बीच मुंबई हवाई अड्डे पर निजी चार्टर विमान रनवे पर फिसलने से 8 लोग घायल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बीना में कहा कि सनातन धर्म को खत्म करना चाहता है 'घमंडिया' गठबंधन, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पटाखे जलाने वालों पर केस करना समाधान नहीं, एप्पल ने इसरो में विकसित स्वदेशी जीपीएस ट्रैकर को किया शामिल, थोक महंगाई लगातार पांचवे महीने शून्य से नीचे और नूंह हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक मामन खान गिरफ्तार आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
जनसत्ता ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सेना के दो अधिकारियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी की शहादत के बाद देशभर में गम और गुस्सा होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि देशभर के लोग सरकार से कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी मुहम्मद हुमायूं मुजम्मिल भट को गुरुवार को उनके पैतृक आवास के पास सुपुर्द ए खाक कर दिया गया. शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष धौंचक के पार्थिव अवशेषों को सेना ने उनके घर रवाना किया है.
अख़बार ने मध्य प्रदेश के बीना में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन इंडिया पर हमला बोलने की ख़बर को प्रमुखता दी है. प्रधानमंत्री ने विपक्षी गठबंधन को घमंडिया गठबंधन बताते हुए कहा कि इसके नेताओं ने सनातन संस्कारों और परंपराओं को समाप्त करने का संकल्प लिया है और ये सनातन धर्म को तबाह करना चाहते हैं. वहीं, विपक्ष ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी विपक्षी गठबंधन को बदनाम करने के लिए सरकारी आयोजनों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं.
इसके अलावा एक अक्टूबर से लागू होगा संशोधित जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण कानून, सरकार ने कहा कि महंगाई घटी पर त्योहारों में परचून बिक्री में कीमतें बढ़ने की आशंका, विपक्षी गठबंधन की मीडिया कमेटी ने चौदह एंकरों के बहिष्कार का लिया फैसला, भाजपा और कांग्रेस ने 18 सितंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र के लिए अपने सांसदों को व्हिप किया जारी, लखनऊ की एनआईए अदालत ने शिक्षक की हत्या के दोषी दो आतंकियों को सुनाई फांसी की सजा और सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त न्यायमित्र विजय हंसारिया ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि सजायाफ्ता नेताओं के चुनाव लड़ने पर लगे आजीवन प्रतिबंध आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Also Read
-
The revamped BJP IT cell is trying to aura farm. W or L?
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
In Goa, real estate land grab threatens protected eco-sensitive slopes
-
Surviving a punishing Church: The story of Sr Ranit and Stand By Me
-
From Pugalia to Kanwal: Adani’s NDTV bleeds another quarter as it plans to raise Rs 800 cr