Khabar Baazi
राजा भैया की साली ने पत्रकार अभिषेक उपाध्याय और अन्य के खिलाफ दी शिकायत
जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच चल रहे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है. दरअसल, 28 अगस्त को दिल्ली की साकेत कोर्ट में भानवी सिंह ने राजा भैया की ओर से दाखिल की गई तलाक की अर्जी का जवाब देते हुए गंभीर आरोप लगाए थे. बाद में उन्होंने एबीपी न्यूज़ के रिपोर्टर अभिषेक उपाध्याय से बात करते हुए कहा था कि वह राजा भैया को कभी तलाक नहीं देंगी.
एबीपी न्यूज़ ने एक्सक्लूसिव रिपोर्ट का दावा करते हुए बताया कि चैनल के पास भानवी सिंह द्वारा कोर्ट में दायर किया गया जवाब मौजूद है. जिसमें राजा भैया और उनकी साली के बीच अवैध संबंधों का जिक्र है. ये भी बताया गया कि राजा भैया ने इन संबंधों की बात कबूल की थी और उनकी मां ने इन संबंध का विरोध किया था.
अब इस लड़ाई में भानवी सिंह की छोटी बहन साध्वी सिंह की भी एंट्री हो गई है. साध्वी ने अभिषेक उपाध्याय समेत चैनल से जुड़े कई लोगों के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में शिकायत दी है.
शिकायत में साध्वी ने लिखा कि 28 अगस्त को एबीपी न्यूज़ ने उनके जीजा रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ और उनकी पत्नी के बीच चल रहे तलाक के मुकमदे से संबंधित एक कार्यक्रम प्रसारित किया. जिसमें संवाददाता अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि उसके (साध्वी के) अपने जीजा राजा भैया से अनैतिक संबंध हैं. जिससे कि वह गर्भवती भी हो गई थी और गर्भपात कराया गया था.
वह शिकायत में बताती हैं कि उसका अपनी बड़ी बहन और राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इसी वजह से उस पर झूठा एवं मनगढंत आरोप लगाया गया है. वह इसे अपने खिलाफ एक साजिश बताती हैं.
साध्वी अपनी शिकायत में कहती हैं कि इन झूठे आरोपों और कार्यक्रम से उसका चरित्र हनन हुआ है और इस साजिश में बहन भावनी सिंह, एबीपी न्यूज़ के वाइस चैयरमैन संत प्रसाद राय, संवाददाता अभिषेक उपाध्याय व एंकर अखिलेश आनंद सम्मिलित हैं.
इस मामले पर कार्रवाई न होने की सूरत में वे अपने शिकायत पत्र में आत्महत्या की भी बात कहती हैं.
उधर, दूसरी तरफ भानवी सिंह ने इस शिकायत के सामने आने के बाद राजा भैया और बहन साध्वी पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "आदरणीय योगी जी, मैं भानवी सिंह पत्नी राजा भैया गुहार करती हूं कि मेरे साथ न्याय किया जाए. लखनऊ पुलिस मेरी शिकायत पर कार्यवाही नहीं कर रही है और अब उल्टा मेरे पति की शह पर मेरी छोटी बहन साध्वी सिंह ने मेरे ख़िलाफ़ झूठी तहरीर दी है. इसी बहन ने मेरा घर तोड़ा है."
ट्वीट के साथ ही भानवी ने कुछ दस्तावेज भी तस्वीरों के रूप में साझा किए हैं.
शिकायत मिली पर अभी एफआईआर नहीं- पुलिस
इस बारे में हमने हजरतगंज के एसएचओ प्रमोद पांडेय से भी बात की. वह कहते हैं कि इस बारे में मैं आपको ज्यादा कुछ नहीं बता सकता हूं. हमें शिकायत मिली है और जांच कर रहे हैं. हालांकि, अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है.
इस मामले पर एबीपी न्यूज़ के संवाददाता अभिषेक उपाध्याय कहते हैं, “हम अपनी स्टोरी के साथ खड़े हैं. हमने जो भी शो में चलाया है. वह सभी कोर्ट के दाखिल दस्तावेज के आधार पर चलाया है. सब कुछ वो है जो भानवी सिंह ने जो कोर्ट में कहा है.” अभिषेक ने हमसे वह दस्तावेज भी साझा किए हैं, जिनमें उपरोक्त बातों का जिक्र किया गया है.
हमने इस बारे में भानवी सिंह की छोटी बहन साध्वी सिंह से भी संपर्क किया. हालांकि उनसे कोई बातचीत नहीं हो सकी है.
बता दें कि राजा भैया ने पिछले साल अपनी पत्नी भानवी सिंह से तलाक लेने के लिए कोर्ट का रुख किया था. उनकी शादी को 25 साल हो गए हैं. दोनों के चार बच्चे हैं.
Also Read
-
The curious case of protesters’ missing phones: Neither FIR for ‘snatching’, nor memo for ‘seizure’
-
Locked when women need help? Delhi Police’s pink booth reality check
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
दैनिक जागरण और संघ की एक विचारधारा: नागपुर के कार्यक्रम में प्रधान संपादक संजय गुप्ता का खुला ऐलान
-
Jagran’s RSS confession is here. Its record deserves a re-read