Khabar Baazi
रोज़नामचा: ईडी निदेशक के सेवा विस्तार पर रोक और पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों में टीएमसी का परचम बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं अलग-अलग ख़बरों को अपनी प्रमुख सुर्खियां बनाया है. किसी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईडी निदेशक के सेवा विस्तार को अवैध घोषित करने तो किसी ने जीएसटी काउंसिल की बैठक को प्रमुखता दी है. वहीं, कुछ अख़बारों ने अनुच्छेद 370 पर सुनवाई तो कुछ ने पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन को प्रमुखता दी है.
आइए आज के अखबारों की सुर्खियों पर नजर डालते हैं.
दैनिक जागरण ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईडी के निदेशक संजय कुमार मिश्रा के सेवा विस्तार को अवैध बताने को प्रमुख खबर बनाया है. खबर के मुताबिक, सरकार द्वारा दिया सेवा विस्तार सुप्रीम कोर्ट के 2021 के फैसले का उलंघन है. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने मिश्रा के तीसरे सेवा विस्तार को ख़ारिज कर दिया है. वहीं, उन्हें दफ्तर खली करने के लिए 31 जुलाई तक का समय दिया है ताकि आगे की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए. 1984 बैच के भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी मिश्रा का सेवा विस्तार 18 नवंबर 2023 तक था.
इसके अलावा अख़बार ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई जीएसटी परिषद की 50वीं बैठक को भी प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा है कि अब ऑनलाइन गेमिंग पर 28 फीसदी टैक्स लगेगा. हालांकि, टैक्स से खेलने वाले की हार-जीत से कोई फर्क नहीं पड़ेगा. सबसे एक समान कर वसूला जाएगा. बैठक में कैंसर और अन्य दुर्लभ प्रकार की बीमारियों की दवाइयों पर भी कर समाप्त करने का फैसला लिया गया है. वहीं, इनोवा, थार जैसी एसयूवी और एमयूवी गाड़ियों पर लगने वाले कर को बढ़ाकर 22 फीसदी किया गया है.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा से आ रही बस द्वारा गाड़ी को टक्कर मारने से 6 लोगों की मौत, 25 लाख से ज़्यादा की संपत्ति पर ट्रांसफर ड्यूटी बढ़ी, भारत और मालदीव ने कई समझौतों पर किए हस्ताक्षर, छ: बालिग पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण के खिलाफ पुलिस के पास पर्याप्त सबूत आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईडी निदेशक के सेवा विस्तार को अवैध बताने को प्रमुख खबर बनाया है. कोर्ट ने आदेश दिया है कि केंद्र 15 दिनों में नया निदेशक तलाश करे. जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस विक्रमनाथ और जस्टिस संजय करोल की पीठ ने इस विस्तार को कॉमन कॉज मामले में सुप्रीम कोर्ट के 2021 के आदेश का उल्लंघन माना.
वहीं, धारा 370 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2 अगस्त से रोज़ सुनवाई को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है. चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच न्यायधीशों की संविधान पीठ ने कई प्रक्रियागत निर्देश पारित करते हुए विभिन्न पक्षों द्वारा दलीलें देने की समय सीमा 27 जुलाई तक तय की है.
इसके अलावा पश्चिम बंगाल में हुए स्थानीय पंचायत चुनाव के नतीजों की घोषणा की खबर को भी पहले पन्ने पर अहम स्थान दिया गया है. खबर में बताया गया है कि चनावी नतीजों में तृणमूल कांग्रेस ने बाजी मारी है, पार्टी ने 18606 सीटों पर कब्ज़ा किया है. हालांकि, पंचायत चुनावों में हिंसा की ख़बरें भी सामने आई हैं, जिसमें 40 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी.
अख़बार की अन्य खबरों में गलत दिशा से आ रही स्कूल बस के टक्कराने से 6 की मौत, उत्तर भारत में भरी बारिश से क्षति, ऑनलाइन गेमिंग पर 28 फीसदी टैक्स, विधि आयोग को समान नागरिक संहिता पर 46 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं, छ साल में भाजपा को बाकी राष्ट्रीय दलों से तीन गुना अधिक चंदा मिलना, राजौरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम आदि खबरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
अमर उजाला ने ईडी निदेशक के कार्यकाल विस्तार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा अवैध ठहराए जाने को प्रमुख स्थान दिया है. खबर के मुताबिक, 8 मई को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया है.
अन्य खबरों में धारा 370 हटाए जाने से संबंधित याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2 अगस्त से रोजाना सुनवाई, जीएसटी काउंसिल की 50वीं बैठक, सिनेमाघरों में अब खाने का सामान होगा सस्ता, को भी प्रमुखता दी गई है.
इसके अलावा उत्तर भारत में भारी भारिश से बने बाढ़ जैसे हालात, गंगा-यमुना-ब्यास समेत सारी बड़ी नदियां उफान पर, थाइलैंड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुभंकर होंगे भगवान हनुमान, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा से आ रही बस के टक्कर मारने से छ लोगों की मौत और पंचायत चुनाव में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का पलड़ा भारी आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक भास्कर ने पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिली बढ़त को अपनी प्रमुख ख़बर बनाया है. ख़बर के मुताबिक, 2 जिलों को छोड़ कर सभी में ही ममता बनर्जी की पार्टी ने बढ़त बनाई है. वही नतीजों में भाजपा दूसरे स्थान पर है. शुभेंदु अधिकारी के गढ़ में बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया है.
वहीं, भास्कर ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा ईडी निदेशक के सेवा विस्तार पर रोक को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है. कोर्ट ने कहा कि कार्यकाल विस्तार देना सुप्रीम कोर्ट द्वारा पहले दिए गए एक फैसले के खिलाफ है.
इसके अलावा नेपाल में हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 लोगों की मौत, विधि आयोग को समान नागरिक संहिता पर 46 लाख सुझाव मिले, संघ प्रचारकों की वार्षिक बैठक 13 मई से ऊटी में होगी, जीएसटी काउंसिल की बैठक को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
भास्कर ने आज इसरो के चेयरमैन एम सोमनाथ का भी इंटरव्यू प्रकाशित किया है. जिसमें उन्होंने बताया है कि चंद्रयान-2 की आंशिक असफलता के बाद इसरो ने पिछले 4 साल में लगातार ऐसे परीक्षण किए हैंं जिनसे कि हर संभावित खामी से निपटा जा सके.
हिंदुस्तान ने ईडी डायरेक्टर के सेवा विस्तार पर सुप्रीम कोर्ट की रोक को प्रमुख खबर बनाया है. खबर में फैसले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किए गये ट्वीट का भी ज़िक्र है, जिसमें वह लिखते हैं कि यह महत्वपूर्ण नहीं है कि निदेशक कौन है, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई जारी रहेगी. हालांकि इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सेवा विस्तार के लिए किए गए संशोधनों को पूरे तौर से सही ठहराया है.
इसके अलावा जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हो रही सुनवाई को भी अख़बार ने प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा है कि केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 2 अगस्त से रोज़ सुनवाई करेगा.
जीएसटी काउंंसिल की बैठक, मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में 6 की मौत, भारी बारिश से यमुना का जल स्तर बढ़ा, पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में टीएमसी को बढ़त, नेपाल में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से 6 की मौत और कश्मीर घाटी में एनआईए के छापे आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur