Khabar Baazi
रोज़नामचा: शरद-अजित पवार की सियासी लड़ाई और पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन बिल के ड्राफ्ट को मंजूरी बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज महाराष्ट्र में चाचा-भतीजे के बीच चल रही राजनीतिक जंग को पहली सुर्खी बनाया है. जिसमें कहा गया है कि पार्टी में अजित पवार अपने चाचा शरद पवार पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं. मालूम हो कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों ने कल अपनी-अपनी ताकत दिखाने के लिए बैठक बुलाई थी. जिसमें पार्टी के ज्यादातर विधायक अजित पवार के साथ दिखाई दिए.
वहीं, कुछ अख़बारों ने डिजिटल व्यक्तिगत डाटा संरक्षण विधेयक (डिजिटल पर्सनल डाटा प्रोटेक्शन बिल) के मसौदे को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने को भी अहम जगह दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की सुर्खियों पर एक नजर डालते हैं.
दैनिक जागरण ने महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की बगावत को बड़ी सुर्खी बनाया है. जिसमें कहा गया है कि अजित पवार चाचा शरद पर भारी पड़े हैं और उन्होंने अध्यक्ष पद पर भी दावा ठोक दिया है. मालूम हो कि कल दोनों ही गुटों ने पार्टी की बैठक बुलाई थी. जिसमें अजीत के गुट में 32 और शरद के खेमे में मात्र 16 विधायक ही पहुंचे. पार्टी के कुल 53 विधायक हैं. बैठक के बाद अजित पवार ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पार्टी और चिन्ह पर दावा भी किया. साथ ही उन्होंने खुद को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी घोषित कर लिया.
अख़बार ने डिजिटल व्यक्तिगत डाटा संरक्षण विधेयक को मंजूरी, जिसमें बिना अनुमति डाटा शेयरिंग पर रोक रहेगी को भी अहम जगह दी है.
इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की सुगबुगाहट तेज होने, दिल्ली में तीस हजारी कोर्ट में वकीलों में झड़प और हवाई फायरिंग, शिरोमणि अकाली दल द्वारा भाजपा से गठबंधन को लेकर फिर से विचार करने, मणिपुर में दो महीने बाद स्कूल खुलने और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पीएचडी की अनिवार्यता खत्म करने को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
हिंदुस्तान ने भी महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच छिड़ी सियासी लड़ाई को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि महाराष्ट्र में महासियासी ड्रामा हुआ. जिसमें अजित और शरद पवार गुट ने अधिकांश विधायक अपने साथ होने का दावा किया. अख़बार ने लिखा कि अजित पवार ने पार्टी और चुनाव चिन्ह पर दावे को लेकर चुनाव आयोग में भी याचिका दी है.
डाटा प्रोटेक्शन बिल के मसौदे को मंजूरी मिलने और गर्मी के चलते तापमान के विश्व रिकॉर्ड तोड़ने को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है.
इसके अलावा पहले पन्ने पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पीएचडी की अनिवार्यता खत्म करने, सुप्रीम कोर्ट द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ की गिरफ्तारी पर रोक लगाने के अंतरिम आदेश की अवधि बढ़ाने और मिशन चंद्रयान 3 को भी जगह मिली है.
दैनिक भास्कर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर दावे को लेकर अजित और शरद पवार के बीच छिड़ी जंग को पहली सुर्खी बनाया है. भास्कर ने लिखा कि अजित पवार ने खुद को पार्टी का सुप्रीमो का घोषित कर दिया है और शरद पवार से पूछा है कि वे रिटायर क्यों नहीं हो रहे?. भास्कर ने लिखा कि अजित पवार ने मंच से अपनी महत्वाकांक्षा भी बताई और कहा कि वे सीएम बनना चाहते हैं. साथ ही इस पर शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले का जवाब भी है कि हमारा अपमान भले कर लीजिए लेकिन मां-बाप के बारे में वे कुछ गलत सुन नहीं सकती.
आईसीएआई सीए फाइनल और इंटरमीडिएट के नतीजों को भी पहले पन्ने पर प्रमुखता दी गई है. नतीजों में इस बार 13340 छात्र सफल हुए हैं और पिछले 6 अटेम्ट के मुकाबले इस बार सबसे अधिक सीए बने हैं.
इसके अलावा चंद्रयान-3 मिशन, सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम द्वारा दो और जजों की नियुक्ति की सिफारिश और एससीओ शिखर सम्मेलन को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता की बात करें तो अख़बार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के शरद और अजित पवार गुटों के शक्ति प्रदर्शन को अपनी पहली ख़बर बनाया है. अख़बार ने लिखा कि संख्या के खेल में अजित पवार चाचा शरद पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं. अजित गुट की बैठक में 53 में 32 विधायक पहुंचे थे. साथ ही अब दोनों गुटों की लड़ाई निर्वाचन आयोग तक पहुंच गई है. जहां अजित पवार ने खुद को पार्टी का अध्यक्ष बताते हुए पार्टी और निशान दोनों पर दावा ठोका है.
अख़बार ने निजी डाटा प्रोटेक्शन बिल के मसौदे को मंजूरी मिलने को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है. जिसमें आम आदमी को मुआवजे का दावा करने का अधिकार होगा.
इसके अलावा मंत्रिमंडल के फेरबदल की चर्चा के बीच कई मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात, सहायक प्राध्यपक पद के लिए पीएचडी की अनिवार्यता खत्म, सुप्रीम कोर्ट से सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ को राहत, दिल्ली, हरियाणा, यूपी समेत 20 राज्यों में मध्यम बारिश के आसार, खालिस्तानी आतंकी सरगना पन्नू की अमेरिका में कार हादसे में मौत, एम्स के बाहर पुलिस अधिकारी पत्नी द्वारा चार लोगों को कार से टक्कर मारने को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
अख़बार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार किए पाठयक्रम के अनुरूप पहली और दूसरी कक्षा की पुस्तकें जारी किए जाने को भी पहले पेज पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है. जिसमें अख़बार ने लिखा है कि पहली और दूसरी कक्षा की किताबें तैत्तिरीय उपनिषद पर आधारित हैं. जिसमें हिंदी की पुस्तक का नाम सारंगी, अंग्रेजी की पुस्तक का नाम मृदंग और उर्दू की किताब का नाम शहनाई रखा गया है.
अमर उजाला की बात करें तो अख़बार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद और अजित पवार गुट की बैठक को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि एनसीपी में घमासान में अजित के साथ 32 और शरद के साथ 16 विधायक दिखाई दिए. इस दौरान अजित गुट ने पार्टी और चिन्ह पर दावा ठोक दिया और साथ ही शरद पवार को अध्यक्ष पद से भी हटा दिया.
अख़बार ने निजी डाटा प्रोटेक्शन बिल के मसौदे को मंजूरी मिलने को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है. जिसमें कहा गया है कि कानून के मुताबिक अब बच्चों के डाटा तक पहुंचने के लिए माता-पिता की अनुमति लेनी होगी और सोशल मीडिया पर अकाउंट डिलीट किए जाने के बाद कंपनियों के लिए डाटा डिलीट करना अनिवार्य होगा.
इसके अलावा अख़बार ने दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर में फायरिंग, मणिपुर में हिंसा के चलते दो महीने बाद स्कूल खुलने, सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति के लिए पीएचडी की अनिवार्यता खत्म करने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पुर्नविकास का शिलान्यास करने, चंद्रयान-3 और अमेरिकी राजदूत ब्रिजेट ए बिंक के बयान भी पहले पन्ने पर जगह दी है. बिंक ने कहा है कि भारत यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को खत्म कराने में अहम भूमिका निभा सकता है.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
जंतर-मंतर क्यों जरूरी? प्रदर्शन के नए ठिकानों की पड़ताल
-
The myth of the apolitical Indian