Report
भारत जोड़ो यात्रा: इंदौर में म्यूजिक कंसर्ट और राहुल गांधी का मीडिया पर निशाना
कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के 81वें दिन इंदौर में भारी जनसैलाब उमड़ा. भीड़ का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि कार से निकलकर भाषण देने के लिए स्टेज पर पहुंचने में राहुल गांधी को काफी समय लग गया. वहीं माइक से अनाउंसमेंट करना पड़ा कि ‘इंदौर की जनता अपने अनुशासन का परिचय देते हुए राहुल गांधी और कमलनाथ को स्टेज पर आने दें.’
यहां इंदौर के रजवाड़ा में राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित किया. वैसे तो सभा का समय शाम 6 बजे था लेकिन भारी जमावड़े के कारण यह सभा 7 बजे हुई.
मंहगाई, बेरोजगारी, नोटबंदी, जीएसटी इन सभी मुद्दों पर राहुल गांधी ने भाजपा सरकार को घेरा. इस दौरान राहुल ने मीडिया पर भी जमकर निशाना साधा. स्टेज के बाई तरफ खड़े मीडियाकर्मियों की तरफ इशारा करते हुए राहुल ने कहा, “हम प्रेस के मित्रों से जनता के मुद्दे उठाने की बात कहते हैं. हम कहते हैं, जनता के मुद्दे उठाओ, बेरोजगारी की बात करो, किसानों की बात करो, मजदूरों की बात करो और ये कहते हैं, देखो-देखो ऐश्वर्या राय ने क्या कपड़े पहने हुए हैं.”
वह आगे कहते हैं, “इनका (मीडिया) काम जनता से जरूरी मुद्दे हटाने का काम है. मैं आपकी बुराई नहीं कर रहा हूं. लेकिन आपके पीछे लगाम बांध रखी है. ये लोग भारत जोड़ो यात्रा के बारे में भी नहीं बताते हैं. मगर इनकी गलती नहीं है क्योंकि कंट्रोल इनके हाथ में नहीं है.”
राहुल जैसे-जैसे मीडिया पर निशाना साधते हुए अपनी बात कह रहे थे वैसे-वैसे भीड़ उत्साहित हो रही थी और तालियां बजा रही थी.
राहुल गांधी न्यूज़ चैनलों को लेकर कहते हैं, “आप रात को टीवी देखें तो पहले चैनल पर मोदी जी, दूसरे पर मोदी जी, तीसरे पर मोदी जी, चौथे पर मोदी जी, पांचवें पर मोदी जी, छठे पर अमित शाह जी. जहां देखो, कभी अमित शाह जी, कभी योगी जी, कभी शिवराज चौहान जी, कभी मोदी जी, कभी ऐश्वर्या राय, कभी अजय देवगन, मगर किसान का चेहरा, उसके फटे हुए हाथ आपको टेलीविजन पर नहीं दिखने वाले. मजदूरों के आंसू टेलीविजन पर नहीं दिखने वाले.”
राहुल की इस यात्रा में वैसे तो क्षेत्रीय मीडिया पूरे समय साथ रही लेकिन नेशनल मीडिया के कुछ ही चैनल वहां दिखे. मीडिया वैन पर कैमरामैन वीडियो और फोटोग्राफर फोटो ले रहे थे, लेकिन राहुल गांधी के आस-पास किसी भी मीडियाकर्मी को नहीं जाने दिया जा रहा था.
राहुल के आस-पास फोटो या वीडियो बनाने का काम सिर्फ भारत जोड़ो यात्रा में काम कर रही ‘तीन बंदर’ कंपनी की टीम कर रही थी, जिसे कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए हायर किया है. इस टीम के करीब 20-25 सदस्य हैं जो पूरी यात्रा को कवर कर रहे हैं.
एक ओर जहां राहुल गांधी मीडिया पर बात करते हुए बरस रहे थे वहीं जयराम रमेश भी कैंप में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे. इसी दौरान एक पत्रकार से बात करते हुए उन्होंने कहा, “आपका कवरेज हमारे खिलाफ ही क्यों होता है.”
इंदौर में कांग्रेस की यात्रा दो दिन रही, इस दौरान एक बार राऊ में प्रेस कांफ्रेंस हुई और दूसरी बार बरोली गांव, सांवेर में. इस गांव में कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला का फॉर्म हाउस है, जहां दोपहर में यात्रियों के खाने की व्यवस्था भी की गई थी.
तीन घंटे में 10 किलोमीटर की यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा दोपहर में 3:30 बजे राऊ से इंदौर के लिए निकलने वाली थी लेकिन यह चार बजे निकली. जो करीब तीन घंटे में 7 बजे राजवाड़ा चौक पहुंची. यहां करीब 30 मिनट तक राहुल गांधी ने भाषण दिया. इसके बाद यहां से 500 मीटर स्थित चिमनबाग ग्राउंड में राहुल गांधी व अन्य शीर्ष नेतृत्व गाड़ियों से म्यूजिक कंसर्ट में हिस्सा लेने पहुंचा.
राहुल ने अपनी यात्रा में सेना के रिटायर अधिकारियों, छोटी बच्चियों, महिलाओं, सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की. बीच में एक जगह पेंटिग देखने के लिए कुछ समय के लिए भी रूके थे. 10 किलोमीटर की इस भारत जोड़ो यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए.
यात्रा जिस रास्ते से निकल रही थी वहां लोग अपने घरों की छत से भी राहुल गांधी को देख रहे थे. बीच-बीच में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने स्टेज बनाकर उनका स्वागत किया. पूरी यात्रा में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस के कार्यकर्ता थे लेकिन उसके अलावा जो भीड़ थी वह आसपास रहने वाले लोगों की थी.
सामाजिक कार्यकर्ता हर्ष मंदर जो इस यात्रा में शामिल हुए वह कहते हैं, “इस यात्रा में 30-40 प्रतिशत जो लोग आए हैं वह खुद से आए हैं. उन्हें लाया नहीं गया है. वहीं बाकी के लोग कांग्रेस के कार्यकर्ता आदि लोग है.”
म्यूजिक कंसर्ट और मोदी के नारे
कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा अभी तक सात राज्यों से गुजर चुकी है. इस तरह यात्रा में शामिल लोग 2000 किलोमीटर की यात्रा कर इंदौर पहुंचे. इस यात्रा में पहली बार है जब म्यूजिक कंसर्ट हुआ है. कंसर्ट में मशहूर पॉप स्टार और हिप हॉप रैपर डिवाइन और डीजे शामिल हुए.
इंदौर के चिमनबाग ग्राउंड पर हुए इस कंसर्ट में बड़ी संख्या में युवा शामिल थे. क्योंकि यह फ्री कार्यक्रम था इसलिए इसमें शामिल होने वालों की संख्या भी ज्यादा थी. एक बार तो भीड़ बेकाबू होने लगी तो बीच में म्यूजिक को बंद कर दिया गया. राहुल गांधी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत सभी बड़े नेता कंसर्ट में शामिल हुए.
कंसर्ट कराने को लेकर जयराम रमेश कहते हैं, “युवा पीढ़ियों को हम साथ लेकर चलते हैं.” यह पहली बार था जब इस तरह का कंसर्ट कांग्रेस करवा रही थी. इस कार्यक्रम को लेकर एक पत्रकार कहते हैं, “यह कार्यक्रम देखकर लग रहा है कि कांग्रेस को भी इवेंट करना आ गया है.”
कंसर्ट में मंच पर जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी डिवाइन के साथ आए तो युवाओं ने मोदी-मोदी का नारा लगाना शुरू कर दिया. हालांकि राहुल गांधी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और मंच से नीचे उतर गए. कार्यक्रम में बीच-बीच में श्रीराम के भी नारे लगते रहे.
भारत जोड़ो यात्रा 28 नंबवर को इंदौर के बड़ा गणपति से सांवेर के लिए शुरू हुई. उस दौरान भी कुछ युवकों ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए. नारा सुनकर राहुल गांधी वहीं रुक गए. उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों से नारा लगा रहे युवकों को बुलाकर लाने को कहा. यह सुनते ही नारा लगाने वाले युवक भाग गए.
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश में शुरू हुई थी. वहीं 4 दिसंबर को राजस्थान जाने से पहले पदयात्रा मालवा-निमाड़ क्षेत्र में 380 किलोमीट की दूरी तय करेगी.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur