Report
शाहीन बाग में एमसीडी का अतिक्रमण हटाओ अभियान क्यों रहा अधूरा?
दिल्ली के जहांगीरपुरी में बुलडोजर कार्रवाई के बाद सोमवार को शाहीन बाग में अतिक्रमण हटाने के लिए दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) का बुलडोजर पहुंचा. हालांकि स्थानीय लोगों द्वारा भारी हंगामे के बीच बुलडोजर को वापस लौटना पड़ा.
दरअसल हाल ही में जहांगीरपुरी में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर से हुई कार्रवाई के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पूर्वी और दक्षिणी नगर निगम के महापौरों को पत्र लिखकर “रोहिंग्या, बांग्लादेशियों और असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण’’ को समाप्त करने के लिए, इसी तरह का अभियान चलाने के लिए अनुरोध किया था.
इसके बाद से एमसीडी कई दिनों से कार्रवाई करने की प्लानिंग कर रही थी लेकिन पुलिस बल न मिलने के चलते वह टलती गई.
सोमवार को दिल्ली पुलिस से सुरक्षाबल मिलने के बाद एसडीएमसी ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. जसोला, शाहीन बाग और कालिंदी कुंज पार्क के आसपास के इलाकों में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलना था. सुबह 11 बजे एसडीएमसी का एक बुलडोजर शाहीन बाग मार्किट पहुंचा. इस बीच स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया.
लोग बुलडोजर के आगे आकर बैठ गए. इस बीच आम आदमी पार्टी विधायक अमानतुल्ला खान और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अतिक्रमण के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में शामिल हो गए.
मीडिया से बात करते हुए अमानतुल्लाह खान ने कहा, “मेरे अनुरोध पर यहां पहले ही अतिक्रमण हटा लिया गया है. यहां की एक मस्जिद के बाहर ‘वजू खाना’ और शौचालय को पहले ही पुलिस की मौजूदगी में हटाया जा चुका है. पूरी विधानसभा में जहां- जहां अवैध अतिक्रमण है एमसीडी वाले मुझे बता दें. मैं हटवा दूंगा. ये यहां बुलडोजर लाकर राजनीति के लिए शाहीन बाग का माहौल खराब कर रहे हैं.”
एसडीएमसी की टीम बुलडोजर लेकर सबसे पहले एक दुकान के बाहर पहुंची. इस दुकान पर ‘वेन ह्यूसेन’ का बोर्ड लगना था जिसके लिए दुकान के आगे लोहे की रोड से बना एक अस्थाई ढांचा था जिसे हटवा दिया.
इस दुकान के मालिक मोहम्मद अब्बास न्यूज़लॉन्ड्री से कहते हैं, “दुकान के रिनोवेशन के लिए यह ढांचा लगाया था. इसे हटाए जाने के बाद मुझे 20 हजार रूपए का नुकसान हुआ है.”
दो घंटे तक चली कार्रवाई के बाद दोपहर 12:30 बजे एमसीडी कर्मचारियों, दुकानदारों और स्थानीय विधायक के बीच बातचीत हुई जिसके बाद एमसीडी की टीम बुलडोजर लेकर वहां से शांतिपूर्वक चली गई.
इस सबके बीच सुप्रीम कोर्ट ने दोपहर 2 बजे मामले में दायर याचिका पर सुनवाई शुरू की. यह याचिका शाहीन बाग में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने दायर की थी.
सुप्रीम कोर्ट ने सीपीआई (एम) को फटकार लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट राजनीति करने की जगह नहीं है. याचिकाकर्ताओं को पहले हाई कोर्ट जाना चाहिए था. इसके बाद सीपीआई (एम) के वकील ने याचिका वापस ले ली.
35 वर्षीय मोहम्मद जाहिद अहमद की शाहीन बाग में बैग और लगेज की दुकान है. रोज की तरह वह सुबह 10 बजे दुकान पहुंचे. तब उन्हें पता चला कि एसडीएमसी बुलडोजर लेकर अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंचा है. इसके बाद धीरे- धीरे भीड़ बढ़नी शुरू हो गई.
उन्होंने हमसे कहा, “हमें नहीं पता था कि आज बुलडोजर आने वाला है. हमें कोई नोटिस नहीं मिला. यहां वैसे भी कोई अवैध अतिक्रमण नहीं है. कुछ दिन पहले विधायक अमानतुल्लाह खान आए थे. उन्होंने मेन रोड से रेहड़ी- पटरी वालों को दुकानें हटाने का अनुरोध किया था.”
मीडिया से नाराज लोग
शाहीन बाग में हुई कार्रवाई की मीडिया कवरेज से स्थानीय लोग और दुकानदार काफी नाखुश दिखे. इस दौरान उन्होंने “गोदी मीडिया हाय हाय” के नारे लगाए.
जाहिद कहते हैं, “बढ़ती महंगाई, बिजली संकट, ऐसे बहुत अहम मुद्दे हैं जिन पर मीडिया को बात करनी चाहिए. लेकिन ये लोग शाहीन बाग को बदनाम कर रहे हैं और इस मामूली सी कार्रवाई को सांप्रदायिक बना रहे हैं.”
जूते के शोरूम के मालिक आफताब अहमद कहते हैं, “मीडिया वाले तिनके का पहाड़ बना रहे हैं. इसके कारण इलाके की बदनामी होती है. जो लोग शाहीन बाग सामान खरीदने आते हैं वे मीडिया की कवरेज देखकर शायद नहीं आएंगे.”
अतिक्रमण की कार्रवाई पूरी नहीं होने के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पुलिस कमिश्नर और एसडीएमसी के कमिश्नर को चिट्ठी लिखी और कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने शाहीन बाग में बुलडोजर को रोका. उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के लिए कार्रवाई की जाए.
ताजा जानकारी के अनुसार साउथ दिल्ली के मेयर मुकेश सूर्यान ने एमसीडी कमिश्नर को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि वह सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं.
दिल्ली पुलिस से फोर्स मिलने के बाद दक्षिण दिल्ली एमसीडी ने अगले 5 दिनों तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने की तैयारी पूरी कर ली. 11 से 13 मई तक एमसीडी मेहरचंद मार्केट, लोधी कॉलोनी, साईं मंदिर, जेएलएन मेट्रो, इस्कॉन मंदिर, धीरसेन मार्ग, कालका देवी मार्ग और कालिंदी कुंज इलाके में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलाएगा.
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra