Assembly Elections 2022
लाइव: पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम
पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद राज्य के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान गुरुद्वारा पहुंचे.
भगवंत मान, "हम राज्य में सबसे पहले बेरोजगारी दूर करेंगे. हम बच्चों को विदेश जाने से रोकेंगे और अपना घर ठीक करेंगे"
पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत से ज्यादा सीटें जीत गई है. आप ने शाम पांच बजे तक 117 सीटों में से 75 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं 17 पर बढ़त बनाए हुए है. सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी ने अब तक 13 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं 5 पर बढ़त बनाए हुए है.
पंजाब में बुरी तरह से हार पर कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने कहा, ''पंजाब में सरदार चरणजीत सिंह चन्नी जी के रूप में हमने एक विनम्र, स्वच्छ और धरातल से जुड़ा हुआ नेतृत्व देने का प्रयास किया लेकिन, सरदार अमरिंदर सिंह जी के नेतृत्व में साढ़े चार साल की सत्ता विरोधी लहर से नही उबर पाए. जनता ने बदलाव के लिए मतदान किया. हम जनता के इस जनादेश को स्वीकार करते हैं और आम आदमी पार्टी, भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल को मुबारकबाद देते हैं.''
पांच राज्यों के चुनावी नतीजे पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ''चुनाव परिणाम कांग्रेस पार्टी की आशा के विपरीत रहे हैं. हमें उत्तराखंड, गोवा और पंजाब में बेहतर परिणामों की अपेक्षा थी, लेकिन हम ये स्वीकार करते हैं कि हम जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने में असफल रहे.''
फाजिलनगर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव हार गए हैं. मौर्य को भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा ने बड़े अंतर से हराया है. योगी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए हैं. धामी को कांग्रेस नेता भुवन चन्द्र कापड़ी ने हराया है.
भाजपा नेता संगीत सोम सरधना विधानसभा सीट से चुनाव हारे.
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल लांबी विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं. बादल को आम आदमी पार्टी नेता गुरमीत सिंह खुडियां से हार का सामना करना पड़ा है.
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लालकुआं विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं. उन्हें भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से हार मिली है.
पंजाब में आम आदमी पार्टी समर्थकों के साथ न्यूज़लॉन्ड्री संवाददाता अश्वनी कुमार सिंह की बातचीत.
पंजाब के मुख्यमंत्री दोनों सीटों चमकौर साहिब और भदौर विधानसभा से चुनाव हार गए हैं. वह चमकौर साहिब से 4722 वोटों से हार गए हैं जबकि भदौर विधानसभा सीट से 33845 मतों से हार गए हैं. चमकौर साहिब से आम आदमी पार्टी के चरणजीत सिंह और भदौर से आम आदमी पार्टी के लाभ सिंह उगोके ने जीत हासिल की है.
पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत पर भगवंत मान ने लोगों को संबोधित करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा. उन्होंने कहा कि जिन्होंने मुझे वोट नहीं दिया है मैं उनका भी मुख्यमंत्री हूं, बड़े-बड़े नेता हार गए हैं. हम राज्य में सबसे पहले बेरोजगारी दूर करेंगे. ये सरकार गांवों से चलेगी. हम बच्चों को विदेश जाने से रोकेंगे, और अपना घर ठीक करेंगे ताकि बच्चे बाहर पढ़ने न जाएं. आपने समर्थन दिया है लेकिन अब जिम्मेदारी मेरी है. एक महीने में बदलाव दिखने लगेगा. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी दफ्तर में मुख्यमंत्री की फोटो नहीं लगेगी बल्कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की फोटो लगेगी.
उत्तराखंड की खटीमा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी जीत की तरफ बढ़ रहे हैं. यहां राज्य के मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी दूसरे नंबर पर हैं.
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस नेता हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत आगे चल रही हैं. यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी यतीश्वरानन्द दूसरे नंबर पर हैं.
उत्तराखंड की भगवानपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ममता राकेश को 17वें राउंड में आठ हजार वोटों की बढ़त. यहां बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सुबोध राकेश दूसरे नंबर पर है.
गोवा की पणजी विधानसभा सीट से मनोहर पर्रिकर के बेटे निर्दलीय प्रत्याशी उत्पल मनोहर पर्रिकर 716 मतों से हार गए हैं. यहां पर भारतीय जनता पार्टी के अतानासियो मोंसेरात ने जीत हासिल की है.
उत्तराखंड की लालकुआं विधानसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत 13,000 से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं.
मणिपुर की हींनगंग विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नोंथोम्बम बीरेन सिंह भारी मतों से आगे.
उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर की मडिहान विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रमा शंकर सिंह जीत की तरफ बढ़ रहे हैं. यहां बसपा के नरेन्द्र सिंह कुशवाहा दूसरे नंबर पर हैं.
पंजाब की पटियाला विधानसभा सीट से पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अमरिंदर सिंह 13777 वोट से हार गए हैं. यहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली जीत गए हैं.
पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत पर जश्न मनाते आप कार्यकर्ता.
मणिपुर: विषेणपुर से भाजपा के कोन्थौजम गोविन्दास सिंह पहले स्थान पर चल रहे हैं. जनता दल (यूनायटेड) के उम्मीदवार ओइनाम नबकिशोर सिंह 600 वोटों से दूसरे स्थान पर पीछे चल रहे हैं. वहीं इंडियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार निंथौजम जोयकुमार सिंह तीसरे नंबर पर हैं.
उत्तर प्रदेश की चिल्लूपार से भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी आगे. यहां सपा प्रत्याशी विनयशंकर तिवारी दूसरे नंबर पर हैं.
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह- ये जीत दिखाती है कि पंजाब की जनता कितना प्यार करती है.
उत्तर प्रदेश की फाजिलनगर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पीछे चल रहे हैं, यहां भाजपा के सुरेंद्र कुमार कुशवाहा को अब तक 20171 वोट मिले हैं तो मौर्य को 10942 मिले हैं. यहां अब तक 38718 वोटों की गिनती हुई है.
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत लालकुंआ विधानसभा क्षेत्र से पीछे चल रहे हैं.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीछे चल रहे हैं. खटीमा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी को अब तक 4939 वोट तो धामी को 3985 वोट मिले हैं. यहां अब तक 9134 वोटों की गिनती हुई है.
उत्तर प्रदेश की मऊ विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी और सुभासपा गठबंधन के प्रत्याशी अब्बास अंसारी कड़ी टक्कर देते हुए दूसरे नंबर पर चल रहे हैं. यहां करीब एक हजार वोट से भाजपा के अशोक कुमार सिंह आगे हैं.
रामपुर से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान आगे. अब तक 19,511 वोटों की गिनती में खान को 16,840 वोट मिले हैं, वहीं उनके प्रतिद्वंदी भाजपा के आकाश सक्सेना को 1688 वोट मिले हैं.
समाजवादी पार्टी के शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर से आगे. अब तक यहां 30,586 वोटों की गिनती हुई है, जिसमें शिवपाल को 18,789 वोट मिले हैं तो वहीं भाजपा के विवेक शाक्य को 8811 वोट मिले हैं.
गाजीपुर की जहूराबाद सीट पर सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर आगे. यहां दूसरे नंबर पर भाजपा के कालीचरण कड़ी टक्कर दे रहे हैं.
उत्तर प्रदेश की सिराथू विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहले नंबर पर चल रहे हैं. वहीं दूसरे नंबर पर सपा और अपना दल (कमेरावादी) की प्रत्याशी पल्लवी पटेल कड़ी टक्कर दे रही हैं.
गोरखपुर शहर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारी मतों से आगे. सपा की शुभावती शुक्ला दूसरे नंबर पर.
आगरा देहात से भाजपा नेता बेबी रानी मौर्य आगे चल रही हैं. उत्तराखंड का राज्यपाल पद छोड़ चुनाव मैदान में उतरी हैं मौर्य.
पंजाब में 117 सीटों में से 88 पर आम आदमी पार्टी आगे है तो वहीं सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है.
मणिपुर में अब तक 37 सीटों के रुझान आ चुके हैं. बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल (यू) मणिपुर में 4 सीटों पर आगे है. वहीं कांग्रेस पांच सीटों पर आगे और भाजपा 15 सीटों पर आगे है.
पंजाब में आम आदमी पार्टी बहुमत से आगे. 117 सीटों में से 88 पर आम आदमी पार्टी आगे तो वहीं सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस 13 पर आगे है.
रुझानों में उत्तराखंड में भाजपा बहुमत के पार. कुल 60 सीटों पर आए रुझानों में भाजपा 39 पर आगे तो कांग्रेस 17 पर.
यूपी में आए अब तक के रुझानों में बसपा की स्थिति बेहद खराब है. बसपा जहां 4 सीटों पर आगे चल रही है वहीं अपना दल ( सोनेवाल) आठ सीटों पर आगे है.
इलेक्शन कमीशन के मुताबिक अब तक गोवा में 39 सीटों पर आए रुझानों में भाजपा 18 पर तो कांग्रेस पार्टी 12 सीटों पर आगे चल रही है.
इलेक्शन कमीशन में आ रही जानकारी के मुताबिक सुबह दस बजे तक उत्तर प्रदेश में 271 सीटों पर आए रुझान में भाजपा 163 पर तो समाजवादी पार्टी 76 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं बसपा 9 और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे चल रही है.
उत्तराखंड चुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा ने इस वक्त बड़ी बढ़त बना रखी है. पार्टी 44 सीटों पर आगे है वहीं कांग्रेस 21 सीटों पर आगे चल रही है.
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. मतगणना के शुरुआती रुझानों में वह अपनी सीट पर पीछे चल रहे हैं.
न्यूज़-18 की खबर के मुताबिक पंजाब चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भदौर सीट पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीएम कैडिंडेट चरणजीत सिंह चन्नी आम आदमी पार्टी के लाभ सिंह उगोके से काफी पीछे चल रहे हैं.
भगवंत मान के घर पहुंचे जरनैल सिंह, घर के बाहर जुटी भारी भीड़.
शुरुआती रुझानों में पंजाब में आम आदमी पार्टी को बढ़त.
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में हुए चुनवाों की मतगणना शुरू हो चुकी है. अब तक आए रुझानों में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में आगे नजर आ रही है वहीं समाजवादी पार्टी भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही है. चुनावी नतीजों की पल पल अपडेट्स के लिए न्यूज़लॉन्ड्री के साथ बने रहें.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
जंतर-मंतर क्यों जरूरी? प्रदर्शन के नए ठिकानों की पड़ताल
-
The myth of the apolitical Indian