Khabar Baazi
छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने हर दिन विज्ञापन पर खर्च किए लगभग 30 लाख रुपए
छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार अपने प्रचार-प्रसार पर जमकर पैसा बहा रही है. सरकार ने दिसंबर 2018 से नवंबर 2021 तक सभी माध्यमों के जरिए विज्ञापन पर 300 करोड़ से ज्यादा खर्च किए हैं.
छत्तीसगढ़ विधानसभा में बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में सरकार ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए सवाल के जवाब में कहा गया कि तीन सालों के दौरान प्रिंट मीडिया को कुल 1 अरब, 64 करोड़, 90 लाख, 71 हजार, 882 रुपए का विज्ञापन दिया गया. इसमें से वर्गीकृत विज्ञापन के रूप में 48 करोड़, 56 लाख, 61 हजार,010 रुपए और प्रदर्शन विज्ञापन के रूप में 1अरब, 16 करोड, 34 लाख, 10 हजार, 872 रुपए दिए गए.
छत्तीसगढ़ सरकार ने बताया कि तीन सालों में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विज्ञापन पर 90 करोड़, 32 लाख, 73 हजार 151 रुपए खर्च किए गए हैं. जिसमें से समाचार चैनल पर 79 करोड़ रुपए का विज्ञापन दिया गया. वहीं आकाशवाणी और रेडियो पर साढ़े आठ करोड़, केबल टीवी पर 95 लाख और सिनेमा पर एक करोड़ रुपए से ज्यादा का खर्च विज्ञापन के लिए किया गया.
वहीं बघेल सरकार ने सोशल मीडिया पर इन तीन सालों में विज्ञापन पर एक करोड़ 43 लाख 74 हजार 960 रुपए खर्च किए. होर्डिंग्स और डिस्प्ले बोर्ड पर 44 करोड़ से ज्यादा खर्च किया गया.
बीजेपी विधायक ने एक अन्य सवाल में पूछा कि, राज्य के अंदर और राज्य के बाहर विज्ञापन पर सरकार द्वारा कितना खर्च किया गया?
इस प्रश्न का जवाब देते हुए सरकार ने कहा कि राज्य के अंदर 1 दिसंबर 2018 से 31 मार्च 2019 में 16.32 करोड़, 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2020 तक 58.08 करोड़, 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 में 74.88 करोड़ और 1 अप्रैल 2021 से 17 नवंबर 2021 में 40.59 करोड़ रुपए का विज्ञापन दिया गया.
वहीं राज्य के बाहर मीडिया में 1 दिसंबर 2018 से 31 मार्च 2019 में 19.16 करोड, 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2020 में 21.59 करोड़, 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 में 32.04 करोड़ और 1 अप्रैल 2021 से 17 नवंबर 2021 में 16.63 करोड़ रुपए विज्ञापन पर खर्च किए गए.
विधानसभा में विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने इन प्रश्नों के अलावा सरकार से यह भी पूछा की क्या दिसंबर 2018 से नंबवर 2021 तक सरकार विदेशों में भी विज्ञापन राशि जारी की गई. अगर हां तो इसकी जानकारी दी जाए. इस सवाल के जवाब में सरकार ने कहा कि विदेशों में कोई राशि नहीं दी गई है.
बता दें कि यह पहली बार नहीं जब किसी राज्य सरकार ने इतने बड़े पैमाने पर विज्ञापन दिया हो. इससे पहले आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मार्च 2020 से अप्रैल 2021 में सिर्फ टीवी चैनलों पर विज्ञापन के रूप में करीब 160 करोड़ से ज्यादा खर्च किया. योगी सरकार ने इस दौरान ‘नेशनल टीवी न्यूज़ चैनल्स’ को 88.68 करोड़ रुपए और ‘क्षेत्रीय टीवी न्यूज़ चैनल्स’ को 71.63 करोड़ रुपए का विज्ञापन दिया.
इससे पहले बीबीसी की एक खबर के मुताबिक, साल 2014 के बाद से मोदी सरकार ने विज्ञापन पर 5,749 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं.
Also Read
-
From Sittilingi to Sijimali: The doctor Odisha police arrested over anti-mining agitation
-
Awadh ground report: UP’s swing voters speak, from Mohanlalganj to Ayodhya
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
After Uttarakhand, it’s MP: CM Yadav spent Rs 230 cr to sell a Rs 30 lakh cr ‘MoU’ mirage