Khabar Baazi
टीवी पत्रकारिता को एक नए मुकाम पर ले जाते दीपक चौरसिया
न्यूज़ नेशन के सलाहकार संपादक दीपक चौरसिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह सीडीएस बिपिन रावत की मौत के बाद उनसे जुड़ी जानकारी दे रहे हैं. जब वह इस जानकारी को साझा कर रहे थे तब वह वीडियो में बिल्कुल भी सामान्य स्थिति में नहीं दिख रहे थे. वीडियो के वायरल होने पर लोग सोशल मीडिया पर सवाल कर रहे हैं कि क्या दीपक चौरसिया ने शो के दौरान शराब पी रखी थी.
दीपक चौरसिया ‘देश की बहस’ नाम से एक शो करते हैं. यह प्राइम टाइम शो शाम को 8:30 बजे न्यूज़ नेशन पर आता है. 9 दिसंबर की रात को सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत अन्य सैन्य अधिकारियों का शव दिल्ली लाया जा रहा था. यह शो उसी समय का है.
दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर सभी शवों को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था. जहां पीएम नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेता पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे. दीपक चौरसिया ने करीब पांच मिनट ही शो को होस्ट किया. जिसके बाद उन्हें शो से हटा दिया गया.
वीडियो में दिख रहा है कि शो में पहले फुल स्क्रीन पर पालम एयरपोर्ट के दृश्य दिखाए गए. फिर स्क्रीन पर एक छोटे से हिस्से में शो के एंकर दीपक चौरसिया को दिखाया गया. फिर बार-बार फुल स्क्रीन पर पालम एयरपोर्ट की तस्वीरों को दिखाया गया.
दीपक चौरसिया शो में पहले एक ही बात को कई बार दोहराते हैं, फिर वह जनरल रावत के साथ अपनी मुलाकात का जिक्र करते हैं. उसके बाद वह पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह का नाम लेते हैं.
क्या दीपक चौरसिया ने शराब पी रखी थी?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग सवाल कर रहे हैं. जिसमें लोग दीपक को शराब नहीं पीकर शो करने की हिदायत दे रहे हैं. न्यूज़लॉन्ड्री ने पता लगाने की कोशिश की, क्या दीपक चौरसिया ने शो के दौरान शराब पी रखी थी या उनकी तबीयत खराब थी?
न्यूज़ नेशन के कर्मचारियों ने शराब पीने की बात की पुष्टि की है. कर्मचारियों के मुताबिक दीपक चौरसिया इंदौर में अपनी परिवारिक शादी में शरीक होने गए थे. इसी दौरान उन्होंने शराब पी ली. बता दें की दीपक चौरसिया की शादी में नाचते हुए भी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं. खास बात यह है कि दीपक जिन कपड़ों में शादी में दिख रहे हैं वहीं कपड़े पहनकर वह शो में एंकरिंग भी कर रहे हैं.
चैनल में काम करने वाले एक कर्मचारी ने कहा, "दीपक शादी के बाद जब आए तब वह शो नहीं करना चाह रहे थे. लेकिन उन्हें कहा गया कि वह शो करें. दरअसल दीपक चौरसिया कई बार शराब पीकर शो कर चुके हैं, इसलिए चैनल को लगा कि वह शो कर लेगें. लेकिन जब वह सहीं से एंकरिग नहीं कर पा रहे थे तो चैनल ने आनन-फानन में उनकी जगह दूसरे एंकरों को शो जारी रखने की जिम्मेदारी दी.”
कर्मचारी बताते हैं, "दीपक चौरसिया यह शो इंदौर से कर रहे थे. पांच मिनट बाद उन्हें शो में ऑफ एयर करके दिल्ली से दो एंकरों को जोड़ा गया. बाद में इन दोनों ही एंकरों ने शो पूरा किया. जिस हिस्से में दीपक चौरसिया को हटाया गया उस दौरान उन्होंने पीसीआर के कर्मचारियों से दुर्व्यवहार किया. जिसे रिकॉर्ड तो किया गया लेकिन बाद में हटा दिया गया. साथ ही न्यूज़ नेशन के किसी भी प्लेटफॉर्म पर शेयर नहीं किया गया."
नोएडा ऑफिस में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि, इस विषय पर कोई बोलना नहीं चाह रहा है. कर्मचारी के मुताबिक, दीपक चौरसिया को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. हालांकि न्यूज़लॉन्ड्री इस बात की पुष्टि नहीं कर पाया.
न्यूज नेशन ने 10 दिसंबर को दीपक चौरसिया की फोटो के साथ शो का पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया. हालांकि शो शुरू हुआ तो दीपक चौरसिया गायब थे.
भारतीय टीवी मीडिया पर गाली गलौज और अपशब्दों की बाढ़ कई बार देखी जा चुकी है लेकिन यह पहली बार है जब टीवी पर किसी एंकर को इस तरह एंकरिंग करते हुए देखा गया.
13-12-2021 सोमवार को 3:40 PM पर अपडेट किया गया
दीपक चौरसिया ने खुद के वायरल वीडियो पर अपना पक्ष रखा-
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur