Khabar Baazi
जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले पत्रकार के घर पहुंची स्पेशल सेल, कहा- ‘ये देशभक्ति की परीक्षा है'
10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले पुलिस की निगरानी और कथित हिरासत की खबरें सामने आ रही हैं. सोशल मीडिया पर कई लोग दावा कर रहे हैं कि प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका वाले लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है या उन्हें प्रदर्शन से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है. इस बीच, पुलिस की निगरानी के दायरे में पत्रकार भी नजर आ रहे हैं.
शुक्रवार, 9 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे स्पेशल सेल की एक टीम पत्रकार धारण गौड़ के घर पहुंची. धारण फिलहाल डिजिटल मीडिया आउटलेट ‘बोलता हिंदुस्तान’ के साथ जुड़े हैं.
दावा है कि मौजपुर, शाहदरा स्थित धारण के घर पहुंचे स्पेशल सेल के सब-इंस्पेक्टर सुशील त्यागी ने उनसे कहा कि अगर वे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में जाते हैं, तो वहां सतर्क रहें. साथ ही, कोई जानकारी मिलने पर पुलिस को बताएं.
न्यूज़लॉन्ड्री से बात करते हुए धारण कहते हैं, “मुझे समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें मेरे घर का पता कैसे मिला. आज तक न तो मेरा कोई पत्रकार दोस्त और न ही कोई पुलिस वाला मेरे घर आया है. मेरे संस्थान के अलावा मेरे घर का पता किसी के पास नहीं है.”
धारण के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने उनका फोन नंबर भी लिया और कहा कि कोई जानकारी मिलने पर उन्हें बताएं. उन्होंने यह भी कहा कि विभाग को सपोर्ट करना है और यह उनकी देशभक्ति की परीक्षा है.
धारण बताते हैं कि पुलिसकर्मी बार-बार इस बात पर जोर दे रहे थे और जानना चाह रहे थे कि स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं.
इस मामले में न्यूज़लॉन्ड्री ने स्पेशल सेल के सब-इंस्पेक्टर सुशील त्यागी से भी बात की. उन्होंने धारण के घर जाने की बात स्वीकार की, लेकिन कहा कि वे उनसे सामान्य मुलाकात करने पहुंचे थे.
सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछने पर त्यागी ने कहा, “मेरा ऐसा कोई मतलब नहीं है. कोई कहीं जाए, इससे हमें क्या.”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे धारण को पहले से जानते थे तो उन्होंने कहा, “नहीं, नहीं… हम तो बस ऐसे ही चले गए थे, पता करने कि यहां कौन-कौन पत्रकार रहते हैं. क्योंकि हम भी इसी इलाके में तैनात हैं. बाकी कोई कहीं जाए, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है.”
Also Read
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
Will Gen Z vote out the BJP in ’27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
TV Newsance 355 | ‘Aap itne democratic kyun ho gaye?’ Arnab’s Diwali question
-
उत्तराखंड: समय-सीमा खत्म होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने दर्ज की 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां