Report
76 साल के हुए पीएम मोदी: कई अखबारों में एक ही विज्ञापन और विज्ञापननुमा लेख में तारीफों के पुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 76 साल के हो गए हैं. इस मौके पर केंद्र सरकार, भाजपा शासित कई राज्यों और पार्टी संगठन ने महीने भर चलने वाले आयोजनों की तैयारी की है. गुरुवार के अखबारों में इसकी शुरुआत दिखाई दी. कई अखबारों के पहले पन्ने पर खबरों से पहले प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने वाले पेड जैकेट विज्ञापन छपे.
इनमें सबसे ज्यादा अखबारों में छपने वाला विज्ञापन किसी कंपनी ने नहीं, बल्कि शिवसेना और महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से दिया गया था. जिसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी के लिए ‘भारत के मानबिंदु’ और ‘कर्तव्यनिष्ठ प्रधानमंत्री’ जैसे विशेषणों का इस्तेमाल किया है.
इसमें उन्हें “भारत के सर्वाधिक काल तक प्रधानमंत्री पद को सुशोभित करने वाले जनप्रिय, लोकनियुक्त नेता” और “विश्व के 36 राष्ट्रों के सर्वोच्च सम्मानों से अलंकृत” बताया गया है.
यह विज्ञापन अंग्रेजी दैनिक हिंदुस्तान टाइम्स और द टाइम्स ऑफ इंडिया के अलावा हिंदी के प्रमुख अखबारों दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण के दिल्ली संस्करण में देखा जा सकता है.
आइए देश के प्रमुख अखबारों के दिल्ली संस्करण में छपे कुछ और विज्ञापनों पर नजर डालते हैं.
दैनिक भास्कर
हिंदी के प्रमुख अखबार दैनिक भास्कर में आज कुल 20 पेज हैं. जिनमें पहले 6 पन्ने जैकेट के तौर पर शामिल हैं. जैकेट के चौथे और पांचवें पन्ने पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने वाले विज्ञापन शामिल हैं. जिनमें से एक विज्ञापन खुद को छत्तीसगढ़ भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता बताने वाले चंदन और बसंत अग्रवाल ने दिया है. वहीं, दूसरा विज्ञापन महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से है. जिसमें उन्होंने ‘भारत के मानबिंदु’ और ‘कर्तव्यनिष्ठ प्रधानमंत्री’ जैसे विशेषणों का इस्तेमाल किया है.
भास्कर ने विज्ञापनों के अलावा विशेष संस्करण के नाम पर भी एक पन्ना प्रकाशित किया है. जो कि निश्चित तौर पर न तो ख़बर है और न ही कोई आलेख या विज्ञापन लेकिन पाठकों को भ्रम में डालने के लिए उसकी प्रस्तुति काफी अहम है. इस संस्करण में सूरत के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारियों ने नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधे हैं और अखबार ने उन्हें ख़बर का प्रस्तुतिकरण दिया है.
दैनिक जागरण
इसी तरह दैनिक जागरण ने भी 4 अतिरिक्त पन्ने आज प्रकाशित किए हैं. जिनमें जैकेट में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से दिया विज्ञापन प्रकाशित है. इसके अलावा अंदर के पन्नों में उत्तर प्रदेश के सूचना एवं प्रसारण विभाग की ओर से पीएम मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में आयोजित कार्यक्रमों का ब्यौरा छपा है.
अमर उजाला
अमर उजाला में जैकेट के पहले पन्ने पर महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से पूरे पन्ने की विज्ञापनरूपी जन्मदिन की बधाई है तो अंदर के पन्नों में मनोहर लाल ज्वैलर्स और समरकूल ग्रुप के संस्थापक संजीव कुमार गुप्ता की ओर से पूरे पन्ने की जन्मदिन की बधाई है.
इंडियन एक्सप्रेस
द इंडियन एक्सप्रेस ने एक ही तस्वीर को दोहराने के बजाय विज्ञापनों की संख्या बढ़ाने का रास्ता चुना. इसके दिल्ली संस्करण में कम से कम चार अलग-अलग विज्ञापननुमा लेख छपे. इनमें से हर एक पर छोटे अक्षरों में बाकायदा “विज्ञापन लेख” होने की जानकारी थी.
इनमें से एक पूरा जैकेट विज्ञापन हरियाणा के सोहना से भाजपा कार्यकर्ता अशोक सिंह जौनापुरिया की ओर से था. इसका शीर्षक था, “भारत को सबसे ऊपर रखने वाले नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं.” इसमें प्रधानमंत्री की उपलब्धियों का एक स्कोरकार्ड भी दिया गया था. इसमें 57 करोड़ से अधिक जनधन लाभार्थी, “दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था”, डीपीआईआईटी से मान्यता प्राप्त 2.3 लाख से अधिक स्टार्टअप और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में “7 गुना वृद्धि” जैसे आंकड़े शामिल थे.
हर आंकड़े के साथ पीएमजेडीवाई/पीआईबी, डीपीआईआईटी/पीआईबी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय/पीआईबी और आईएमएफ की 2025 वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट का संदर्भ दिया गया थाय इस तरह यह विज्ञापन एक शुभचिंतक के संदेश के रूप में पेश की गई सरकारी प्रेस विज्ञप्ति की तथ्य-पत्रिका जैसा था.
इसी संस्करण में अन्य जगहों पर भी जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ विज्ञापननुमा सामग्री देखने को मिली. कलरा अस्पताल ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ अपने 50 साल के सफर और कार्डियोलॉजी से जुड़ी विशेषज्ञता पर एक प्रमोशनल इंटरव्यू प्रकाशित कराया.
वहीं, दिल्ली बुक स्टोर के मैनेजिंग डायरेक्टर ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कंपनी के प्रोफाइल की ओर रुख किया। इसमें मोदी को “ब्रिक्स समिट की सफलता” के लिए बधाई भी दी गई.
टीडीआई ग्रुप ने “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाओं” के साथ अपने टाउनशिप प्रोजेक्ट का प्रचार किया, जिसमें “43 एकड़ के ग्रीन स्पेस” का दावा किया गया. इसी समूह की ओर से एक अलग विज्ञापननुमा लेख भी प्रकाशित हुआ, जिसका शीर्षक था-“मोदी का खाका: दशकों का शासन और 2047 की ओर रास्ता”
हिंदुस्तान टाइम्स
हिंदुस्तान टाइम्स ने पहले पन्ने पर शिंदे वाला जैकेट विज्ञापन प्रकाशित किया. इसके बाद अखबार के अंदर उत्तर प्रदेश सरकार का “सेवा संकल्प अभियान” विज्ञापन था, जिसमें योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के ऊपर “25 वर्षों की समर्पित जनसेवा” का उल्लेख किया गया था. इसमें वाराणसी में सफाई कर्मचारियों के सम्मान समारोह और वडनगर तक निकाली गई बाइक यात्रा का भी जिक्र था. विज्ञापन के नीचे भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं की पूरी सूची दी गई थी.
इस संस्करण में केंद्र सरकार के दो विज्ञापन और दिल्ली सरकार का एक विज्ञापन भी शामिल था. इनमें से किसी को सीधे तौर पर जन्मदिन की शुभकामना के रूप में पेश नहीं किया गया था, लेकिन दोनों केंद्रीय विज्ञापनों और दिल्ली सरकार के विज्ञापन में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर प्रमुखता से इस्तेमाल की गई थी.
द टाइम्स ऑफ इंडिया
द टाइम्स ऑफ इंडिया के पाठकों को शिंदे के जन्मदिन वाले विज्ञापन तक पहुंचने से पहले सैमसंग के दो विज्ञापन जैकेट मिले, जो अखबार के पहले पन्ने से पहले थे. अंदर के पन्नों में उत्तर प्रदेश सरकार का वही विज्ञापन फिर दिखाई दिया. इसके अलावा, फिनोलेक्स पाइप्स एंड फिटिंग्स की ओर से कंपनी के “45 साल” पूरे होने के मौके पर शुभकामना संदेश भी प्रकाशित किया गया था.
दिलचस्प बात यह रही कि 'द हिंदू' के दिल्ली और चेन्नई, दोनों संस्करणों में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से जुड़े कोई विज्ञापन प्रकाशित नहीं हुए.
सरकारा विज्ञापनों पर हमारी कवरेज देखने के लिए यहां क्लिक करें.
Also Read
-
‘Was just trying to pass water’: Jamia detentions and campus shutdown deepen standoff over union
-
‘Today I only see denuded land’: Mango orchards give way to Adani’s power plant
-
A pristine forest, wildlife, over 32,000 trees at risk: Anger grows over Torrent project in Maharashtra
-
Will Gen Z vote out the BJP in ‘27? Sreenivasan Jain asks UP’s youth
-
The path of Cyclone Arnab went through India’s plans for data centres and future growth